Showing posts with label kishanganj bi. Show all posts
Showing posts with label kishanganj bi. Show all posts

Friday, February 20, 2009

एसपी नायक के कार्य में प्रोफेशनलिज्म झलकता है : जिलाधिकारी

एसपी एम।आर.नायक अपराधों पर लगाम ही नहीं लगाये बल्कि पुलिस के प्रति समाज की सोच को बदलने का भी प्रयास किये। इसी का परिणाम है कि जिले में अपराध का ग्राफ काफी घटा और पुलिस की प्रतिष्ठा समाज में बढ़ी।

किसी भी मामले में एसपी द्वारा की गयी त्वरित कार्रवाई से आम लोगों को न्याय मिलने लगा और इसके कारण अपराधियों में हड़कंप भी मचा। इनके कार्यो में प्रोफेशनलिज्म झलकता है। एकाएक स्थानान्तरण की खबर से वे इस बात को लेकर दुखी है कि इस अभियान में उन्हे एसपी श्री नायक का साथ छूट गया। मगर तेज तर्रार एसपी एम।आर.नायक ने किशनगंज में जो कार्य किया है वह उनकी उपलब्धियों में शुमार होगा। उक्त बातें एसपी श्री नायक की विदाई समारोह में जिलाधिकारी फेराक अहमद ने कही। वे बुधवार की रात स्थानीय सरावगी अतिथि सदन में आयोजित विदाई समारोह में बाले रहे थे।
श्री अहमद उनके विनोदी स्वभाव की चर्चा करते हुए कुछ छुए-अनछूए पहलुओं पर भी प्रकाश डाला। वहीं एसडीपीओ रविश कुमार ने एसपी श्री नायक को कुशल प्रशासक बताया। उन्होंने उन्हे पुलिस महकमे का एक अच्छा अभिभावक भी बताया। श्री कुमार ने कहा कि उन्होंने पुलिस को अनुशासन और क‌र्त्तव्य का पाठ पढ़ाया, जिससे विधि-व्यवस्था दुरूस्त बनी रही। अंत में एसपी एम।आर.नायक ने कहा कि किशनगंज की अवाम ही शांतिप्रिय है।
इसलिए यहां पुलिस को ज्यादा हाथ-पैर मारने की जरूरत ही नहीं पड़ती। उन्होंने कहा कि वे समाज में पुलिस के प्रति सोच बदलने का प्रयास किये और इसमें उन्हे सफलता भी मिली। इस मौके पर डा.दिलीप कुमार जायसवाल, नप उपाध्यक्ष त्रिलोक चन्द्र जैन, युगल किशोर तोषणीवाल ने भी अपने उद्गार व्यक्त किए। समारोह में टाउन थानाध्यक्ष टी.पी.सिंह ने अभिनंदन पत्र पढ़ा। इस मौके पर सभी सर्किल इंस्पेक्टर व थानाध्यक्ष मौजूद थे।

नूरी कांफ्रेंस: अहले सुबह तक जमे रहे श्रोता-गण

स्थानीय प्रखंड क्षेत्र स्थित महानंदा पुल के निकट विशाल उपवन के सुरम्य वातावरण में आयोजित दो दिवसीय नूरी कांफ्रेंस 19 फरवरी को भोर में समाप्त हो गया। इस अवसर पर तकरीर सुनने वालों की भारी भीड़ उमड़ी जिससे मजलिस के बाहर मेला का माहौल दिख रहा था। इस अवसर पर आयीं दर्जनों दुकानों पर रात भर चहल-पहल थी ।
मंच और मजलिस में मौजूद हजारों लोग मौलाना अखलाकुल कादिरी की जोरदार तकरीर सुनकर नारा लगाने को मजबूर थे। यह जानकारी देते हुए स्थानीय प्रमुख प्रतिनिधि मुश्ताक आलम ने बताया कि तकरीर की सबसे बड़ी विशेषता थी भोर होने तक श्रोताओं की भीड़ मौजूद रहना। उन्होंने बताया कि श्री कादिरी के अलावा मौलाना जियाउद्दीन साहेब भुवनेश्वरी व मौलाना मुजफ्फर हुसैन बाईसी भी तकरीर -कर्ताओं श्रोताओं प्रभावित किया। स्थानीय प्रतिभाओं को भी लोगों ने ध्यान से सुना ।
उन्होंने बताया कि तकरीर के दौरान शांति व्यवस्था बनाएं रखने के लिए महिलाओं और पुरुषों को बैठने के लिए अलग-अलग व्यवस्था मौजूद। गौरतलब है कि महानंदा पुल के पास स्थित विशाल उपवन में 25 वर्ष के बाद इतना विशाल नूरी कांफ्रेंस का आयोजन दूसरी बार यहां किया गया ।

