Tuesday, October 6, 2009

पेंशनर समाज ने किया विधान पार्षद का पुष्पमाला से अभिनंदन

दुआओं से इंसान सितारों सा चमकता है, एक साथ इतने सारे आदरणीय बुजुर्गो का आशीर्वाद पाकर आज मैं धन्य हो गया। अति भावविह्वल होते हुए विधान पार्षद डा। दिलीप कुमार जायसवाल ने यें बात कहीं। रूईधासा स्थित टाउन क्लब में सोमवार को जिला पेंशनर समाज द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि वे बोल रहे थे। सेवानिवृत्त पेंशनरों के पेंशन संबंधी दर्द को जानकर वे इतने द्रवित हुए कि बीच समारोह में ही तत्काल मोबाइल फोन द्वारा वित्त विभाग पटना के आला अधिकारियों को उनकी मांगों से अवगत कराया।

साथ ही पटना जाकर पेंशन संबंधी सभी मांगों को वित्तमंत्री सुशील मोदी के समक्ष रखने की बात कहीं। पेंशनरों की मांग पर उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय में भवन हेतु जमीन उपलब्ध कराने के लिए जिला पदाधिकारी से मिलेंगे। कार्यक्रम की शुरूआत प्रीतोष पांडेय, गार्गी पांडेय, मालविका दूबे व प्राणतोष पांडेय द्वारा प्रस्तुत स्वागत गान से किया गया। तत्पश्चात पेंशनर समाज के अध्यक्ष क्षितिजचंद्र घोष ने पुष्पमाला एवं साल ओढ़ाकर डा। जायसवाल को सम्मानित किया।

इससे पहले उन्होंने युवाओं से अपील की कि हमारे बुजुर्ग अनुभव का खजाना और संस्कृति के धरोहर हैं। युवाओं को उनकी सेवा करके सानिध्य और प्यार प्राप्त करना चाहिए जो उनके जीवन संग्राम में पल-पल राह दिखाएगा। समारोह की अध्यक्षता वयोवृद्ध पेंशनर विश्वनाथ दास तथा मंच संचालन सेवानिवृत्त शिक्षक महमूद आलम ने की। इस मौके पर जिला पेंशनर समाज के सचिव सीतेश कुमरा मल्लिक, शियाशरण मंडल, कोषाध्यक्ष ऋषिकेश चक्रवर्ती, सुनीति चक्रवर्ती, देवेन्द्र दास, सुजय दास, अमरनाथ दास, शंभूनाथ दास, सौरेन्द्र नाथ दास, नरेश मोहन सिन्हा, हलधर प्रसाद सिंह, सुभाषचंद्र सिंह, विजय सरकार, अभय दास, सदानंद सिन्हा, वृजकिशोर सिंह, नवल किशोर प्रसाद, कैलाशपति गुप्ता, सत्यनारायण प्रसाद, लक्ष्मण पोद्दार, शीतल प्रसाद शर्मा, ज्योतिष प्रमाणिक, विद्यानंद प्रसाद व अन्य मौजूद थे।

Monday, October 5, 2009

सूखा से लड़ने की रणनीति,प्रशासन की रूचि नदारद

सूखे से लड़ने के लिए सिंचाई विभाग की योजनाएं आज भी कूड़ेदान वाली तिजोरी में बंद हैं। हालात यह है कि कार्यपालक अभियंता नलकूप प्रमंडल पूर्णिया और बिहार विद्युत परिषद का स्थानीय कार्यालय केवल समय को कट जाने के फेर में हैं जिसे देखने वाला भी कोई नही है। जिले में फेज 11 से पहले 41 राजकीय नलकूपें है जिसमें केवल 22 चालू हालात में हैं। अन्य शेष 19 नलकूपें में से 14 घोर अव्यवस्था के चलते न जाने कितने वर्षों से बंद पड़ी हैं। इन 14 नलकूपों में आठ नलकूपों में डीजल जनसेट है जो 10 कठ्ठा खेत की सिंचाई 14 लीटर में करती है।

