Monday, May 31, 2010

मुख्यमंत्री का किशनगंज में विश्वास यात्रा आज,तैयारी पूर्ण

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विश्वास यात्रा सोमवार को किशनगंज में है। यह जानकारी डीएम फेराक अहमद ने रविवार को दी और बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हेलीकाप्टर से सुबह नौ बजे तुलसिया पहुंचेंगे और गांवों में जाकर आम आदमी का हालचाल लेंगे । इसी क्रम में हाई स्कूल तुलसिया में एक महता सभा को संबोधित मुख्यमंत्री श्री नीतीश संबोधित करेंगे और लगभग 12 बजे किशनगंज जिला मुख्यालय में पहुंचकर पदाधिकारियों के साथ बैठक करके विकास कार्यो की समीक्षा करेंगे।

डीएम फेराक अहमद ने यह भी जानकारी दी कि मुख्यमंत्री श्री कुमार रुईधाशा मैदान में एक साथ 150 योजनाओं को उद्घाटन करने के बाद लगभग तीन बजे एक महती सभा को उद्घाटन स्थल पर ही संबोधित करेंगे जिसकी तैयारी पूर्ण हो चुकी है। इससे पहले एक सवाल पर उन्होंने बताया कि सुरक्षा के लिए बहुआयामी व्यवस्था की गई है। साथ ही शांति व्यवस्था बनी रहे इस हेतु भी पुलिस पदाधिकारियों के साथ वरिष्ठ दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। श्री अहमद ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को ले मुख्य रूप से आरक्षी अधीक्षक डा. चौरसिया चंद्रशेखर आजाद, उपाधीक्षक कामिनी बाला समेत वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारियों, उपविकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी आदि को निर्देशित कर दिया गया है।

दो महीने से बिजली ट्रांसफार्मर खराब , विभाग मौन

मालिनगांव पंचायत अंतर्गत आमबाड़ी टोले में विगत दो महीने पूर्व बिजली ट्रांसफार्मर जलने के बाद भी आज तक इस दिशा में बिजली विभाग कोई कार्रवाई नहीं करने के मूड में दिखाई दे रहा है। फलत: राजीव गांधी विद्युतीकरण के तहत उपभोक्ताओं को अंधेरे में जिंदगी जीनी पड़ रही है। आमबाड़ी के उपभोक्ताओं में इस्लामुद्दीन, अबूल हुसैन, युसूफ, तौहीद आलम के अलावे सरपंच मो. ताजुद्दीन ने विभाग के प्रति घोर आक्रोश व्यक्त करते हुए जानकारी दी कि जले ट्रांसफार्मर को बदलवाने का एक आवेदन जब ठाकुरगंज बिजली कार्यालय में देना चाहा तो कार्यालय में आवेदन स्वीकार के बजाय यहां वहां आवेदन जमा करने का बाट कर हमेशा टाल दिया जाता है। जब सख्ती से आवेदन ग्रामीणों ने जमा लेने का आग्रह किया गया तो तब विभाग ने आवेदन लिया लेकिन कार्रवाई अब तक अधर में है। उधर आक्रोशित ग्रामीणों ने विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर शीघ्र ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो वे आंदोलन को विवश होंगे। इस संबंध में जब इस दिशा में विभाग क्या कार्रवाई कर रही है जिसे जानने क लिए विभाग के सहायक अभियंता से संपर्क साधा तो उनका मोबाइल आफ मिला। वहीं विभागीय सूत्रों ने जले ट्रांसफार्मर की सूचना आगे भेज दी गई की जानकारी दी।

एक वर्ष बाद पहुंची डीडीसी कार्यालय में पीड़ितों की सूची

अग्निपीड़ितों को जिला को आवंटित इंदिरा आवास का तीन प्रतिशत आवास देना है। दस दिन के अंदर सभी को इन्दिरा आवास उपलब्ध करा दिया जाएगा। यह आश्वासन और जानकारी चार मई 2010 को जिला परिषद की बैठक में जिला परिषद के सदस्यों को डीडीसी उमेश कुमार ने देते हुए आश्वस्त किया था कि दस दिनों के अंदर प्रखंड मुख्यालय से अग्निपीड़ित की सूची मांगा ली जाएगी । उन्होंने 23 मई को जानकारी दी कि कोचाधामन के नव पदस्थापित बीडीओ संजय कुमार ने अग्निपीड़ितों की सूची उपलब्ध करा दी है जिस पर कार्रवाई जारी है।

