Showing posts with label kisahganj news. Show all posts
Showing posts with label kisahganj news. Show all posts

Friday, June 5, 2009

प्रतिनियोजन से पड़ रहा पढ़ाई पर असर

शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति का असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ने लगा है। पिछले कई माह से आदर्श मध्य विद्यालय ठाकुरगंज के तीन शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति विभिन्न स्थलों पर कर दिये जाने के कारण विद्यालय के कक्षा छह के छात्र विज्ञान तो कक्षा 7 के छात्र गणित जैसे महत्वपूर्ण विषयों की पढ़ाई से वंचित हैं। छह, सात व आठ सभी वर्गो में संस्कृत की पढ़ाई बाधित है। इन विषयों की पढ़ाई बंद होने की बात विद्यालय के प्रधान शिक्षक स्वीकार करते हैं।
वहीं छात्राएं आक्रोशित हो अपने भविष्य के प्रति चिंतित हैं। कक्षा छह की छात्रा गजाला प्रवीण, सवाना आजमी, अंजीला खातून आदि छात्राओं ने बताया कि उनके वर्ग में पिछले डेढ़ माह से विज्ञान एवं हिन्दी की पढ़ाई नहीं होती, वहीं कक्षा सात की छात्राएं साक्षी, रीतू के अनुसार उनके क्लास में गणित पिछले डेढ़ माह से तो संस्कृत पिछले 15 दिनों से पढ़ाई नहीं हो रही है। प्रधान शिक्षक प्रभा शंकर सिंह के अनुसार विद्यालय के एक शिक्षक पवन देव शर्मा द्वितीय चरण के शिक्षक नियोजन कार्य हेतु नवम्बर माह से ही डीएससी कार्यालय में प्रतिनियुक्त हैं।
वहीं विद्यालय के दो शिक्षक प्रखंड निर्वाचित कोषांग में पिछले कई माह से प्रतिनियुक्त हैं। विद्यालय सूत्रों के अनुसार 2007 से अभी तक लगभग 620 दिन इन दोनों शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति निर्वाचन कोषांग में रही। अब सवाल उठता है कि निर्वाचन कोषांग में ऐसे क्या कार्य है जो इनकी प्रतिनियुक्ति वहां 22 जनवरी 07 से 4 जून 07 तक 134 दिन, 22 दिसम्बर 07 से 9 जून 08 तक 201 दिन, 19 अगस्त 08 से आज तक 268 दिनों के लिए हुई।
वहीं विरानगच्छ नया प्राथमिक विद्यालय के प्रधान शिक्षक की बीपीएल कार्य में प्रतिनियुक्त के कारण एक शिक्षक की प्रतिनियुक्ति वहां हो गई। जिस कारण संस्कृत की पढ़ाई बाधित है। वहीं आक्रोशित छात्राओं ने अब तक नये सत्र की किताबों का वितरण तक नहीं होने की बात कहीं। अब सवाल उठता है कि सरकार छात्रों को शिक्षा प्रदान करने हेतु कई तरह के दावे रोज कर रही है। फिर निचले स्तर के पदाधिकारी क्यों प्रतिनियुक्ति के नाम पर शिक्षकों को विद्यालय से बाहर रख छात्र छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।
वहीं जिला शिक्षा अधीक्षक ने दूरभाष पर बताया कि जल्द ही छात्रों को किताबें दे दी जाएगी। वहीं शिक्षकों के प्रतिनियोजन के मामले में छात्रों के भविष्य के साथ किसी प्रकार के समझौता नहीं होगा कहते हुए श्री शर्मा ने कहा कि जल्द ही प्रतिनियोजन रद्द कर सभी शिक्षकों को मूल विद्यालय भेज दिया जाएगा।

Wednesday, March 25, 2009

जिले में चाहिए 168 और मतदानकर्मी- डीएम

जिले में 168 मतदानकर्मियों का अभाव है जिसके लिए निर्वाचन आयोग को लिख दिया गया है। ये मतदानकर्मी अन्य जिलों से आयेंगे। यह जानकारी जिलाधिकारी फेराक अहमद ने दी। श्री अहमद 24 मार्च को निर्वाचन के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक दस, पन्द्रह मतदान केन्द्रों पर एक- एक सेक्टर मैजिस्ट्रेट तैनात होंगे। इसके लिए 69 सेक्टर मैजिस्ट्रेट की नियुक्ति कर ली गई है।