मुखिया प्रतिनिधि मजगामा प्रखंड कोचाधामन मु। अताउर बताते है कि फेज-8 के तहत उनके पंचायत में दो, लोहागाड़ा में दो, चोपड़ा बुखारी में दो और बेलवा में दो नलकूप 2004-05 में गाड़े गए थे। चार वर्ष पहले डीजल के मूल्य में बेतहाशा उछाल से किसानों ने फेज आठ के नलकूपों से सिंचाई कार्य बंद कर दिया और बिजली कनेक्शन की मांग की। इधर मांग के तहत नलकूप प्रमंडल द्वारा दो वर्ष से विद्युत कनेक्शन के लिए विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता द्वारा डीपीआर की मांग की जा रही है जो तीन अक्टूबर 2009 तक अधर में हैं।

कार्यपालक अभियंता बिहार विद्युत परिषद के सूत्रों का कहना है कि विद्युतीकरण कार्य में बहुत बड़ा घोटाला विभागीय अभियंताओं द्वारा समय-समय पर किया गया है जिसके कारण इस दौैरान पदस्थापित अधिकारी डीपीआर बनवाने के स्थान पर समय पास करना ज्यादा बेहतर समझे। सूत्रों ने बतौर उदाहरण जानकारी दी कि पूर्व में किए गए विद्युतीकरण में कहीं पोल है तो तार नदारद है और कहीं तार-पोल दोनों मौके पर मौजूद नही है।

बानगी- हल्दीखोड़ा नलकूप को चालू कराने के लिए सुखा से लड़ने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश के पहल पर ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया गया । ट्रांसफार्मर लगाने के लिए मौके पर जब विभागीय पदाधिकारी पहुंचे तो पता चला कि वहां पर आठ पोल और तार भी चाहिए। पहले लगाए गए तार और पोल मौके पर नही है। इसी प्रकार डेरामारी नलकूप को चलाने के लिए नया ट्रांसफार्मर मिल गया है लेकिन मौके पर दो पोल सहित तार चोर ले गए हैं। मस्जिदगढ़ नलकूप को भी चालू करने के लिए ट्रांसफार्मर उपलब्ध है लेकिन मौके पर चार पोल और तार गायब है।

दोघरिया नलकूप को चालू करने के लिए भी ट्रांसफार्मर विभाग के मौजूद है लेकिन 14 पोल और तार मौके पर नही है। इस दौरान केवल ठाकुरगंज प्रखंड के वेसरबाटी पंचायत अन्तर्गत दो नलकूपों में से एक नम्बर की नलकूप को कहीं से तार की व्यवस्था विभाग द्वारा करके नया ट्रांसफार्मर लगा चालू किया गया है। इससे इतर फेज 11 पर नजर डाले तो सूखा से लड़ने के लिए कार्यपालक अभियंता नलकूप प्रमंडल पूर्णिया देवानंद यादव को मुख्यमंत्री नीतीश के पहल पर नाबार्ड द्वारा 232 लाख 50 हजार रुपए 95 नलकूपों को विद्युत कनेक्शन से जोड़ने के लिए उपलब्ध कराया गया है, जो कार्यपालक अभियंता बिहार विद्युत परिषद द्वारा डीपीआर नही उपलब्ध कराने के कारण पेंच में फंसी है।

प्रधानमंत्री सड़क: नटूआ ग्राम पंचायत का मुख्य आबादी उपेक्षित

वर्ष 2009 तक जिले के सभी घरों को पक्की सड़कों से जोड़ दिए जाएंगे। सरकार की यह घोषणा समय पर पूरी होगी, इस पर शत-प्रतिशत शक है। बहादुरगंज प्रखंड क्षेत्र के किशनगंज-बहादुरगंज पथ से मोहम्मद ताहिर और मोहन सिंह टोला तक का उपेक्षित ईट सोलिंग पथ इसका उदाहरण है। इससे पहले आरडब्लूडी के कार्यपालक अभियंता सच्चिदानंद पांडेय ने जानकारी दी कि जिले के एक-एक घर को वर्ष 2009 तक पक्की सड़कों से जोड़ने के लिए डीपीआर तैयार है। लगभग नौ सौ किलोमीटर सड़क में से चार सौ किलोमीटर सड़क बन चुकी है। डेड़ -दो सौ किलोमीटर सड़कों पर कार्य चल रहा है या पूरा होने के कगार पर है। इससे पहले नटुआपाड़ा ग्राम पंचायत के मोहन सिंह टोला के लोगों ने बताया कि ग्राम पंचायत की आधी से अधिक आबादी मोहन सिंह टोला में निवास करती है,लेकिन आज तक उनके गांव को प्रधानमंत्री सड़क से नही जोड़ा गया। स्थानीय लोगों ने इसके साथ ही सांसद मौलाना असरारुल हक काशमी और आरडब्लूडी के पदाधिकारियों का ध्यान भी मोहन सिंह टोला की तरफ आकर्षित कराया है।