इससे पहले नौ मई 2009 को बीडीओ कोचाधामन ने जानकारी दी थी कि 80 परिवारों को सूची जिला मुख्यालय को आज ही भेज दी जाएगी। गौरतलब है कि गत वर्ष भाजपा प्रदेश किसान मोर्चा के सदस्य सह हिम्ममत नगर के पूर्व मुखिया मशकूर आलम और कांग्रेस नेता सह सांसद सहयोगी सादिक समदानी ने जानकारी दी थी कि बीडीओ अग्नि पीड़ितों की सूची भेजने में विलम्ब कर रहे हैं। साथ ही बताया कि 24 अप्रैल 2009 को दो बजे दिन में मोधो ग्राम में 67 परिवारों का आशियाना के साथ घर-गृहस्थी सारा सामान जल कर राख हो गया था।

इस बावत नौ मई 2009 को बीडीओ अमिन्द कुमार सिंह ने जागरण को जानकारी दी थी कि मोधो में 24 अप्रैल को 67 परिवार व आठ मई को सुन्दरबाड़ी पंचायत में 15 परिवार आगजनी से प्रभावित हुए थे। सभी की सूची बनाकर आज ही जिला मुख्यालय को भेज दी जाएगी है। इससे पहले कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी मौलना अशरारुल हक घटना के ही दिन मौके पर जाकर पीड़ितों के बच्चों को चिलचिलाती धूप बसर करने की जानकारी देते हुए प्राकृतिक आपदा मद से वीपीएल परिवारों को इन्दिरा आवास उपलब्ध कराने का आग्रह बतौर सांसद प्रत्याशी किया था, जिस पर कार्रवाई एक वर्ष बाद शुरू हुई है।

आईआईटी में किशनगंज का एक छात्र उत्तीर्ण

भारतीय प्रौद्योगिक संस्थान (आईआईटी) की संयुक्त परीक्षा (जेईई) में किशनगंज का अशरफ कमाल नसीमी ने सफलता पायी है। नसीमी को 9000वां रैंक हासिल हुआ है। वे कोचाधामन प्रखंड के जनता तेघरिया का निवासी है लेकिन 10+2 एफआईआईटीजीईई न्यू दिल्ली से पास किया है। जबकि मैट्रिक किशनगंज के बाल मंदिर स्कूल से पास किया था। वैसे वसीमी के पिता अररिया जिले के यूबीजी बैंक शाखा सोहन्दर हाट, पलासी में बतौर प्रबंधक पदस्थापित है। जबकि वर्तमान आवास मोहम्मद नगर पश्चिमपाली, किशनगंज में है। इस संबंध में दूरभाष पर वसीमी ने बतायाकि हौसले हों बुलंद तो मंजिल की तरफ बढ़ चलते हैं। उन्होंने बताया कि मन में हो अगर दृढ़ इच्छा शक्ति तो आपके लिए मुश्किल कुछ भी नहीं। अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता को देते हुए कहा कि उनके सपना साकार करना मेरा लक्ष्य था।

रुईधासा में 150 योजनाओं का मुख्यमंत्री करेंगे उद्घाटन

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विश्वास यात्रा ऐतिहासिक रूईधासा मैदान (कैम्पिंग ग्राउंड) में अपराह्न चार बजे होगी । वे करेंगे जनता को सम्बोधित तथा 57 करोड़ तीन लाख की लागत से बने 150 विकास योजनाओं का एक साथ बटन दाब कर करेंगे उद्घाटन। इसके लिए जिला पदाधिकारी फेराक अहमद ने आरक्षी अधीक्षक डा. चौरसिया चंद्रशेखर आजाद,उपाधीक्षक कामिनी बाला समेत सभी प्रमुख पदाधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री की यात्रा पर नजर रख रहे हैं । श्री अहमद ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था में नहीं होगी कोई चूक।

केन्द्रीय विद्यालय के कामरान अफरोज ने प्राप्त किया 94 प्रतिशत अंक

28 मई को सीबीएसई 10 वीं की वार्षिक परीक्षा का परिणाम घोषित होते ही जहां शहर के सभी विद्यार्थियों के बीच बधाई देने की होड़ लगी है। केन्द्रीय विद्यालय बीएसएफ खगड़ा के कमरान अफरोज ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त करके केन्द्रीय विद्यालय बीएसएफ में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया है। केन्द्रीय विद्यालय बीएसएफ और सरस्वती विद्या मन्दिर मोतीबाग के सभी परीक्षार्थी सीबीएसई मैट्रिक परीक्षा में उत्तीण हुए हैं। इससे पहले इम्मानुएल के दसवीं बोर्ड के प्रतिभाशाली विद्यार्थी को भी बधाई देने वाले का भी तांता लगा हुआ है।