नियुक्त सभी सेक्टर मैजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्र के मतदान केन्द्रों के प्रभारी होंगे तथा वे मतदान केन्द्रों से संबंधित सभी प्रकार की समस्याओं के लिए जिम्मेवार होंगे। डीएम ने बताया कि सभी सेक्टर मैजिस्ट्रेट पदाधिकारी स्तर के होंगे। वे यह भी सुनिश्चित करेंगे कि कमजोर वर्ग के अथवा दलित या महादलित वर्ग के मतदाता किसी के डराने,धमकाने अथवा प्रलोभित किए जाने का शिकार न हो और वे निर्भीक होकर निष्पक्ष रूप से मतदान कर सकें।

उन्होंने यह भी बताया कि 25 मार्च से प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ साथ जितने भी अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी है उन्हे मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण प्रदान करेगे। यह प्रशिक्षण दो दिनों तक चलेगा। श्री अहमद ने यह भी बताया कि 27 मार्च से 02 अप्रैल तक सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों की मतदाताओं को नई इवीएम मशीन से मतदान करने के संबंध में जानकारी दी जायेगी जिससे वे आसानी से और सही ढंग से मतदान कर सकें। श्री अहमद ने बताया कि जिले में जितनी इवीएम मशीन की आवश्यकता है वह जिले को प्राप्त हो चुकी है।

मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की जद्दोजहद जारी

प्रतिदिन बदलते राजनैतिक समीकरणों के बीच किशनगंज संसदीय क्षेत्र में राजद लोजपा एवं राजद व कांग्रेस उम्मीदवारों के बीच मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की जद्दोजहद जारी है। 2005 के विधानसभा चुनाव के आंकड़ों पर यदि गौर करे तो तीनों गठबंधन के बीच किशनगंज में कांटे की लड़ाई नजर आयी थी।

2005 के विधानसभा चुनाव में किशनगंज विधानसभा में राजद को 47693 एवं लोजपा को 19486 वोट मिला था। वहीं ठाकुरगंज में लोजपा को 26883 तो बहादुरगंज में लोजपा को 1991 वोट मिला। इधर बायसी विधानसभा में राजद उम्मीदवार को 26042 एवं लोजपा को 10441 वोट मिला। बात यदि अमौर विधानसभा की करे तो यहां राजद लोजपा गठबंधन के उम्मीदवार व तस्लीमुद्दीन के नजदीकी रिश्तेदार सपा उम्मीदवार सवा जफर को 27423 वोट मिला था वहीं लोजपा उम्मीदवार को 4521। इस तरह परिसीमन के बाद के किशनगंज लोकसभा क्षेत्र में अवस्थित विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में राजद लोजपा गठबंधन को 164480 वोट मिला। वहीं राजग गठबंधन में भाजपा को किशनगंज में 39239 अमौर में 11720 एवं ठाकुरगंज में 17699 वोट मिला।

इधर चुनाव के समय समाजवादी पार्टी व वर्तमान में जदयू में शामिल गोपाल अग्रवाल को ठाकुरगंज में 38592 वोट मिला था। अब बात यदि बहादुरगंज की करे तो यहां जदयू उम्मीदवार को 8712 वोट मिला था वहीं अमौर में भाजपा को 23723 एवं जदयू समर्थित निर्दलीय सैयद रुकनुद्दीन को 30153 मत मिला था। इस अनुसार राजग गठबंधन को 169738 वहीं कांग्रेस को ठाकुरगंज में 32483, बहादुरगंज में 58938 एवं अमौर में 42041 अर्थात् कांग्रेस उम्मीदवार को कुल 133462 वोट मिला था।

चमचमाती गाड़ियां व झकास कुर्ता- पैजामा

लोकसभा चुनाव का शंखनाद होते ही जहां सड़कों पर चमचमाती गाड़ियां दौड़ने लगी है वहीं स्थानीय नेता झकास कुर्ता-पैजामा के साथ चाय-पान की दुकानों पर चुनावी चर्चा में अपने आप को मशगूल नजर आ रहे हैं। हर तरफ बस चुनावी चर्चा ही जोरों पर है। यदि फलां को फलां पार्टी का टिकट मिल जाता तो चुनावी फिजा कुछ और ही होता। अब यदि फलां को फलां उम्मीदवार डमी के रूप में मैदान में उतार दें तो उनकी जीत सुनिश्चित है आदि चर्चाओं से अब धीरे-धीरे चुनावी माहौल बनने लगा है।