झूठी प्राथमिकी: पुलिस ने प्रतिवादी को गिरप्तार करके भेजा जेल

थाना क्षेत्र के पदमपुर पंचायत के वार्ड सदस्य मोहम्मद जफर को घसीट करके बेरहमी से पीटने का मामला पुलिस अनुसंधान में सत्य पाया गया जिसके आधार पर मुख्य आरोपी की गिरफ्तार करके चार अक्टूबर को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। गौरतलब है कि प्रतिवादी द्वारा भी बाद में थाना में वादी पर आ‌र्म्स ऐक्ट और अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी, जो पुलिस अनुसंधान में निराधार साबित हुई।

गौरतलब है कि चौदह सितम्बर की रात्रि को वार्ड सदस्य मो. जाफर को थाना क्षेत्र के कालागाछ गांव के लोगों द्वारा बंदी बनाकर बेरहमी से पीटा गया था जिसमें दोनों ही पक्षों द्वारा थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी। पर्यवेक्षण में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के समक्ष गवाहों द्वारा दिये गये बयान के आधार पर थाना कांड संख्या 76/2009 में मो. जाफर पर लगाये गये अपहरण का प्रयास व आ‌र्म्स एक्ट की घटना को झूठा करार दिया गया है। वहीं कांड संख्या 75/09 जो मो. जाफर का आरोप सत्य पाया गया। जिसके आधार पर अभियुक्त मो. मेराज रजा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। समाचार लिखे जाने अन्य पन्द्रह आरोपी फरार हैं ।

विकास में रूचि नहीं रखने वाले पदाधिकारी नपेंगे : डीएम

जिले में विकास की गति को तीव्र करने को ले संकल्पित जिलाधिकारी फेराक अहमद ने रविवार को समाहरणालय में चली मैराथन में बैठक में साफ लहजे में कहा कि विकास में रूचि नहीं रखने वाले पदाधिकारी नपेंगे। बैठक में जिले से संबंधित विशेष योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क, मुख्यमंत्री सेतु योजना, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, सामाजिक सुरक्षा, इंदिरा आवास, नरेगा, शिक्षा, स्वास्थ्य, भवन निर्माण आदि की गहन समीक्षा की गई। दिनभर चली इस बैठक में जिलाधिकारी काफी तल्ख दिखे और इसी वित्तीय वर्ष में हर हाल में सभी चयनित योजनाओं का कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।

साथ ही कहा कि जिन विभागों एवं प्रशाखाओं में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं हुई है,संबंधित अधिकारी नपेंगे। बैठक में डीडीसी ललनजी, डीआरडीए निदेशक व्यासमुनि प्रधान, अनुमंडल पदाधिकारी खुर्शीद आलम, प्रोग्राम पदाधिकारी अजहरूद्दीन, योजना पदाधिकारी अजय कुमार, एनडीसी उदय शंकर चौधरी, जिला शिक्षा पदाधिकारी चन्द्रानंद मंडल, जिला शिक्षा अधीक्षक रविन्द्र शर्मा, सभी सीडीपीओ, जिले के सभी बीडीओ व तकनीकी पदाधिकारी मौजूद थे।