 जिसमें माइकल किस्कु 85 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपने स्कूल में कीर्तिमान बनाया हैं इस बालक को गणित में शत प्रतिशत अंक मिला है। स्कूल के 10 वीं बोर्ड परीक्षा में छात्र मन्नवर, मनीष गुप्ता, वकार आजम, महबूब आलम, शमशेर तथा अशरफ का परीक्षाफल भी सराहनीय है। यह जानकारी प्राचार्य सुरेश कुमार दास ने दी। वहीं सरस्वती विधा मंदिर के प्राचार्य ने जानकारी दी कि उनके स्कूल सभी बच्चे सीबीएसई मैट्रिक परीक्षा में उत्तीण हुए जिसमें 90 प्रतिशत अंक सुमित कुमार, तुषार कुमार,अनुपम कुमार सिंह,प्रभात कुमार, अभिषेक कुमार, अभीजीत कुमार,अमित कुमार, तरूण कुमार,मयंक वत्स, ध्रुव चौधरी, संतोष कुमार, राहुल कुमार और अमित कुमार सिंह आदि हैं। वहीं केन्द्रीय विद्यालय खगड़ा के प्राचार्य डा. के.एन.एस यादव ने जानकारी दी उनके यहां सीबीएसई बोर्ड दसवीं की परीक्षा का परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिसमें 20 छात्र और 16 छात्राएं परीक्षा में सम्मिलित हुई थी।

उन्होंने विशेष जानकारी देते हुए बताया कि मोहम्मद कामरान अफरोज 94 प्रतिशत, नफीश फातमा 92 प्रतिशत, शादाब नैयर 90 प्रतिशत, रोनित राय 90 और दीपक झा ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त करके केन्द्रीय विद्यालय खगड़ा बीएसएफ में प्रथम पांच स्थान प्राप्त किया। इससे पहले उन्होंने जानकारी दी कि 11 वीं वाणिज्य वर्ग में प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन 29 मई 2010 से 16 जून 2010 तक होगा। डा. श्री यादव ने स्पष्ट किया कि दसवीं में 50 प्रतिशत मार्क के साथ उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं ही आवेदन कर सकेंगे। उन्होंने जानकारी दी कि सीबीएसई के विद्यार्थियों प्राथमिकता दी जाएगी।

Friday, May 28, 2010

विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति : डीएम

गुरुवार को आयोजित विशेष बैठक में मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए बहुआयामी व्यवस्था की गई है। साथ ही पूरे जिले में शांति व्यवस्था बनी रहे इस हेतु भी पुलिस पदाधिकारियों के साथ वरिष्ठ दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। यह जानकारी जिला पदाधिकारी फेराक अहमद ने दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री को विश्वास यात्रा के दिघलबैंक के तुलसिया आदि क्षेत्रों में तथा किशनगंज परिसदन रूईधासा मैदान आदि में विधि व्यवस्था सुव्यवस्थित हो, इस दिशा में सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। श्री अहमद ने बताया कि आज की बैठक में मुख्य रूप से आरक्षी अधीक्षक डा. चौरसिया चंद्रशेखर आजाद, उपाधीक्षक कामिनी बाला समेत वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारियों, उपविकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।

इसी अवसर पर आयोजित फाइलेरिया उन्मूलन की बैठक में जिलाधिकारी फेराक अहमद ने सिविल सर्जन आई.डी.रंजन समेत सभी संबंधित चिकित्सकों को निर्देशित किया कि वे जिले में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम को निष्ठा के साथ गति प्रदान करें तथा पीड़ितों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करायें। इसके पूर्व जिलाधिकारी ने मानव व्यापार विरोधी समिति की बैठक में पारिवारिक हिंसा, सामाजिक हिंसा, आर्थिक हिंसा की शिकार बीस चयनित महिलाओं को दो हजार से छह हजार रुपये तक की सरकारी सहायता देने का निर्णय लिया। इस अवसर पर इस समिति की सचिव एवं राहत संस्था क संचालिका फरजाना बेगम ने इस संबंध में विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत किया तथा बताया कि मई 2010 तक ऐसी कुल 504 महिलाओं के मामले सामने आये हैं। जिनमें से 480 का निष्पादन हो चुका है। उन्होंने बताया कि मानव व्यापार की शिकार अथवा रेडलाइट एरिया के वैसे उपेक्षित 5 वर्ष तक के बच्चों को पांच हजार रुपया की सहयोग राशि देने पर भी विचार हुआ।

मुख्यमंत्री पोशाक योजना की राशि वितरित

ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत पेटभरी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार को डुमरिया पंचायत की मुखिया श्रीमती आसिया खातून ने सरपंच तजेमुल हुसैन, समाजसेवी मुजीब खां, अताउर्रहमान, जैनूल खां, भवेश चंद्र सिन्हा, सुकूमार सिन्हा की उपस्थिति में मुख्यमंत्री पोशाक योजना की राशि वर्ग 4 एवं 5 के छात्रों को प्रति छात्र पांच पांच सौ रुपये नगद प्रदान किया। इस दौरान विद्यालय परिसर की चहारदीवारी को लेकर सभी लोग चिंतित दिखे । मुखिया व सरपंच सहित समाजसेवी मुजीब खां ने विद्यालय में चहारदीवारी की निर्माण पर आवश्यकता जताते हुए विभाग से आग्रह किया है कि बच्चों को सुरक्षित शिक्षा मिले जिसके लिए इसके निर्माण की आवश्यकता है। फिलहाल वर्ग से पांच तक की पढ़ाई होने वाली प्रा. विद्यालय पेटभरी चारदीवारी बिना चारागाह बना हुआ है। इस अवसर पर प्रधान शिक्षिका जाशेदा खातून, शिक्षक लकी अनवर, सहरीला खातून, राशिदा उपस्थित थी।

