Showing posts with label kishanganj bihar. Show all posts
Showing posts with label kishanganj bihar. Show all posts

Friday, November 13, 2009

अच्छी बैंकिंग व्यवस्था से विकास कार्यक्रमों को गति मिलती है : डीएम

आज भारत की बैंकिंग व्यवस्था विकास कार्यक्रमों को गति प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है, राष्ट्र के विशेष रूप से पिछड़े ग्रामीण इलाकों के विकास में उनका सहयोगात्मक रवैया आवश्यक है। ये अल्फाज हैं डीएम फेराक अहमद के। श्री अहमद 12 नवम्बर को भगत टोली रोड स्थित इंडियन बैंक की शाखा का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन करने के बाद उपस्थित जनसमूह को एवं बैंकिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने इंडियन बैंक के प्रबंधक का आह्वान किया कि वे आप हमारे क्षेत्र के विकास में हमें सहयोग दें, हम आपको सहयोग देंगे।

इसी अवसर पर उन्होंने इंडियन बैंक को जिला प्रशासन की ओर से विकास कार्यो के लिए 54 लाख रुपये की सहयोगात्मक जमा राशि देने की घोषणा की। श्री अहमद ने उन्हें बताया कि आप किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड में एसजीएसवाई योजना के तहत ऋण प्रदान करें एवं शहरी क्षेत्र में एटीएम केन्द्र खोलें। इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य प्रबंधक इंडियन बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक, पटना से आये वरीय प्रबंधक, नगर परिषद की अध्यक्ष शिबिया देवी, उपाध्यक्ष त्रिलोकचंद जैन, दफ्तरी टी स्टेट के संस्थापक महाप्रबंधक राजकरण दफ्तरी, जदयू के जिलाध्यक्ष बुलंद अख्तर हाशमी समेत कई महत्वपूर्ण हस्तियां मौजूद थी। प्रारंभ में किशनगंज इंडियन बैंक के शाखा प्रबंधक नागमणि ने आगत अतिथियों का स्वागत किया।

गरीब उन्मूलन का अनाज नहीं पहुंचा प्रखंड में, हाहाकार

महंगाई से परेशान गरीबों को नहीं मिला है जुलाई 2009 से अनाज। बच्चो को भूखा सोते देखकर गरीब परिवार त्राहिमाम कर रहे हैं। इन लोगों ने जन वितरण प्रणाली पर कालाबाजारी का आरोप लगाया है। सूत्र बताते हैं कि कूपन का वितरण किये बिना ही टेढ़ागाछ में गरीबी उन्मूलन मद का अनाज डीलरों को दिया गया है जिसे अधिकांश ऊंचे भाव पर बाजार में ले जाकर डीलर सेंक लिये हैं। यह भी आरोप है कि नये धान के आवक के बाद चावल सस्ता होने पर डीलर कूपन आधारित अनाज का वितरण करेंगे। जानकारी के मुताबिक प्रखंड क्षेत्र में जुलाई 09 से बीपीएल के अनाज का वितरण नहीं होने से गरीबों में हाहाकार मचा हुआ है। उनके बच्चे भूख से परेशान और आधा पेट खाकर गुजारा कर रहे हैं। गौरतलब हो कि कूपन वितरण की जिम्मेवारी सरकारी महकमा से लेकर मुखिया, पंचायत सचिव, वार्ड सदस्य आदि की बनती है। उन लोगों के गलती का खामियाजा बेबश, लाचार, गरीब क्यों भुगत रहा है और खाद्यान्न के लिए पंचायत प्रखंड का चक्कर क्यों लगा रहा है।

खगड़ा मेला में अमेरिका की 179 वर्ष पुरानी कंपनी जान डीयर का लगा है स्टाल

स्थानीय खगड़ा स्टेडियम में गुरुवार से शुरू हुआ दो दिवसीय मेला में बीस से अधिक स्टाल लगे हुए हैं, जिसमें 179 वर्ष पुरानी टै्रक्टर बनाने वाली अमेरिकी कंपनी जान डीयर का भी स्टाल है। यह जानकारी मौके पर देते हुए स्थानीय डीलर सह डेरामारी के मुखिया प्रतिनिधि शाहबाज आलम ने बताया कि इसका भारत देश में भी प्लांट है, जो पूना में है और स्थानीय एजेंसी मस्तान चौक, बहादुरगंज पथ बगलबाड़ी में है। इस मौके पर क्षेत्रीय रिटेल मैनेजर राजकुमार भी किसानों को जान डीयर टै्रक्टर की जानकारी दे रहे थे।
मेला की दूसरी उल्लेखनीय विशेषता शहर के नामचीन अधिवक्ता शिशिर कुमार सिन्हा की पत्नी श्रीमती वैजयंती दास द्वारा न्यू ग्रोमर फूड एण्ड फ्लावर नर्सरी द्वारा लगाया गया खूब सुरत पौधों से सजे बागवानी का स्टाल है। इसी प्रकार दिघलबैंक की पूर्व प्रमुख श्रीमती पूनम द्वारा पूनम ट्रेडिंग के बैनर तले लगाया गया पावर ट्रिलर और विविध कृषि यंत्रों का स्टाल भी दे रहा है नारी सशक्तीकरण का संकेत। मेला की इसके अलावा सबसे बड़ी उपलब्धि उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक झाला, प्रखंड टेढ़ागाछ के शाखा प्रबन्धक डी। मिस्त्री द्वारा एक ट्रैक्टर व चार पावर टिलर की बिक्री रही।
मेला की अन्य विशेषताओं में विधान परिषद डा।दिलीप कुमार जायसवाल, जिला परिषद अध्यक्ष फैयाज आलम, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सिबिया देवी व अध्यक्ष प्रतिनिधि सह राजद नेता देवन यादव, नप उपाध्यक्ष त्रिलोक चन्द्र जैन आदि का स्टालों पर घूमकर अवलोकन करते हुए जानकारी प्राप्त करना था। इस दौरान लगभग सभी स्टालों पर किसानों की भीड़ उमड़ रही थी। श्रींची पावर टिलर अस्पताल रोड किशनगंज, अमित मशीनरी स्टोर गांधी चौक, किशनगंज, सलपान स्टोर चूड़ीपंट्टी , पारस टाटा केमिकल्स केलटैक्स चौक, भारत बीज भंडार चूड़ी पंट्टी, शालीमार शीड कंपनी चूड़ीपंट्टी, विशाल सीड्स कंपनी चूड़ीपंट्टी, मेसर्स किसान सेवा केन्द्र पौआखाली, ठाकुरगंज, गब्य विकास कार्यालय किशनगंज, केन्द्रीय रेशम बोर्ड किशनगंज, ओरियंटल बैंक आफ कामर्स किशनगंज, दी पूर्णिया डिस्ट्रिक सेन्ट्रल कोआपरेटिव बैंक लिमिटेड, जिला मत्स्य कार्यालय किशनगंज द्वारा दिया जा रहा मत्स्य बीज हैचरी का निर्माण के लिए 1.20 लाख अनुदान किसानों को प्रेरणा प्रदान कर रहा था।