पलासमनी पंचायत भवन में पैक्स अध्यक्ष ने बुलाई आमसभा

प्रखंड क्षेत्र के पलासमनी पंचायत भवन में रविवार को पैक्स अध्यक्ष ने आमसभा बुलाई । प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी आविद हुसैन, निर्वाचित सदस्य व ग्रामीण कृषकों की उपस्थिति महत्वपूर्ण रही । इस बैठक की अध्यक्षता नव निर्वाचित पैक्स अध्यक्ष मेंहदी हसन ने किया। निर्वाचन के बाद पहली आमसभा में अध्यक्ष मेंहदी हसन ने उपस्थित लोगों के समक्ष पैक्स के कार्य व उद्देश्य पर प्रकाश डाला एवं बताया कि पैक्स को सरकारी दिशा-निर्देश मिलने का इंतजार है। सहकारिता पदाधिकारी ने भी अपने संक्षिप्त उद्गार में बताया कि सरकार की तरफ से स्पष्ट दिशा निर्देश आते ही वे लोग आगे की गतिविधियों की जानकारी देंगे ।

पैक्स के जरिए ग्रामीण कृषकों की खाद,बीज, पूंजी व बीमा जैसी मुख्य समस्याओं के निपटारे का प्रावधान है। इस दौरान ग्रामीणों ने भी पैक्स से संबंधित कई बिन्दुओं पर आ रही मुश्किलों को बेबाक रूप से प्रस्तुत किया। आमसभा में विधायक प्रतिनिधि एकलाकुर रहमान, प्रो। हसन अनवर, पूर्व चेयरमैन ताहिर हुसैन, नुरुल इस्लाम, अरफन निशां, अरुण कुमार, रीतलाल, गणेश प्रसाद, मुजाहिर, नौशाद आलम, नूर आलम, मदस्सिर नजर, मिराजुल इस्लाम, शाहिद आलम सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।

हत्या का दोषी ठहराने पर आईओ को मिली मामूली सजा

ठाकुरगंज गलगलिया कांड संख्या 125/02 में हम लोगों को हत्या के आरोप में अनुसंधानकर्ता मो।खलील ने असत्य साक्ष्य के आधार पर दोषी ठहराया था जिसमें उन्हें बिहार पुलिस मैनुअल के नियम 824 के तहत केवल दो वर्ष की वेतन वृद्धि उनकी जब्त की गई है। यह जानकारी शनिवार को ठाकुरगंज के विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने दी। उन्होंने सूचना के अधिकार तहत प्राप्त जानकारी स्थानीय सामुदायिक भवन में पत्रकारों को देते हुए बताया कि पुलिस द्वारा अनुसंधान में लापरवाही ही नही अपितु गलत साक्ष्य प्रस्तुत करके हत्या का मुजरिम बनाकर पेश करने वाले समाज के रक्षक पुलिस को पुलिस मैनुअल के तहत जो सजा दी गई है,वह पीड़ा और वेदना को और बढ़ाने वाली तथा मामूली है। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि वे अनुसंधानकर्ता पर मानहानि का मुकदमा दायर करने के विषय में सोच रहे हैं। गौरतलब है कि इस मामले में विधायक गोपाल के अलावा सुरजापुरी विकास मोर्चा के अध्यक्ष भाई ताराचन्द को भी हत्या का अभियुक्त बनाया गया था। स्मरणीय है कि किशनगंज जिले में झूठे वाद अधिकारी से लेकर विशिष्ट जनों तक और विशिष्ट जनो के माध्यम से मामूली लोगो पर बहुत बड़े हथियार के तौर दर्ज कराई जाती है।