भारत निर्माण का अभियान है स्वाभिमान यात्रा : योगगुरु बाबा रामदेव

भारत निर्माण का अभियान है स्वाभिमान यात्रा। भारत निर्माण में योग की होगी महत्वपूर्ण भूमिका। योग से ही स्वस्थ तन, स्वस्थ मन, स्वस्थ चिंतन एवं सबल राष्ट्र का निर्माण संभव है। इसके लिए भारतीयों को स्वयं जगना होगा। अपने में आत्मबल का संचार करना होगा। इन विचारों को वाणी दी है योग गुरु बाबा रामदेव ने। योगगुरु गुरुवार को बैंगलोर से बालूरघाट (पश्चिम बंगाल) जाने के क्रम में किशनगंज के बाल मंदिर में एक महती सभा में किशनगंज वासियों को योग की महत्ता एवं व्यक्ति की क्षमता से अवगत करा रहे थे।

 उन्होंने कहा कि अगले दो तीन वर्षो में भारत की राजनीति में आयेगा भूचाल और तब वैसी स्थिति आयेगी, 'जब भारत' जो कि आबादी की दृष्टि से सबसे बड़ा दूसरा देव है विश्व का करेगा नेतृत्व। योगगुरु ने कहा कि जिस दिन भारत से भ्रष्टाचार खत्म हो जायेगा, विदेशों में जमा भारतीयों का पैसा भारत आ जायेगा उसके बाद भारत विश्व की सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति के रूप में उभर कर आयेगा और तब संयुक्त राष्ट्र संघ, डब्लूएचओ जैसे अंतर्राष्ट्रीय संस्थाओं का बनेगा केन्द्र।

 उन्होंने कहा कि एक जमाना था जब कि आर्थिक दृष्टि से भारत सबसे संपन राष्ट्र था, आज सबसे अधिक विपन्न है। भारत पहले सबसे शक्तिशाली देश था, आज शक्तिहीन हो गया है, ज्ञान के क्षेत्र में भारत नेतृत्व करता था, आज पीछे है लेकिन स्वाभिमान यात्रा की सफलता के बाद अगले दो तीन वर्षो में भारत में आयेगी जबर्दस्त क्रांति एवं बदल जायेगा भारत की नक्शा। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सदियों में विदेशी लोगों ने शासक बनकर हमें लूटा अब वे व्यापारी बनकर लूट रहे हैं और परोक्ष रूप से हमारे देश में आज भी ब्रिटिश रुल है।

उनके समय में बने सभी कानून आज भी उसी प्रकार प्रभावी है। उन्होंने कहा कि अज्ञानता हमारा सबसे बड़ा शत्रु है और सुखों के भूल में है ज्ञान। उन्होंने आत्मबली, ज्ञानी एवं चरित्रवान बनने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के आयोजन में गोविन्द अग्रवाल, पवन अग्रवाल, एमजीएम कालेज के मुख्य सचिव युगलकिशोर तोषणीवाल, उप मुख्य पार्षद त्रिलोक चन्द्र जैन तथा मारवाड़ी युवा मंच के सैकड़ों कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विशिष्ट श्रोताओं में विधान पार्षद डा. दिलीप कुमार जायसवाल भी मौजूद थे।

Thursday, May 27, 2010

रेल यात्रियों की परेशानी दूर करेंगे एनएफ रेलवे हाकर्स यूनियन : पवन

एनएफ रेलवे हाकर्स यूनियन ने स्थानीय रेलवे मजदूर यूनियन के प्रांगण में एकजुट होकर एक विशाल सभा की तथा रेलयात्रियों के साथ भाईचारे का संबंध स्थापित करने तथा आपात स्थिति में रेल यात्रियों को हरसंभव सहायता करने का पूर्ण भरोसा दिया। उन्होंने रेलवे बोगी में पानी तथा साफ सफाई एवं दुर्घटना के समय मदद करने व अपने साथ फस्ट एड की सुविधा मुहैया कराने एवं इसकी सूचना रेल प्रशासन को उपलब्ध कराने का वचन दिया।