चुनाव में पार्टी व नेताओं की चर्चा शुरू करते ही रूईधासा की रंजू पाठक कहती है कि अब नेताओं के लोक लुभावन भाषण व लंबे चौडे़ वायदों का दौर शुरू होगा। डुमरिया की रेणु मिश्रा कहती है कि अभी के माहौल में फिल्म प्रतिघात के नायक अभिनेता नाना पाटेकर का वह गीत बिल्कुल फीट बैठता है जिसमें कहा गया है कि बलमा बेईमान हमें पटियाने आये है। धरमगंज की स्वीटी कहती है कि चुनाव के समय नेताओं के लंबे चौड़े भाषण व वायदों से जनता ऊब चुकी है।

बहादुरगंज में स्टेट बैंक ने खोली शाखा

उद्घाटन करते अधिकारी व ग्राहकों को संबोधित करते हुए मंगलवार को बहादुरगंज के रहमान मार्केट स्थित परिसर में कोर बैकिंग सेवा के साथ स्टेट बैंक आफ इंडिया की शाखा का उद्घाटन हुआ। प्रशासनिक कार्यालय पूर्णिया के क्षेत्रीय प्रबंधक जयकृषण ठाकुर ने पूजा पाठ व मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत फीता काटकर इसे ग्राहकों की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। जहां सैकड़ों ने शुरूआती दिन में ही बारी बारी से अपने पासबुक खोलवाये।

इस दौरान साथ में किशनगंज शाखा के मुख्य प्रबंधक श्री निवास मिश्रा, लीड बैंक के मुख्य मैनेजर बी के गुप्ता, नाबार्ड के डीडीएम संजय मिश्रा, बहादुरगंज शाखा प्रबंधक रतन कुमार दास, आफिसर्स यूनियन के अध्यक्ष ए के यादव, शाखा अस्सिटेट मैनेजर आजाद सहित कई गणमान्य मौजूद थे। समारोह के दौरान मुख्य अतिथि पूर्णिया के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री ठाकुर ने शाखा के साथ साथ क्षेत्रीय ग्राहकों के मंगल भविष्य की कामना करते हुए बताया कि ग्राहकों की भावनाओं पर खरा उतरने की प्रतिबद्धता के साथ ही शाखा की शुरूआत की गयी है। बैंक के माध्यम से क्षेत्रीय मेधावी छात्र छात्राओं, किसानों व व्यापारियों के हित को भी ध्यान में रखा जायेगा। किशनगंज शाखा के मुख्य प्रबंधक श्री निवास मिश्रा ने बताया कि कोर बैकिंग सेवा के तहत शाखा से कहीं भी देश विदेश स्तर पर रुपये का अंतरण व लेन देने होगा।

इंटरनेट की सुविधा में वैसे योग्य व्यक्ति जो व्यक्तिगत सेवा लेना चाहेगे, शाखा की तरफ से इंटरनेट बैकिंग सेवा भी प्रदान की जाएगी। समारोह में अवकाश प्राप्त हेड मास्टर शीतल शर्मा, बहादुरगंज फ्यूल सेंटर के मालिक पूर्व मुखिया विनय चौधरी, मुरली अग्रवाल, अनंत भगत, गिरीश अग्रवाल, रामप्रसाद अग्रवाल, प्रमोद भगत, विशाल कुमार, मो. जहांगीर, नरेश ठाकुर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

जांबाज थानाध्यक्ष सहित जवानों को किया जायेगा सम्मानित : एसपी

बेखौफ अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस अब पूरी तरह कमर कस ली है। यह बात आरक्षी अधीक्षक राम नारायण सिंह ने मंगलवार को अपने कार्यालय कक्ष में पत्रकारों से कही। उन्होंने कहा कि सोमवार को कोचाधामन पुलिस को विशनपुर हटिया में कुछ अज्ञात अपराधियों के विचरण की सूचना मिलते ही बिना समय गंवाये थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने कार्रवाई शुरू कर दी।