Thursday, October 1, 2009

ससुराल आए युवक पर पड़ोसियों ने किया जानलेवा हमला

जिले के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के जिलेबिया मोड़ स्थित बस्ती में 28 सितम्बर को छपरा जिला से ससुराल में दशहरा का मेला देखने आए एक युवक को ससुराल पर पडोसियों ने जानलेवा हमला किया और भागते समय से गले से सिकड़ी आदि छीन लिया । सिर पर धारदार हथियार से वार किया गया है जिससे जान भी जा सकती हैं,लेकिन पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से नही लिया। इसका विरोध करते हुए पीड़ित पक्ष द्वारा जिला मुख्यालय में बुधवार को शिकायत दर्ज कराई गयी है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक पीड़ित युवक अनुज गिरी ने घटना के दिन 28 सितम्बर को प्राथमिकी दर्ज करायी जिसे पुलिस ने फाड़कर दूसरे कागज पर हस्ताक्षर कराकर साधारण मामला दर्ज किया है। पीड़ित पक्ष के साथ आए ग्रामीणों ने आरक्षी अधीक्षक चौरसिया चन्द्रशेखर आजाद से मिलकर सिर और गले में काला निशान बन जाने का घावभी दिखाया, जो क्रम से धारदार हथियार और गले का चैन छीनने से बना प्रतीत होता है। एसपी श्री आजाद ने मामले को मुख्यालय डीएसपी को देखने का आदेश दिया है। डीएसपी श्री सिंह ने पीड़ितों को न्याय दिलाने का आश्वासन देते हुए कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जायेगा। उधर ठाकुरगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि आवेदन के आधार पर ही प्राथमिकी दर्ज की गई । वैसे पीड़ित पक्ष अनुज गिरि और दूसरा पक्ष राजेन्द्र चौधरी, विजय कामती, महेन्द्र कामती से पूर्व से ही रंजिश था। मूर्ति विसर्जन के क्रम में दोनों गुट नशे में धुत थे।

Wednesday, September 30, 2009

किशनगंज को खूबसूरत जगह बनाना सभी का दायित्व

मध्य विद्यालय परिसर में दशहरा पर्व के नवमी को ईद सह दशहरा मिलन समारोह का आयोजन किया गया जिसमें बतौर मुख्य अतिथि सांसद असरारुल हक काशमी ने कहा कि किशनगंज को खूब सूरत जगह बनाना सभी का दायित्व है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के पहल पर आयोजित इस मिलन समारोह की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष इसहाक आलम व संचालन उपाध्यक्ष मदन मोहन साहा ने किया। इस दौरान सांसद मौलाना असरारुल ने पर्व त्योहार के औचित्य पर प्रकाश डालता एवं लोगों से एक दूसरे के प्रति इंसानियत व भाइचारगी बरतने के गुर भी बताए। कार्यक्रम को संबोधित करने वालों में मुख्य रूप से पूर्व मंत्री जाहिदुर्रहमान, पूर्व जिला पार्षद इंतखाब आलम उर्फ बबलू, अतिबुर रहमान, मुसब्बिर आलम, इमरान आलम, हेडमास्ट अब्दुल कैयूम, सुखदेव कर्मकार, रफीक आलम व मिसकात आलम आदि थे।

नकली नोट: बैकों से बरामद हुए हैं करोड़ो के मूल्य का रूपए

पिछले कई वर्षो से जाली नोटों की बरामदगी देश के हर कोने से हो रही है। इस सूची में बैंकों का नाम भी है,जहां से लाखों नहीं करोड़ों रुपए मूल्य के नकली नोट मिले हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक भारतीय स्टेट बैंक की अलीगढ़ शाखा से दिसम्ब्र 07 में 12।66 लाख रुपये के जाली नोट बरामद हुए थे। फिर उसी शाखा से 07 अगस्त को 46।24 लाख रुपये के जाली नोट मिले। यह मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि उत्तरप्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से डेढ़ करोड़ के जाली नोटों की बरामदगी ने पूरे मामले को ही उलझा कर रख दिया।

इस मामले की जांच के बाद ऐसे गिरोह का पर्दाफाश हुआ जिसमें बैंक कर्मचारी तक शामिल थे ं। जानकारों के अनुसार हर वर्ष देशभर में औसतन 6 करोड़ के जाली नोट बरामद होते हैं। दिनों दिन बढ़ती इस समस्या से निपटने में सरकार अब तक नाकाम रही है। अब तक माना जाता रहा है कि 1000 एवं 500 रुपये के जाली नोट ही प्रचलन में है। परंतु बाजारों में 100, 50, 20 एवं 10 के जाली नोटों भी भारी मात्रा में प्रचलन में है। माना जाता है कि पाकिस्तान एवं नेपाल में जाली नोट छपकर विभिन्न मार्गो से भारत में पहुंचते हैं। परंतु बैंकों के चेस्ट में इनका पहुंचना अत्यंत चिंता का विषय है। बिना बैंक कर्मियों के सांठगांठ के ऐसा नहीं हो सकता है। अब तो एटीएम से भी जाली नोट मिलना आम बात है।