इस विशाल सभा में मुख्य अतिथि के रूप में किशनगंज नगर परिषद के उपाध्यक्ष त्रिलोकचंद जैन उपस्थित थे। उन्होंने भी हाकर्स एवं रेलयात्रियों के बीच मधुर संबंध बनाये रखने का स्वागत किया और इस नेक काम में साथ देने का भरोसा दिया। वहीं रेलवे यूनियन हाकर्स यूनियन के सचिव पवन सिंह ने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि इससे रेल यात्रियों की परेशानी यथा संभव दूर होगी। इस अवसर पर जिन लोगों ने विचाराभिव्यक्ति की उनमें प्रमुख हैं रेलवे यूनियन हाकर्स यूनियन के अध्यक्ष हरेंन्द्र यादव एवं चंद्रदेव सिंह, शंकर साहा, दिलीप मंडल आदि। जिन लोगों की उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही उनमें प्रमुख हैं मुन्ना यादव, गणेश ठाकुर, अर्जुन , दिवेश, मो. आजाद, रामपुकार के साथ सैकड़ों की संख्या में एनजीपी, किशनगंज, बारसोई, मालदा के हाकर्स सदस्य मौजूद थे।

मुख्यमंत्री तीव्र बीज विस्तार योजना के तहत 148 किसान हुए लाभान्वित

जिला पदाधिकारी फेराक अहमद ने मुख्यमंत्री तीव्र विस्तार योजना के तहत किशनगंज प्रखंड के 148 किसानों को आधा मूल्य पर 6-6 किलो धान का आधार बीज प्रदान किया। उन्होंने किसानों का आह्वान किया कि वे जमकर खेती करें, आधार बीज को लेकर उन्नत बीज का उत्पादन करें एवं अपनी तथा अपने अपने गांव की आर्थिक स्थिति में सुधार लावें। इस अवसर पर उपविकास आयुक्त समेत जिले के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे। इसी अवसर पर उपस्थित जिला कृषि पदाधिकारी संतलाल प्रसाद ने जानकारी दी कि जिले के प्रत्येक राजस्व गांव में दो दो चयनित किसानों को 6-6 किलो आधार बीज का पैकेट आधा मूल्य पर उपलब्ध होगा। एक किलो आधार बीज का मूल्य है 24 रुपये जबकि आधा मूल्य पर 6 किलो का पैकेट उन्हें मात्र 72 रुपये में उपलब्ध होगा।

 श्री प्रसाद ने बताया कि जिले में कुल 773 गांव हैं। प्रत्येक गांव से दो दो चयनित किसानों को ही आधा मूल्य पर आधार बीज उपलब्ध होगा। जिले के कुल 1546 किसान इसका लाभ उठायेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री बीज ग्राम योजना के तहत प्रत्येक प्रखंड चार चार गांवों के एक एक सौ किसानों को भी धान का आधार बीज आधा मूल्य पर 6 किलो के पैकेट में उपलब्ध होगा। एक पैकेट का मूल्य है 72 रुपये। उन्होंने भी आभार व्यक्त किया कि उन्नत बीज के सहारे जिले के किसान धान की खेती में से अच्छी तरह लाभान्वित होंगे। उनकी आर्थिक स्थिति में आ जायेगा उनके मनोनुकूल सुधार।

भूमि माफिया के षडयंत्र का शिकार बनी बेवस विधवा

जिले के दिघलबैंक प्रखंड अंतर्गत फर्जी केवाला की शिकार बनी एक बेवस बिधवा। यह तथ्य तब प्रकाश में आया जब गत सोमवार को बिधवा उर्मिला देवी पति स्व. सुन्दर लाल सिंह ने न्याय हेतु जिला पदाधिकारी को इस आशय का आवेदन के साथ फर्जी केवाला की सच्ची प्रति समर्पित कर उचित कार्रवाई की मांग की। जिला पदाधिकारी फेराक अहमद ने उसकी तकलीफ को शिदद से महसूस करते हुए सभी साक्ष्यों का अवलोकन के उपरांत सीओ दिघलबैंक, भूमि सुधार उप समाहर्ता, किशनगंज को समुचित कार्रवाई हेतु कठोर निर्देश अपने पत्रांक - 425 दिनांक- 24 मई 2010 को जारी किए।

उल्लेखनीय है कि मुसामात उर्मिला देवी पति स्व. सुन्दर लाल सिंह साकिन दिघलबैंक अपने बच्चों के साथ रोजी-रोटी की तलाश में जालंधर चली गई थी। उसके पति के नाम से खरीदगी केवाला है और अद्यतन मालगुजारी रशीद भी प्राप्त है। बाहर रहने के कारण जमीन को बटाई पर लगा दी थी और बीच-बीच में आकर फसल बेच कर चली जाती थी। दिघलबैंक के कुछ दबंग लोग औने-पौने दाम में रजिस्ट्री करने हेतु दबाव भी बनाया था। जिसको पीड़िता ने बेचने से इंकार कर दिया। पीड़िता के जालंधर जाने के उपरांत उक्त भूमि को उसके सौतेले देवर जो कि वर्तमान में नेपाल में रहता है उससे केवाला संख्या 3428, 3429 व 3430 दिनांक - 05-05-10 को बहादुरगंज निबंधन कार्यालय में रजिस्ट्री करा लिया। जबकि जमीन पीड़िता के पति स्व. सुन्दर लाल सिंह के नाम से खरीदगी केवाला है।