दोषी व्यक्ति के खिलाफ सी.सी.ए की कार्रवाई होगी- डीएम

पश्चिम पाली की कान्ता दफ्तरी ने 19 फरवरी को जिलाधिकारी को उनके कक्ष में बताया कि वे विधवा है,लगभग बेसहारा है लेकिन भूमाफिया का दल जबरन उनके खिलाफ षडयंत्र रचकर उनकी जमीन हड़पना चाहते है। यही जमीन उनकी जीविका का सहारा है। उन्होंने अपने आवेदन में कुछ भूमाफिया के नामों का भी उल्लेख किया है।
उन्होंने डीएम से मांग की कि उन्हे सुशासन में न्याय मिलना चाहिए। यह जानकारी स्वयं जिलाधिकारी फेराक अहमद ने दी। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि वे उनके आवेदन को उचित कार्रवाई हेतु उचित स्थान पर अग्रसारित करते हुए पदाधिकारी को निर्देशित किया है कि वे जल्द से जल्द उचित कार्रवाई करे। उन्होंने फरियादी को भी निर्देशित कर दिया है कि वे थाना में एफ. आई. आर दर्ज कर उसकी प्रति उन्हे दें ,वे दोषियों के खिलाफ सी.सी.ए के तहत कार्रवाई करेगे।

डीएम के जनता दरबार में 16 मामले निष्पादित

डीएम के जनता दरबार में वृहस्पतिवार को 16 मामलों का निष्पादन किया गया। यह जानकारी स्वयं जिलाधिकारी फेराक अहमद ने दी। श्री अहमद जनता दरबार के बाद 19 फरवरी को जागरण से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि जनता दरबार में अधिकांश मामले भूमि विवाद को लेकर थे। जिसे संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को उचित कार्रवाई हेतु निर्देशित कर दिया गया है।
जिलाधिकारी श्री अहमद ने बताया कि एक मामला विकलांग को पेंशन देने के संबंध में भी था, उस हेतु भी आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। डीएम श्री अहमद ने कहा कि उनका हर संभव यही प्रयास रहता है कि वे अपने स्तर से सभी मामलों को देखे ताकि किसी को कोई शिकायत न रहे।

ट्रांसफार्मर तोड़कर कीमती सामान की चोरी

स्थानीय थाना क्षेत्र के पोठीमारी जागीर गांव में बुधवार की रात्रि को सड़क के किनारे खड़े पोल पर से चोरों ने ट्रांसफार्मर को उतारकर, उसे तोड़कर और उसका कीमती सामान चुरा लिया। यह जानकारी कोचाधामन पुलिस को ग्रामीणों ने दिया और बताया कि छह माह पहले राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना के अन्तर्गत गांव में पोल,तार और ट्रांसफार्मर लगाया गया था, सभी लोग विद्युत आपूर्ति की बाट जोह रहे थे कि यह घटना घट गई ।
ग्रामीणों ने पावर कारपोरेशन आफ इंडिया के स्थानीय पदाधिकारियों का ध्यान चोरी की तरफ आकर्षित करते हुए नया ट्रंासफार्मर पोठीमारी गांव में लगवाने की मांग की और आशंका जताई की कि चोरों को पकड़कर जेल नहीं भेजा गया तो इस प्रकार की और वारदात क्षेत्र में घट सकती है।

अविश्वास प्रस्ताव लाने के मुहिम में जुटा प्रमुख विरोधी गुट, सतर्क

स्थानीय प्रखंड क्षेत्र में प्रखंड प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर राजनीति गरमा गई है। बहुत ही सतर्क कदम प्रमुख विरोधी गुट द्वारा उठाया जा रहा है। सूत्रों ने अपना नाम तक बताने से इंकार कर दिया है। स्थानीय बीडीओ राजकुमार पोद्दार ने इस प्रकार की किसी भी जानकारी से स्वयं को अनभिज्ञ बताते हुए कहा कि अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए बैठक बुलाने का प्रावधान है,जो प्रखंड प्रमुख को सूचित किए बिना संभव ही नहीं है।
ऐसा प्रस्ताव आने के एक सप्ताह के अन्दर प्रमुख को बैठक बुलानी पड़ेगी। वहीं प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि शमीम ने ऐसी किसी भी जानकारी से अनभिज्ञता प्रकट की । इससे पहले विपक्ष ने दावा किया कि उनके गुट में 18 से अधिक पंचायत समिति सदस्य है। फिलहाल अविश्वास लाने की तैयारी का दावा करने वाले अपने नाम तक को उजागर करने से परहेज कर रहे हैं। इस सन्दर्भ में समय ही बताएगा कि सत्य क्या है और ऊंट किस करवट बैठेगा।