पैक्स चुनाव: दिघलबैंक के सैकड़ों मतदाताओं का नाम सूची में नदारद

भौगोलिक दृष्टिकोण से दो नदियों के बीच बसा हुआ है प्रखंड क्षेत्र अन्तर्गत स्थित कई ग्राम पंचायतें । इस बार 18 अगस्त को अचानक प्रलयंकारी बाढ़ आई जिससे ये सभी ग्राम पंचायतें अभी भी प्रभावित हैं। सतकौआ पंचायत अंतर्गत नैनभीट्टा घाट का है। जहां नव निर्मित मुख्यमंत्री सेतु धंस जाने व एप्रोच बह जाने से लोगों का आर-पार होना असंभव हो गया है। जिससे मुख्यत: सतकौआ, लोहागाड़ा व लक्ष्मीपुर पंचायत के दर्जनों गांव के लोग प्रभावित हैं तथा यहां के लोगों के लिए आज भी मुख्य सड़क तक पहुंच पाना या प्रखंड मुख्यालय व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तक पहुंच पाना एक चुनौती से कम नहीं है क्योंकि इसके अलावे दो गिरजा गांव स्थित पुल का एप्रोच व नैनभीट्टा घाट तथा दोगिरजा गांव के बीच भी सड़क बह गया है। जहां लोगों को जान जोखिम में डालकर चचरी पार करना पड़ रहा है।

नैनभीट्टा घाट पर मौजूद यात्रियों से पैसे वसूली कर रहे जागो महतो ने बताया कि चचरी उनके व उनके कुछ ग्रामीणों द्वारा निजी पैसों से बनाया गया है। फलत: वे उगाही कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि बाढ़ के दस दिन बाद तक आवागमन को सुचारू बनाने के लिए जब किसी ओर से कोई प्रयास नहंी किया गया तब उनके द्वारा यह वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। वहीं स्थानीय मुखिया शंकर गुप्ता आनंद ने बताया कि धान कटनी के बाद कटानों में मिट्टी भराई कार्य कराया जाएगा।

साथ ही उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सेतु निर्माण में ही व्यापक अनियमितता हुई है व इस संदर्भ में निर्माण के दौरान ग्रामीणों द्वारा अभिकर्ता सहित विभागीय अधिकारी से भी शिकायत की गई थी। जिस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं लोहागाड़ा पंचायत के मुखिया बहारअली व लक्ष्मीपुर के मुखिया अखलेसुर रहमान ने बताया कि इस मार्ग के अवरुद्ध हो जाने से उन्हें या उनके पंचायत क्षेत्र क्षेत्र के लोगों को प्रखंड मुख्यालय आदि तक पहुंचने हेतु अनावश्यक लम्बी दूरी तय करनी पड़ती है।