 इस तथ्य की जानकारी गांव आने पर जब मुसमात उर्मिला देवी को हुई तब उसके पैर के नीचे से जमीन खिसक गई। उसके पति की जिन्दगी भर की कमाई लुट चुकी थी। उधर अंचलाधिकारी दिघलबैंक रमण कुमार सिंह ने जिला पदाधिकारी के आदेश मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित हलका कर्मचारी को उक्त तीनों केबाला का मोटेशन नहीं करने का निर्देश दिया है।

योग गुरू बाबा रामदेव का आगमन आज

योग गुरू बाबा रामदेव का शुभ आगमन आज । वे स्थानीय बाल मंदिर सीनियर सैकेंण्ड्री स्कूल के प्रागंण में किशनगंज वासियों को करेंगे संबोधित एवं योग की महत्ता करायेंगे अवगत। किशनगंज के इतिहास में यह पहला और स्वर्णिम अवसर है कि योग गुरू बाबा रामदेव का आगमन हो रहा है। यह जानकारी किशनगंज नगर परिषद के उपाध्यक्ष त्रिलोक चन्द्र जैन ने दी। उन्होंने बताया कि योग गुरू बाबा रामदेव भारत स्वाभिमान यात्रा की महत्ता से भी किशनगंज वासियों को करायेंगे अवगत।

श्री जैन ने बताया कि गोविन्द अग्रवाल एवं पवन अग्रवाल के वर्षो के सतत प्रयास का परिणाम है योग गुरू बाबा रामदेव का शुभ आगमन हो रहा है किशनगंज की धरती पर। वे वायु मार्ग से बागडोगरा आयेंगे। वहां से सड़क मार्ग से बालुरघाट जाने के क्रम में किशनगंज रूकेंगे। वे अपराह्न चार बजे किशनगंज पहुंचेंगे और छह बजे बालूरघाट के लिए प्रस्थान कर जायेंगे। इस कार्यक्रम को सफल एवं यादगार बनाने के लिए गोविन्द अग्रवाल, पवन अग्रवाल के साथ-साथ मारवाड़ी युवा मंच के सभी सदस्य सक्रिय हैं। श्री जैन ने बताया कि किशगनंज जैसे पिछड़े एवं अशिक्षित इलाके में जहां उदर रोग, हृदय रोग समेत कई रोगों से किशनगंज वासी पीड़ित हैं और इनका सफल इलाज योग द्वारा ही संभव है। अत: किशनगंजवासी उनसे आग्रह करेंगे कि वे किशनगंज पुन: आकर योग शिविर लगाए एवं यहां की जनता का वांछित कल्याण करें।


Wednesday, May 26, 2010

150 योजनाओं का मुख्यमंत्री करेंगे उद्घाटन-शिलान्यास : डीएम

57 करोड़ तीन लाख की योजनाओं का बटन दबा कर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे उद्घाटन नहीं होगा किसी भी योजना का शिलान्यास। यह जानकारी जिला पदाधिकारी फेराक अहमद ने दी। श्री अहमद मंगलवार को मुख्यमंत्री की विश्वास यात्रा के आलोक में जिला के सभी विभागों के वरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक में भाग लेने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने बताया कि रूईधासा किशनगंज के मैदान में आयोजित जनसभा के दौरान वे मुख्यमंत्री को जिला के विकास कार्यक्रमों से अवगत करावेंगे तथा मुख्यमंत्री किशनगंज जिला में पूर्ण हो चुकी 57 करोड़ तीन लाख की 150 योजनाओं का एक मुश्त उद्घाटन बटन दबा कर करेंगे ।

उन्होंने बताया कि जिले के सभी वरीय पदाधिकारियों एवं विभागीय प्रधानों को निर्देशित कर दिया गया है कि वे अपने अपने विभागों के सारे लंबित कार्यो का पूर्ण एवं जन शिकायतों का समाधान 27 मई के पूर्व पूरा कर लें। 27 मई को पुन: होगी समीक्षात्मक बैठक। आज की बैठक में जिनकी उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही उनमें प्रमुख हैं उपविकास आयुक्त उमेश कुमार सिंह, सिविल सर्जन आई. डी. रंजन, जिला शिक्षा पदाधिकारी चंद्रानन मंडल, जिला शिक्षा अधीक्षक रवीन्द्र शर्मा, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के निदेशक व्यासमूनि प्रधान, विशेष कार्य पदाधिकारी उदयशंकर चौधरी, विद्युत विभाग, भवन निर्माण विभाग, पथ निर्माण विभाग, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी राहत संस्था की फरजाना बेगम एवं मिल्ली फाउंडेशन के अंजार आदि।