खगड़ा मेला इन विषेशताओं के साथ भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा द्वारा मौके पर 11 केसीसी ऋण की स्वीकृति व बिहार भू जल सिंचाई योजना के अन्तर्गत 22।5 हजार रुपए अनुदान आधारित नलकूप की जानकारी से भी लाभान्वित हो रहा है । इलाहाबाद बैक गांधी चौक व महीनगांव की ब्रांच के द्वारा भी जानकारी विविध जानकारी मुहैया कराई जा रही है। आत्मा द्वारा बीच उपचार के उपाय और अनुदान, पशु संसाधन विभाग का स्टाल, अनमोल वर्मी कम्पोस्ट खाद के निर्माता मो. शोयेब आलम, निवासी चुरली , प्रखंड ठाकुरगंज द्वारा लगाया गया स्टाल, प्रमोद अग्रवाल द्वारा तुलसी के पौधे में रोग दूर करने की क्षमता का प्रचार, सोनम इन्टर प्राइजेज हाजीपुर का स्टाल, बाली जी सीड्स ठाकुरगंज, बिहार एड्स नियंत्रण समिति का स्टाल, राजेन्द्र कृषि विश्वविद्यालय द्वारा लगाया गया स्टाल, एस्कार्ट परिवार किशनगंज का स्टाल, जय माता दी नर्सरी पोठिया ठेंका भींजा हवाई अड़्डा, फ्लोरा पेरनिक नर्सरी, हीरोहोन्डा के बगल सुभाषपल्ली व हेलाल टै्रक्टर एक मोटर्स चुड़ीपंट्टी के स्टाल पर किसानों को मांगी गई जानकारियां दी जा रही हैं।

Thursday, November 12, 2009

गरीब नवाज एक्सप्रेस में नशा खिलाकर एक लाख की लूट

जिले के बहादुरगंज प्रखंड के डोहर ग्राम पंचायत के मोहम्मद हलीम, कोचाधामन प्रखंड के बीरपुर निवासी मो. मनोहर तथा कटिहार जिले के लाभा के चार युवक मो. गफ्फार, मो. सोहेबुर, मोकिम व परवेज को नशाखुरानी गिरोह ने बुधवार को शिकार बनाया है। ये लोग गरीब नवाज एक्सप्रेस में बैठकर दिल्ली से बकरीद का त्योहार मनाने के लिए घर आ रहे थे। सभी को स्थानीय सदर अस्पताल में जीआरपी ने भर्ती कराया है। लगभग एक लाख रुपए की सम्पत्ति सहित नगदी नशाखुरानी गिरोह के सदस्य ले गए हीं। रेलवे पुलिस 70 हजारी की चोरी दर्ज की है।। जानकारी के मुताबिक अपने घर जा रहे इन लोगों को कटिहार से पहले गिरोह के सदस्यों ने चाय में नशा की दवा मिलाकर उनका सारा सामान लेकर फरार हो गये। उन सभी को किशनगंज में आरपीएफ ने ट्रेन से बेहोशी हालात में उतारकर सदर अस्पताल में उचित चिकित्सा हेतु भेज भर्ती कराया है।

प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता व वालीबाल में एसएससी की टीम ने मारी बाजी