उन्होंने पहले हटिया में प्रतिनियुक्त बीएमपी जवानों को सिविल में निगरानी रखने को कहा और स्वयं सैप जवानों के साथ निकल पड़े। विशनपुर हटिया में पुलिस को आते देख अपराधियों ने बम फेंक कर खलबली मचा दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस भी जवाबी कार्रवाई की जिसमें एक अपराधी ढेर हो गया और एक लुटरे को आक्रोशित ग्रामीणों ने पीट-पीटकर मार डाला।

वहीं दो अन्य अपराधी टीभीएस स्टार बीआर 10 एफ 5177 से भागने में सफल रहे। एसपी श्री सिंह ने बताया कि पुलिस अपराधी मुठभेड़ में तीन बीएमपी जवान सहित दो ग्रामीण पुलिस व एक 12 वर्षीय बच्चा घायल हो गया। जिन्हे एमजीएम मेडिकल कालेज किशनगंज में भर्ती कराया गया है। बीएमपी के एक जवान जगदीश हांसदा का अति रक्तस्त्राव के कारण उसे पटना रेफर कर दिया गया है। हालांकि सभी खतरे से बाहर हैं।

एसपी श्री सिंह ने बताया कि अपराधियों के पास से पुलिस ने तीन देशी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस व दो खोखे बरामद किए है। श्री सिंह ने कोचाधामन के जांबाज थानाध्यक्ष राजीव कुमार की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस मिशन में शामिल सभी पुलिस कर्मियों को वे अपने स्तर से तो पुरस्कृत करेंगे। इसके साथ ही पुलिस मेडल के लिए भी राज्य सरकार से अनुशंसा की जायेगी।

श्री सिंह ने बताया कि घायलों में बीएमपी के हवलदार लखन लाल साह, सिपाही उपेन्द्र बैठा, जगदीश हांसदा, ग्रामीण दफादार चन्द्र किशोर मांझी, चौकीदार सुबोध प्रसाद के अलावे 12 वर्षीय बच्चा अर्जुन शामिल है। वहीं मृतक अपराधियों की शिनाख्त विनोद कुमार यादव बाघनगर अररिया और छोटू पूर्णियां के रूप में की गई है।

खोजी कुत्ता ने खरखरी डकैती कांड का खोला राज

खरखरी डकैती कांड का उद्भेदन पश्चिम बंगाल पुलिस एवं खोजी कुत्ता की मदद से 24 घंटे के भीतर करके पुलिस ने दो डकैतों को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 46 किग्रा चांदी और 340 ग्राम सोना बरामद हुआ है। हालांकि डकैती की इस घटना को अंजाम देने वाला मास्टर माइंड रायपुर खरखरी निवासी जयंतो दास पिता सिद्धो दास पुलिस की गिरफ्त से अब भी बाहर है।

इस संबंध में पुलिस कप्तान राम नारायण सिंह ने मंगलवार को बातया कि पुलिस डकैतों की शिनाख्त कर ली है । श्री सिंह ने बताया कि अन्य डकैतों की गिरफ्तारी के लिए संदिग्ध ठिकानों पर जाल बिछाया जा रहा है और बहुत जल्द ये भी सलाखों के पीछे होंगे। यहां ज्ञातव्य है कि रविवार की रात खरखरी हटिया में धीरेन्द्र नाथ राय के घर हुई भीषण डकैती में हथियार व बमों का भय दिखाकर डकैतों ने लगभग 50 किग्रा जेवरात व लाखों रूपये नगदी लूटकर पुलिस को खुली चुनौती दे डाली थी।

इसके बाद एसपी राम नारायण सिंह ने इस चुनौती को स्वीकार करते हुए 24 घंटे के अंदर ही इस कांड का उद्भेदन कर सबको चौंका दिया। इधर एस पी श्री सिंह ने बताया कानकी पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए दोनों डकैतों को रिमांड पर लिया जायेगा और इस डकैती के मुख्य सूत्रधार की भी जल्द गिरफ्तारी होगी। इसके लिए पुलिस का विशेष दस्ता गठित कर दिया गया है। गिरफ्तार किए गए दोनों डकैत कटिहार जिला अन्तर्गत बलरामपुर के रमेश सादा और मनसाही के नईम उद्दीन हैं।