अवैध वाहन चालक व अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज

स्थानीय कैलटैक्स चौक के समीप सोमवार की देर रात को राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर कथित पुलिस द्वारा अवैध वसूली किए जाने को ले आक्रोशित लोगों ने एक मोटर साइकिल को आग के हवाले कर दिया और एक पुलिस कर्मी की धुनाई कर दी। हालांकि भीड़-भाड़ व अंधेरा का फायदा उठाकर पुलिसकर्मी भाग निकला। जबकि आक्रोशित लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 31 को जाम कर दिया। गश्ती दल के इंचार्ज बी.एल.यादव ने दल-बल के साथ भीड़ को समझा-बुझाकर जाम हटा दिया और जली हुई मोटर को अपने कब्जे में ले लिया। श्री यादव के लिखित बयान पर कांड संख्या 141/10 भादवि धारा 143 तहत अज्ञात वाहन चालक और अज्ञात लोगों के खिलाफ टाउन थाना किशनगंज में प्राथमिकी दर्ज करायी गई है। हालांकि समाचार प्रेषण तक मोटर साइकिल पर दावा पेश नहीं किया है।

वहीं आक्रोशित लोगों का कहना है कि शहर में गश्ती कम राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर छोटे-बड़े वाहनों से अवैध वसूली ज्यादा होता है। दिन हो रात किशनगंज से गुजरने वाले वाहन चालकों से पुलिसिया रोब दिखा लूटते है। खासकर मछली, मवेशी, हरी सब्जी, चमड़ा व विदेशी सुपाड़ी लदा ट्रकों पर तथा कथित पुलिस कर्मी की पैनी नजर रहता है और उससे मोटा वसूली करता है।


माकपा अखिल भारतीय किसान महासभा का आक्रोश, प्रदर्शन

माकपा (माले) अखिल भारतीय किसान महासभा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जिनमें काफी संख्या में महिलाएं भी शामिल थी। मंगलवार को समाहरणालय के मुख्य द्वार पर किया आक्रोश पूर्व प्रदर्शन। उन्होंने बताया कि 25 मई को वे नक्सलबाड़ी दिवस भूमि मुक्ति दिवस के रूप में मनाते हैं तथा अपनी मांगों की पूर्ति हेतु जिला प्रशासन के समक्ष प्रदर्शन करते हैं। इस अवसर पर जिन वक्ताओं ने अपने विचारों को आक्रोशपूर्ण वाणी प्रदान की उनमें मुख्य हैं किसान महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य कामरेड पवित्र सिंह, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य कामरेड शिवसागर शर्मा, माकपा के राज्य कार्यकारिणी सदस्य कामरेउ पंकज कुमार सिंह, जिला समिति सदस्य कामरेड इस्लामुद्दीन। उन्होंने अपने आक्रोशपूर्ण वक्तव्यों के द्वारा जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करते हुए कहा कि किशनगंज जिला में उत्तरोत्तर रूप से भूमाफियों का वर्चस्व बढ़ता जा रहा है, वे सरकारी गैर सरकारी, गरीबों, दलितों एवं पिछड़ों की जमीन पर जबरन कब्जा करते जा रहे हैं। किशनगंज का ढ़ेकसरा मौजा, पोठिया, दिघलबैंक, कोचाधामन, ठाकुरगंज, बहादुरगंज, टेढ़ागाछ सहित पूरे जिला में भूमाफियों का वर्चस्व बढ़ता जा रहा है। कमजोर वर्ग के लोग बेदखल हो रहे हैं अपनी ही जमीन से। उन्होंने बताया कि माकपा 25 मई 2010 को नक्सलबाड़ी की 43 वीं दिवस नक्सलबाड़ी दिवस भू मुक्ति दिवस के रूप में मनाते हैं।

विश्वास यात्रा को ले सुरक्षा के पुख्ता इंतेजाम

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तुलसिया में आयोजित होने वाली विश्वास यात्रा के दौरान स्थानीय रूईधासा मैदान में निर्धारित सभा स्थल का जायजा मंगलवार को डीआईजी पूर्णियां अमित कुमर ने लिया और सुरक्षा इंतेजाम को एससपी से मंत्रणा की। श्री कुमार ने सीएम के सुरक्षा को फुलप्रूफ बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। रूईधासा मैदान का परिक्रमा करने के उपरांत आरक्षी अधीक्षक डा. चौरसिया चन्द्रशेखर आजाद को कई निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीपीओ कामिनी बाला, जिला मुख्यालय डीएसपी के अलावे अन्य पुलिस पदाधिकारी व थानाध्यक्ष मौजूद थे।