जिले के सभी प्रखंडों में एक साथ 11 नवम्बर को पंचायत युवा क्रीड़ा एवं खेल अभियान के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिसमें ठेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र में 100 मीटर में पिंकी कुमारी मध्य विद्यालय टेढ़ागाछ, 200 मीटर में ममता कुमारी ठाकुरगंज उच्च विद्यालय टेढ़ागाछ, 400 मीटर में पिंकी कुमारी मध्य विद्यालय टेढ़ागाछ, 800 मीटर में एनसी बेगम उच्च विद्यालय टेढ़ागाछ, ऊंची कूंद में अरसदी आरा एसएसीस टेढ़ागाछ ने बाजी मारी। वहीं बालक वर्ग में 100 मीटर में अली राजा एसएससी, 200 मीटर में मो। परवेज आलम उच्च विद्यालय टेढ़ागाछ, 400 मीटर में मो। नाजिर आलम, उच्च विद्यालय टेढ़ागाछ, 800 मीटर में पंकज कुमारी सिंह उच्च विद्यालय टेढ़ागाछ, 1500 मीटर में अमृत कुमार साह उच्च विद्यालय टेढ़ागाछ, लम्बी कूद में मनोज कुमार सिन्हा उच्च विद्यालय टेढ़ागा, ऊंची कूद में शंकर कुमार रजक उच्च विद्यालय टेढ़ागाछ, सातफूट में नैयर आलम उ.वि.टेढ़ागाछ, जेवलिंग में बाबर उ.वि.टेढ़ागाछ, बालीबाल में एसएससी की टीम विजेता हुई। रनर टीम हाईस्कूल टेढ़ागाछ बनी। इससे पहले उद्घाटन मैच की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख इसमाइल आजाद ने किया। संचालन मो. सिद्दीक आलम प्रधानाध्यापक उच्च विद्यालय टेढ़ागाछ व शारीरिक शिक्षक उदय कुमार झा ने किया।


बहादुरगंज जासं के अनुसार उच्च विद्यालय तुलसिया के खेल मैदान में प्रखंड स्तरीय पंचायत युवा क्रीड़ा खेल अभियान पाईका खेल 2009-10 का आयोजन किया गया जिसका उद्घाटन विधायक मो. तौसीफ आलम ने किया। विधायक ने इस मौके पर फूटबाल खेल की शुरूआत किया और कहा कि खेलकूद पढ़ाई का एक अंग है । इस मौके पर विद्यालय का प्रधानाध्यापक मो. जफरउद्दीन, जगदेव प्रसाद सिन्हा, चौहान अरुण कुमार, मो. फैयाज आलम, महमूद आलम हाशमी के अलावे आदर्श मध्य विद्यालय तुलसिया के प्रधानाध्यापक विष्णु देव शर्मा, आनंदी प्रसाद सिन्हा, विरेन्द्र कुमार सिन्हा, मो. जमील अख्तर सादिक, अरविन्द कुमार, अम्बिका प्रसाद झा, मध्य विद्यालय टप्पू हाट के सहायक शिक्षक मो. एहतशाम, कुमारी नीलम, मध्य विद्यालय हरुआडांगा के स.शि. लखीराम हांसदा, प्रोजेक्ट बालिका उ.वि. तुलसिया के प्रधानाध्यापक भगवान भगत के अलावे तकिया जनताहाट के शुजाउद्दीन, रइस अहमद, मो. हसनैन, मो. गुलाम आदि गणमान्य ग्रामीण उपस्थित थे।

प्रखंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता आसियाना ने मारी बाजी

स्थानीय सोन्था उच्च विद्यालय में बुधवार को आयोजित पाइका प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख दयानंद मंडल ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल से मानसिक शक्ति और आत्मविश्वास में वृद्धि होती है। प्रत्येक बच्चे को अपने रूचि के खेल में भाग लेना चाहिए। इसके बाद बालिका वर्ग के 100 मीटर में आसियाना प्रवीण प्रथम, जेबानाज द्वितीय, नुरचश्म आरा तृतीय, 200 मीटर बालिका में आसियाना प्रवीण प्रथम, नुरचश्म आरा द्वितीय, जेवा नाज तृतीय, 400 मीटर बालिका दौड़ में आसियाना प्रवीण प्रथम, नुरचश्म आरा द्वितीय, जेबानाज तृतीय, 100 मीटर बालक वर्ग में रईस रेजा प्रथम, मो. दिलबहार द्वितीय, आसिफ अनवर तृतीय, 200 मीटर बालक वर्ग में फजले रब्बी प्रथम, दिलबहार द्वितीय, रईस रजा तृतीय, 400 मीटर बालक वर्ग में मो. आजाद आलम प्रथम, आसिफ अनवर द्वितीय, सोहेल तृतीय स्थान पर रहे।

प्रत्येक माह दो बार लगेगा शिविर व होगा इंदिरा आवास का वितरण

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बुधवार को प्रखंड मुख्यालय के टाउन हाल में पंचायत समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख चंदना सिन्हा ने की, जबकि बैठक में पंचायत समिति के कार्यपालक पदाधिकारी सह बीडीओ प्रहलाद लाल भी उपस्थित थे। भारी गहमा-गहमी के बीच संपन्न बैठक में करीब दस प्रस्ताव पारित किये गये। इस संबंध में प्रखंड प्रमुख श्रीमति सिन्हा ने जानकारी दी कि प्रखंड मुख्यालय के प्रांगण में प्रत्येक माह के पन्द्रह व तीस तारीख को शिविर लगाकर इंदिरा आवास का पासबुक लाभुकों के बीच वितरण करने का प्रस्ताव मुख्य है।

इसके अलावे प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में तीन वर्ष से अधिक समय से जमे हुए पंचायत सेवकों के तबादले का प्रस्ताव लिया गया है। साथ ही आंगनबाड़ी केन्द्रों के पोषाहार वितरण पंजी पर मुखिया व पंचायत समिति सदस्य के बारे में सम्पुष्टि का भी प्रस्ताव शामिल है। बारहवीं वित्त आयोग की शेष बची राशि से चापाकल क्रय कर वितरण किये जाने का प्रस्ताव भी लिया गया। बैठक में उपप्रमुख अयाज अहमद, सपन सिन्हा, अमल प्रसाद उर्फ भोला , दयामन बसाक, असदरेज, जमशेद आलम, अख्तरी बेगम, असमत अंजूम, रिजवान आलम, फरहमान आलम, मुखिया तौफीक आलम, अंजीला बेगम, रुस्तम अली, जमील अख्तर, नईमउद्दीन, सिफिक आलम सहित विभागीय पदाधिकारी मौजूद थे।