Tuesday, May 25, 2010

मुख्यमंत्री विश्वास यात्रा का कार्यक्रम, तैयारिया पूर्ण

किशनगंज में मुख्यमंत्री का काम होगा जरा हटके जिसके लिए युद्धस्तर पर तैयारियां हो रही है। सारे पदाधिकारी अपने अपने विभागों के कार्यो के लंबित कार्यो को संपन्न कराने में लगे हुए हैं। तुलसिया के जिस प्रोजेक्ट स्कूल के प्रांगण में वे उतरेंगे तथा उसका निरीक्षण कर सकते हैं, उसे दुल्हन की तरह सजाने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है। यह जानकारी जिला पदाधिकारी फेराक अहमद ने दी। श्री अहमद सोमवार को मुख्यमंत्री की विश्वास यात्रा के संबंध में पत्रकारों को जानकारी दे रहे थे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगभग 9 बजे तुलसिया के प्रोजेक्ट स्कूल में उतरेंगे। तुलसिया में ही वे संभव है स्वयं सहायता समूहों के कार्यकलापों की समीक्षा करेंगे, वे लगभग साढ़े ग्यारह बजे तक तुलसिया में रहेंगे। वहां से वे किशनगंज आएंगे। किशनगंज परिसदन में वे पदाधिकारियों से डेढ़ बजे से साढ़े तीन बजे तक मिलेंगे, उनके कार्यो की समीक्षा करेंगे उसके बाद लगभग चार बजे स्थानीय कैम्पिंग ग्राउंड मैदान में जनसभा को सम्बोधित करेंगे। वहीं पर जिला प्रशासन की ओर से जिलाधिकारी जिला के संबंध में रिपोर्ट कार्ड पेश करेंगे। जनसभा के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रात्रि विश्राम करेंगे जिसके लिए परिसदन को भी सुसज्जित किया जा रहा है।

डीएम ने किया नगर में कोर बैंकिंग सेवा का उद्घाटन

स्थानीय सेंट्रल बैंक के परिसर में बतौर मुख्य अतिथि जिला पदाधिकारी फेराक अहमद ने कोर बैकिंग सेवा का उद्घाटन ंकिया। इस अवसर पर एसडीओ किशनगंज सियाराम सिंह सहित दर्जनों विशिष्ट जन मौजूद थे। इस मौके पर क्षेत्रीय प्रबंधक एन.के. प्रसाद ने पत्रकारों को जानकारी दी कि उनके क्षेत्रीय अधिकार में चार जिला पूर्णिया, कटिहार, अररिया तथा किशनगंज है। जिसमें स्थित दस शाखाओं में कोर बैंकिंग सेवा उपलब्ध है । किशनगंज में यह सुविधा उपलब्ध हो जाने से ग्यारह शाखा हो गई है जिससे किसी भी शाखा में राशि, ड्राफ्ट जमा कर कुछ ही घंटों में अंतराल में निकासी किया जा सकता है। इस दौरान जिला पदाधिकारी फेराक अहमद, शाखा प्रबंधक एम.ए.आलम, अनुमंडलीय पदाधिकारी सियाराम सिंह, समाजसेवी हाजी अब्दुस सुभान, नौशाद अली, अंजार हाजी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

डीआईजी ने पौधा रोपकर किया वृक्षारोपण का शुभारंभ

उप महानिरीक्षक बीएसएफ एम.एफ. खान और समादेष्टा एस.के. सिंह ने सोमवार को स्थानीय बीएसएफ खगड़ा के परिसर में एक-एक वृक्ष लगाकर वृक्षारोपण कार्यक्रम की शुरूआत की। उन्होंने बताया कि आज के भौतिकवादी युग में लोगों ने अपने स्वार्थ के लिए जंगलों का विनाश करना शुरू कर दिया है। बढ़ते वाहन और कल कारखानों के धुंए ने वायु प्रदूषण की समस्या उत्पन्न कर दी है। आज से 10 वर्ष पहले किशनगंज को बिहार का चेरापूंजी कहा जाता था। लेकिन अभी वर्षा कम होने की आशंका जतायी जाती है। इस तरह की विषम परिस्थितियों को देखते हुए हमलोगों ने वृक्षारोपण कार्यक्रम को चलाया। ताकि भविष्य में हमसे हमारा अधिकार और मानव जीवन और सुन्दर हो। इससे पहले उन्होंने बताया कि वृक्षों में कदम, वण नीम, एकेशिया, सफेदा, आम जैसे वृक्षों को लगाया जाएगा। ये वृक्ष बड़े होकर फल और छाया तो देंगे ही इसके साथ साथ वायु प्रदूषण से होने वाले अनेकों बीमारियों से लोगों को निजात दिलायेंगे। ये वृक्ष बड़े होकर सीमा सुरक्षा बल खगड़ा के सौन्दर्यीकरण में चार चांद भी लगाएंगे।