बीएसएनएल उपभोक्ता विभाग की कार्यप्रणाली से परेशान

बीएसएनएल उपभोक्ता इन दिनों विभाग के कार्यप्रणाली से परेशान हैं। अपने परेशानी से निजात पाने के लिए दर्जनों उपभोक्ता या तो अपना फोन विभाग को वापस कर दिया है या फिर फोन वापस करने की तैयारी में हैं। छैतल पंचायत में रूईधासा में स्थित टावर की जानकारी देते हुए मोबाइल उपभोक्ता जुबैर आलम 9430581705, मकबुल आलम 9430549926, शोएब आलम 9470868165, सईद अख्तर 9470245444, मो। आजम 9430553941 सहिअ अन्य उपभोक्ताओं ने बताया कि रूईधासा में बीएसएनएल मोबाइल टावर अकसर गड़बड़ी के कारण छतरगाछ, पोठिया, खजुरबाड़ी या ठाकुरबाड़ी टावर मिलता है जिसके चलते बात तो नहीं हो पाती है।
वहीं लैंड लाइन के उपभोक्ता नुर मोहम्मद कासीबाड़ी, मो. सरीक कासीबाड़ी, सिराजुल कोचभीट्ठा, मो. अयुब झाड़बाड़ी एवं अर्जुन पासवान आदि उपभोक्ताओं ने विभाग के कार्य प्रणाली पर अंगूली उठाते हुए अपना अपना फोन विभाग को जमा कर दिया है। इस संबंध में जब दूरभाष विभाग के अधिकारी शम्सजेड ने बताया कि फोन वापस करने वाले उपभोक्ताओं के विषय में मै नहीं बता सकता। जहां तक रूईधासा टावर की बात है तो है तो वह टावर चल रहा है। श्री जेड ने बताया कि चार माह पूर्व टावर का जेनरेटर जल गया था,छोटे जेनरेटर से काम चलाया जा रहा है।

Wednesday, November 11, 2009

पचास लाख की हेरोइन प्रकरण में फंसे एसएसबी जवान

एसएसबी के अज्ञात जवानों ने ठाकुरगंज के तीन नागरिकों के साथ मिलकर मुझे हेरोइन तस्करी में फंसा दिया है। कुर्लीकोट थाना में छह नवम्बर को 50 लाख हेरोइन के साथ गिरफ्तार तस्कर के इस बयान पर नौ नम्बर को एसएसबी के अज्ञात जवानों सहित ठाकुरगंज के तीन नागरिकों पर षडयंत्र सहित कई आरोप की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार बंगाल के निर्दोष नागरिक को मारपीट कर मादक पदार्थ के साथ झूठा केश में फंसाने का षडयंत्र रचने के आरोप में कुर्लीकोर्ट पुलिस ने कांड संख्या 218 दिनांक 09।11।09 अंकित किया है। इस कांड में एसएसबी के अज्ञात कर्मी तथा तीन नागरिकों को अभियुक्त बनाया गया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि उत्तर बंगाल के पानी खुआगच्छ निवासी सुभाष विश्वास ने पुलिस को अपने बयान में बताया है कि वह निर्दोष है तथा एसएसबी के जवान तथा कर्मियों ने ठाकुरगंज निवासी तापस माइति, महतो तथा जाहिदुल इस्लामपुर निवासी ने 3.11.09 को मोबाइल संख्या 9563030044 पर इस्लामपुर बस स्टैंड पर बुलाया तथा एक झोला देकर कहा कि वे लोग बाहर जा रहे है, इसे ठाकुरगंज पहुंचा देना। उन्होंने कहा कि वे झोला को ठाकुरगंज पहुंचा दिये। इसके बाद छह नवम्बर को टेलीफोन से ठाकुरगंज आने को कहा और बस पकड़कर ठाकुरगंज मैं जा रहा था कि रास्ते में भाड़ा कम देने के कारण चेचुआबाड़ी मोड़ पर बस परिचालक ने मुझे उतार दिया।
उन्होंने कहा कि टेलीफोन से ये सूचना देने पर तीनों लोग लाल रंग का बोलेरो गाड़ी भेजे और मादक पदार्थ के साथ झूठा केस में फंसाने के लिए पावर हाउस के पास से गिरफ्तारी दिखा दी। पुलिस ने पीड़ित के बयान तथा वरीय पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में कांड संख्या 218/07 दिनांक 9.11.09 धारा 323, 341, 342, 504, 506,420, 120 भादवि तथा एनडरीपीएस एक्त 22/23 के अंतर्गत अंकित किया है जिसमें एसएसबी के अज्ञात जवान व ठाकुरगंज के नागरिक तापस मायति, महतो(जैसा की प्राथमिकी दर्ज है) तथा जाहिदुल को अभियुक्त बनाया गया है। कांड का अनुसंधान थानाध्यक्ष शिवशरण साह स्वयं करेंगे।

शिक्षा: करोड़ों की संपत्ति से संपन्न खगड़ा स्कूल विपन्न

एक करोड़ रुपए मूल्य के भूमि से संपन्न प्राथमिक विद्यालय खगड़ा में भेड़ की तरह छात्र-छात्राएं बैठते हैं। गर्मी में तो बच्चों की सांस फूलने लगती है और शिक्षक तथा शिक्षिकाओं का दम। यह जानकारी अभिभावकों ने दी और मौके पर मंगलवार को इसकी पुष्टि भी हुई। नगर परिषद क्षेत्र किशनगंज में स्थित प्राथमिक विद्यालय पुराना खगड़ा के पास 80 डिशमिल जमीन है जिसका मूल्य लगभग एक करोड़ रुपए है। इस भूमि के चारों तरफ घनी आबादी है फिर भी चारदीवारी नही है। मवेशी आदि चरते रहते हैं और बच्चे खुले मैदान में पढ़ते रहते हैं। टिन के शेड में बाबा आदम के जमाने के बना स्कूल के वर्ग कक्ष में और उसके बरामदा में मुश्किल से आधे बच्चे अट पाते हैं। और अन्य 250 बच्चे कहां पढ़े, इसे लेकर प्रधानाध्यापिका श्रीमती नीलम, सहायक शिक्षिका श्रीमती एलेन सुरैन, सुश्री कर्मेला हेम्ब्रम व श्रीमती रंजुना खातून आदि ने बताया कि स्कूल की समास्याओं से विभाग को अवगत कराया गया है। अभिभावकों द्वारा दर्ज कराई गई परेशानी सही है।

अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी का प्रवीण ने संभाला पदभार

जिला के स्थापनाकाल से ही अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक के संयुक्त पद पर एकल पदाधिकारी द्वारा कार्य संपादन पर आज ब्रेक लग गया। राज्य सरकार की नई अधिसूचना के आलोक में दोनों सेवाओं व पदों पर अलग-अलग पदाधिकारियों का पदस्थापना किये जाने के आदेश के मुतल्लि्क डीएसई रविन्द्र शर्मा द्वारा क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी प्रवीण सिंह को अपने कार्यालय में अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी का प्रभार सौंप दिया। प्रभार के आदान प्रदान के समय कार्यालय के प्रधान लिपिक विमल किशोर मल्लिक,सीताराम मंडल, मृत्यूजंय झा, रविन्द्र शर्मा, हरेराम दास तथा संजय कुमार के साथ साथ सभी आदेशपाल उपस्थित थे।

जबकि शिक्षक समुदाय की ओर से बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ किशनगंज इकाई के जिला सह प्रमंडलीय प्रवक्ता प्रहलाद विश्वास ने दोनों पदाधिकारियों को माल्यार्पण कर उत्साहव‌र्द्धन किया। एक ओर जहां नये एसडीईओ श्री सिंह खुश दिख रहे थे, वहीं डीएसई श्री शर्मा सकुन महसूस कर रहे थे। इस अवसर पर शिक्षक नेता ने कहा कि डीएसई को अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किये जाने से शिक्षकों के लाभ होगा। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर एसडीईओ प्रारंभिक एवं माध्यमिक नियोजन सहित मध्याह्न भोजन का कार्य देखेगें। वहीं डीएसई शिक्षकों के अति जटिल एवं महत्वपूर्ण समस्या प्रकरण एवं प्रोन्नति पर अपना ध्यान केन्द्रित कर सकेंगे। कार्य विभाजन से शिक्षकों का ही लाभ होगा।

भारत-नेपाल सीमा के निवासी तस्करों के जाल में

सीमाओं के प्रति संवेदनशील होने की आवश्यकता है। वरना बूंद बूंद से घड़ा भरता है, यह कहावत एक दिन किशनगंज जिले के नेपाल सीमा पर तस्कर सिद्ध करके दिखा देंगे। मामला नेपाल का माल भारत में और भारत का माल नेपाल में करने के लिए सीमा पर बसे लोगों के प्रयोग से जुड़ा है। इस सवाल पर एसएसबी के सूत्र बताते हैं कि खुफिया विभाग को इस आशय की जानकारी विगत चार-पांच वर्षो से मिल रही है और इससे गृह मंत्रालय को अवगत कराया जाता रहता है। बावजूद इसके सीमांचल की धरती बूंद बूंद की तस्करी के चलते मादक पदार्थो व जाली नोटों से पट रहा है। इसके लिए गंभीर चिंतन की अभी से ही जरूरत है।
आये दिन नेपाल से लगी खुली सीमाओं के जरिए तस्कर जाली नोट, मादक पदार्थ, उर्वरक, हथियार इत्यादि गैर कानूनी चीजें हमारे मुल्क के अंदर दिन प्रतिदिन भेजते या ले जाते हैं। एसएसबी और कस्टम की जब्त सामग्रियों की सूची इसे बताने के लिए पर्याप्त है। उल्लेखनीय है कि उर्वरक, सीमेंट, चावल, डालडा आदि खाद्य पदार्थों की तस्करी करने वाले के माध्यम से नींद व होश उड़ा देने वाली बात तो ये है कि, ये ही लोग चन्द रुपए की मजदूरी में करोड़ों रुपए मूल्य के हेरोइन, अफीम, ब्राउन सुगर के अलावे जाली नोट भी पहुंचा देते हैं।अक्टूबर माह के प्रथम सप्ताह में एसएसबी के 21 वीं बटालियन द्वारा दिघलबैंक सीमा पर भारतीयों से जब्त हेरोइन यह बताने के लिए पर्याप्त है कि दो समय की मुश्किल से रोटी की व्यवस्था करने वाले के पास से 50 लाख रुपए मूल्य की हेरोइन मिलती है।
सूत्र बताते है कि सीमा पर बसे अधिकांश गरीब परिवार तस्करों के संकेत पर कुली की तरह काम कर रहे हैं। दिन भर की मजदूरी का दो-तीन गुना ज्यादा देकर ं सरहद पार बैठे तस्कर भारत के ही लोगों को भारत के खिलाफ जमकर उपयोग भारत के खिलाफ कर रहे हैं। सीमा की रक्षा से जुड़े विशेषज्ञ इसका एक कारण नेपाल की खुली सीमा मानते हैं, जिसे बाड़ के जरिए सील करना अतिआवश्यक है। पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान के आतंकवादी, नेपाल स्थित माओवादी संगठन, बांग्लादेश और चीन में बैठे भारत के दुश्मन भी नेपाल की खुली सीमा का लाभ उठा रहे हैं।

ग्रामीण कलाकारों ने जीवंत किया परंपरागत लोक कला को

पहले सुरजापुरी भाषा में लोक कलाकार नाटक के माध्यम से परंपरागत लोक गाथाओं को पीढ़ी दर पीढ़ी लोक जीवन में जीवित रखते थे। सन 1980 के दशक से बीडीओ फिल्म और उसके बाद टीवी ने लोक कलाकारों को हाशिए पर डाल दिया। लोग अपनी जड़ों से और संस्कृति से कटते जा रहे हैं। इसी को फिर से जीवंत करने के लिए लोक कलाकारों को एकत्र करके बीडिओ सीडी बनाकर लोक कला को जीवित करने का प्रयास किया जा रहा है। यह जानकारी पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष सह पार्षद शकील अख्तर राही और जिला परिषद सदस्य ललित कुमार ने दी। वे लोग प्रसिद्ध धार्मिक स्थल ओदराघाट पर नागी नेर बचन की शूटिंग करवा रहे थे।
इस बीडीओ फिल्म को आधुनिक मशीनों से बड़े पर्दों पर दिखाने की जानकारी देते हुए डायरेक्टर विनोद कुमार सह किशनगंज जिला निवासी और कक्षा सात तक शिक्षा प्राप्त विनोद कुमार ने बताया कि वे बचपन में घर छोड़कर भाग गए थे और बाहर जाकर पूरब पश्चिम, कहानी घर घर की, पृथ्वीराज चौहान आदि दर्जनों फिल्म बनाने वालों के साथ काम किए और प्रेरणा मिली कि इस माध्यम से क्षेत्रीय कलाकारों को एक मंच पर लाकर क्षेत्रीय भाषा में फिल्म बनाकर लोक कला को जीवित रखा जा सकता है और आय भी होगी। उन्होंने कहा कि इसके पहले सुरजापुरी भाषा में बनी फिल्म मोर जीवन साथी क्षेत्र में हिट रही।
गौरतलब है कि आज नाग-नागिन की शूटिंग हो रही थी जिसमें पार्षद ललित कुमार, शकील अख्तर राही, कार्तिक कुमार, विकास दास, सुश्री इथेना दत्ता, शोभारानी, शाहिन, सलीम, पूजा, पूजा माझी, अमय साहा आदि ने अपने रोल अदा किए जिसे कैमरामैन कैमरे में कैद किया । इसके अलावा पैक्स अध्यक्ष सोयेब आलम,सह कलाकार के रुप में फाइट मास्टर संतोष कुमार, कमैरमैन नरेश कुमार, मेकपमैन नवीन , सुरजापुरी गीतकार लोकनाथ दास व गायक मो, एहसान शूटिंग स्थल मौजूद थे।

Tuesday, November 10, 2009

जिले के कई प्रखंडों में मेगा किसान क्रेडिट कार्ड शिविर का आयोजन

सरकार के दिशा निर्देश पर जिले के विभिन्न प्रखंडों में सोमवार को मेगा किसान क्रेडिट कार्ड शिविर का आयेाजन किया गया। इस दौरान विभिन्न बैंकों द्वारा किसानों के बीच क्रेडिट कार्डो का वितरण किया गया। पहाड़कट्टा निप्र के अनुसार स्थानीय प्रखंड मुख्यालय में सोमवार को केसीसी वितरण योजना के तहत बीडीओ रामकुमार पोद्दार की उपस्थिति में 64 किसानों को सात लाख 40 हजार रुपये वितरण किये गये। जिसमें रतनपुर शाखा से दस, सोनापुर से पांच, उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक शाखा छतरगाछ से सोलह, शाखा पोठिया से पन्द्रह तथा शाखा तैयबपुर से अठारह किसान शामिल हैं। इस दौरान रतनपुर शाखा प्रबंधक बी।के. यादव, छतरगाछ शाखा प्रबंधक विजय कुमार सिन्हा, तैयबपुर शाखा प्रबंधक भानू कुमार घोष आदि उपस्थित थे।

टेढ़ागाछ निसं के अनुसार स्थानीय प्रखंड मुख्यालय में मेगा केसीसी कैंप का आयेाजन किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी की अनुपस्थिति में प्रखंड श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी विभूति कुमार एवं अंचल निरीक्षक समीर कुमार की उपस्थिति में लाभुकों को किसान क्रेडिट कार्ड प्रदान किया गया। इसमें उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक झाला के द्वारा 49 लाभुकों को 21 लाख एवं उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक टेढ़ागाछ के द्वारा 30 लाभुकों को 14 लाख का वितरण हुआ। वहीं पीएनवी के टेढ़ागाछ शाखा द्वारा 19 लाभुकों को राशि वितरण हुआ। इस दौरान सभी बैंकों के शाखा प्रबंधक के साथ जनप्रतिनिधि एवं किसान उपस्थित थे।

अपरिहार्य कारणों से डीएम का दिल्ली दौरा रद्द

12 नवम्बर को दिल्ली में एमएसडीपी की आयोजित होने वाली बैठक अपरिहार्य कारणों से स्थगित हो गई जिसके कारण जिला पदाधिकारी फेराक अहमद का दिल्ली दौरा हुआ रद्द। इस संबंध में पूछे जाने पर जिला पदाधिकारी फेराक अहमद ने 09 नवम्बर को बताया कि उन्हें माइनोरिटी सेक्टरल डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत 12 नवम्बर को दिदल्ली में आयोजित होने वाली बैठक में शामिल होना था लेकिन वे यात्रा के लिए प्रस्थान करते इसके कुछ ही घंटे पूर्व उन्हें दिल्ली से दूरभाष पर संदेश मिला की बैठक अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दी गई है। यह बैठक बाद में होगी जिसकी विधिवत सूचना दे दी जायेगी। उन्होंने बताया कि किशनगंज देश के उन 90 जिलों में एक है जिसका चयन एमएसडीपी के तहत किया गया है एवं विभिन्न विकासत्मक कार्यो के लिए 87.09 करेाड़ का आवंटन प्रदान किया गया है। उक्त आवंटित राशि में से 36.17 करोड़ भी स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। जिसके तहत स्वास्थ्य, शिक्षा, इंदिरा आवास एवं आंगनबाड़ी से संबंधित विकास के कई कार्यक्रमों को गति मिलेगी।

ढिलाई वरतने वाले अनुसंधानकर्ताओं पर होगी कार्रवाई : एसपी

पुलिस प्रशासन की कार्य शैली में आमूल-चूल परिवर्तन लाकर सुधार करने की दिशा में आरक्षी अधीक्षक चौरसिया चन्द्रशेखर आजाद ने विशेष प्रतिवेदित कांड की कांडवार व थानावार समीक्ष््रा अभियान चलाए जाने से अनुसंधानकर्ताओं में हड़कंप मंच गया है। पुर्नीक्षण के दौरान आरक्षी अधीक्षक श्री चौरसिया ने ढिलाई व गलती करने वाले अनुसंधानकर्ताओं की जमकर क्लास ली और चेतावनी भरे लहजे में कहा सुधरें अन्यथा नपेंगे। सोमवार को जागरण से विशेष भेंट में उन्होंने जानकारी दी। श्री चौरसिया ने बताया कि समीक्षा अभियान से कांड के अनुसंधान के क्रम में अनुसंधानकर्ता के कई विन्दुओं पर बारीकी से अध्ययन कर रहे है। ऐसी प्रक्रिया से अनुसंधानकर्ताओं द्वारा बरती गई ढिलाई और कई कमजोरियां सामने आयी है जिसे भविष्य में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कर्मठ पुलिस पदाधिकारियों के कार्य को सम्मानित करते हुए उन्हें पुरस्कृत किया जायेगा। लेकिन कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले पुलिस पदाधिकारी नपेंगे, उन पर विभागीय गाज गिरना तय है। इस मौके एसपीपीओ कामिनी बाला, किशनगंज पुलिस निरीक्षक पारस नाथ सिंह, मेजर व अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।

डीईओ ने एनएचआजाद नेशनल कालेज का औचक निरीक्षण किया

जिला शिक्षा पदाधिकारी डीईओ चंद्रानंद मंडल ने सोमवार को एनएच आजाद नेशनल कालेज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान डिग्री कालेज के प्राचार्य एवं अन्य कर्मियों के अनुपस्थिति के कारण इसका निरीक्षण नहीं हो पाया है। इंटर कालेज के निरीक्षण के बाद उसकी स्थिति पर संतोष व्यक्त करते हुए श्री मंडल ने बताया कि 12 नवम्बर को पटना में वित्त रहित महाविद्यालय के बाबत होने वाली बैठक को देखते हुए यह निरीक्षण किया गया। जिसमें महाविद्यालय में शिक्षकों एवं छात्रों की संतोषप्रद उपस्थिति पाई गई है। उन्होंने डिग्री कालेज के प्रधानाचार्य एवं प्रधान लिपिक के अनुपस्थित रहने की बात बताई। श्री मंडल के निरीक्षण के दौरान इंटर कालेज के प्राचार्य शब्बीर अहमद के अलावे प्रो. मोहन सिंह, प्रो. हसन अनवर, प्रो. मजरुल हक, प्रो. जाहीदुर रहमान, प्रो. हबीबुरर्हमान, प्रो. रुस्तम अली खां आदि उपस्थित थे।

Monday, November 9, 2009

अलीगढ़ मुस्लिम विवि का कैम्पस नही खुलेगा किशनगंज में

सीमांचल के मुसलमानों को यह कहकर भ्रमित किया जा रहा है अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की यहां शाखा खुलेगी। संविधान में वैसा कोई प्रावधान ही नहीं है कि वह किसी कालेज को संबंधता प्रदान करें अथवा वह अपनी कोई शाखा अन्यत्र खोल सके। यह जानकारी दी है किशनगंज के पूर्व सांसद अलीगढ़ विश्वविद्यालय कोर्ट के एक सदस्य सैयद शहाबुद्दीन ने। वे यहां पर रविवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की एक शाखा अथवा कैम्पस किशनगंज में खोलने की बात करने वाले लोगों को भ्रमित कर रहे हैं। वहीं डीएम फेराक अहमद ने बताया कि सच्चर कमेटी की रिपोर्ट के बाद जो एक फातिमा कमेटी बनी थी, उसमें भी अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के कैम्पस को अन्यत्र स्थापित करने की बात है। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के कुलपति से उन्होंने इस संबंध में सीधे दुरभाष पर बात की है। उन्होंने आश्वासन दिया है। दूसरी ओर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पहल पर किशनगंज में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की शाखा किशनगंज में खोलने की बात प्रगति पर है। इसके लिए 250 एकड़ जमीन की मांग की गई है इसके लिए 197 एकड़ जमीन का नक्शा अंतिम स्वीकृति हेतु सरकार तथा विश्वविद्यालय के पास भेज दिया गया है। शेष जमीन के अधिग्रहण की कार्रवाई जारी है। लगभग पूरी होने के क्रम में है। वह भी सौंप दी जायेगी।

नम्बर दो के वाहनों ने लगाया पथ निर्माण एजेंसी को चूना

स्टेट हाईवे 63 निर्माण के दौरान भारी वाहनों के चलने से कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई जिसकी एजेंसी को मरम्मत करनी पड़ रही है। सनद रहे कि स्टेट हाईवे 63 में परिणित गलगलिया से बहदुरगंज के बीच की सड़क 58 करोड़ की लागत से बन रही है। स्टेट हाईवे के असिस्टेंट इंजीनियर दिनेश कुमार ने संपर्क साधने पर जानकारी दी कि क्षमता से ज्यादा भार की ट्रकें इस सड़क बेधड़क चल रही हैं । उन्होंने बताया कि इस सड़क की क्षमता 40 टन की है परंतु सत्तर टन भार लेकर प्रतिदिन सैकड़ों ट्रकें इस पर आवाजाही कर रही हैं। जिस कारण सड़क प्रभावित हो रही है। उन्होंने इसकी सूचना संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को भी दिये जाने की बात कहीं। अभियंता दिनेश कुमार की यदि मानें तो क्षमता से अधिक भार लेकर चलने वाली ट्रकों के कारण ही ताराबाड़ी पुल क्षतिग्रस्त भी हुआ है। यदि समय रहते इस पर अंकुश नहीं लगा तो इस पथ के अन्य पुल भी क्षतिग्रस्त हो सकते हैं। अब सवाल उठता है कि जब सड़क निर्माण एजेंसी द्वारा विभाग को लिखित सूचना दे दी गई है तो परिवहन विभाग के अधिकारी क्यों चूप हैं। क्या सड़कों के पुन: जर्जर होने के बाद उनकी नींद टूटेगी। गौरतलब है कि सामरिक महत्व के इस पथ पर ताराबाड़ी चौक के आगे पुल टूट जाने से क्षेत्र लोग के खुश है कि अब सड़क पांच वर्ष तक तो जरूर चलेगी, वहीं बुद्धिजीवी वर्ग ने शीघ्रातिशीघ्र पुल बनाने की मांग की है।

आमान परिवर्तन कार्य पूरा होने तक रेलसेवा ठप

अलुआबाड़ी छोटी लाइन रेलखंड पर पिछले ढाई माह से ट्रेनों का परिचालन बंद है और आमान परिवर्तन कार्य पूरा होने तक स्थिति यथावत रहने की आशंका है, कारण यहां कार्यरत कर्मी दूसरे स्थानों पर तैनात किये जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि वालासन नदी पर अवस्थित रेलवे ब्रिज के दो पाए 16 अगस्त को आई बाढ़ में बहने के बाद से यह हालात है । इस परिस्थिति के कारण अब तक रेलवे को जहां लाखों का नुकसान उठाना पड़ रहा है वहीं आम आदमी परेशान हैं। रेलवे अधिकारियों ने नये पुल निर्माण के बाद ही परिचालन शुरू होने की बात कहीं। सनद रहे कि इस रेलखंड पर आमान परिवर्तन का काम भी चल रहा है। जिसके तहत उक्त नदी पर नये पुल का निर्माण होगा । वहीं लगभग ढाई महीने से बंद रेल परिचालन के कारण इस रेलखंड के दर्जनों रेलकर्मियों को बिना कार्य के वेतन भुगतान पर अब रेल अधिकारियों को सुध आई है तथा रेल स्टाफ को अन्य जगहों पर तैनात करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। सनद रहे इस रेलखंड में सिलीगड़ी, माटीगाड़ा, बागडोगरा, नक्सलबाड़ी, बनासी, अधिकारी, गलगलिया, पिपरीथान, ठाकुरगंज, तैयबपुर, पोठिया एवं अलुआबाड़ी स्टेशन अवस्थित है। जहां से प्रतिदिन हजारों यात्री आवागमन करते हैं। जो अब बस मालिकों के रहमोकरम पर निर्भर है। इस रेलखंड पर चलने वाले ट्रेनों से न केवल बिहार बंगाल बल्कि नेपाल के भी लोग फायदा उठाते थे । इस बाबत जब सीनियर डीसीएम श्री कांत से जब संपर्क साधा गयातो उन्होंने परिचालन बंद रहने के कारण इस खंड में तैनात सात कामर्शियल स्टाफ में पांच को अन्य जगहों पर स्थानांतरित करने की बात कहीं। वहीं सीनियर डिवीजनल ओपरेटिंग मैनेजर आर.के. मंडल ने नये पुल निर्माण होने तक परिचालन बंद रहने की बात कहीं। तथा कहा इस खंड में तैनात अन्य कर्मियों को भी जरूरत अनुसार अन्य जगहों पर भेजा जायेगा। रेलवे द्वारा स्टाफ को अन्य जगहों पर एडजस्ट करने की प्रक्रिया के कारण लोगों में यह आशंका जोर पकड़ने लगी है कि अब आमान परिवर्तन कार्य के बाद ही रेल सुविधाओं का लाभ मिल पायेगा।