भूमि माफियाओं ने दर्ज कराई 29 को प्राथमिकी : पुलिस अधीक्षक

सत्ताइस अगस्त की घटना में केवल मारपीट हुई और अन्य आरोपों को कांड को गंभीर बनाने के लिए लगाए गए व 29 अगस्त को कोई घटना नही हुई है। भूमि माफियों के बहकावें में आकर वादी द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराने का मामला प्रतीत होता है। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक किशनगंज चौरसिया चन्द्रशेखर आजाद ने दी। वे किशनगंज थाना कांड संख्या 235/09 व 256/09 के वाद को झूठा पाने या तीन को तेरह बताने की रिपोर्ट को ले एक साथ कई बिन्दुओं पर जांच करने का आदेश के सवाल पर जागरण से 26 सितम्बर को बातचीत कर रहे थे। ये दोनों मामले विलासो देवी पति स्वर्गीय नानू महतो निवासी सिमलाबाड़ी थाना व जिला किशनगंज का है।
गौरतलब है कि इस मामले को ले जागरण ने 11 से 14 सितम्बर तक सिलेसिलेवार खबरों को घटना स्थल से प्रकाशित किया था। जिसकी पुष्टि अब पुलिस अधीक्षक श्री चौरसिया ने भी की औैर बताया कि वादी की कथित बेटी से भी पूछताछ में मामले की पुष्टि नही हुई। उन्होंने कहा कि इसी मुतल्लिक थानाध्यक्ष को किन-किन भूमि माफियाओं के बहकावे में आकर वादी द्वारा यह कांड दर्ज कराया गया है,पता करने के साथ कांड दर्ज करवाने के पीछे यदि कोई अन्य कारण हो तो कांड दैनिकी में अंकित करने, स्वतंत्र साक्षियों का बयान लेने और कांड दैनिकी को अविलम्ब समर्पित करने का आदेश दिया गया है। एक सवाल पर एसपी श्री चौरसिया ने जानकारी दी कि इससे पहले दर्ज कांड संख्या 235/ 09 में दोनों पक्षों के जमीन संबंधी कागजात, वादी विलासो देवी को इन्दिरा आवास आवंटित करने का आधार, वादी को इन्दिरा आवास किस खाता-खसरा नम्बर पर आवंटित किया गया है, विवादित जमीन की रसीद वर्तमान में किसके नाम से कट रही है,को भी पता करके कांड दैनिकी में पुलिस दर्ज करेंगी ।
इससे पहले उन्होंने बताया कि वादी के नाम से निर्गत बासगीत पर्चा और उसकी खारिज-दाखिल की जांच या खारिज-दाखिल नही हुआ की जांच, घटना के समय काम कर रहे मजदूर और मिस्त्री का बयान आदि को कांड दैनिकी में दर्ज करने के साथ दोनों पक्षों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। फिलहाल सभी लोगों के सम्मिलित प्रयास से कोई जगह खूबसूरत बनती है। गरीबों को उकसा कर झूठी प्राथमिकी दर्ज कराने वालों की पोल खोलने से ऐसे वादों पर अंकुश लगते हैं तो जिला पुलिस अधीक्षक श्री चौरसिया को किशनगंज जिला हमेशा याद रखेगा।

नियोजक को बंधक बना कर्मियों ने किया पुलिस के हवाले

चा‌र्ल्स रोबर्ट डार्विन नामक गैर सरकारी संस्था के कर्मियों ने 27 सितम्बर को ठगी का मामला उजागर किया। इस आरोप में एक पदाधिकारी को पुलिस के हवाले किया गया है। जानकारी के मुताबिक जिला क्षेत्रीय पदाधिकारी अबसार आलम को 45 सौ रुपये मासिक मानदेय पर रखा गया था जिसका नियुक्ति पत्र एलपी श्रीवास्तव द्वारा जारी किया गया है। इस प्रकार जिले में कुल एक सौ बहत्तर लड़कों को मानदेय पर रखा गया है। सभी से नौ नौ हजार रुपये की अवैध राशि ओमप्रकाश गुप्ता एवं एल पी श्रीवास्तव ने लिया है।

आठ माह कार्य करने के बाद मात्र एक माह का मानदेय दिया है । इसके बाद ओमप्रकाश को बुलाकर सफीर आजम, अफरोज अंजूम, शादीक अनवर, मो. नजम, मो. मगफूर, शहीम कैशर, राजकुमार आदि ने उन्हें ठगी के मामले में थाना प्रभारी कोचाधामन के हवाले कर दिया। इस मामले के भंडाफोड़ में मास्टर मुजाहिद आलम की खास भूमिका रही। पूछताछ के क्रम में थानाप्रभारी राजीव कुमार कई बड़े लोगों का हाथ बताए जिसमें एनजीओ के अध्यक्ष डा. अनिता सिन्हा मुख्य हैं।

Tuesday, September 29, 2009

अभिकर्ताओं ने एलआईसी शाखा के सामने कमीशन का किया विरोध

स्थानीय एलआईसी शाखा कार्यालय के समक्ष शुक्रवार को अभिकर्ताओं ने स्वरूप कमीशन के विरोध में धरना-प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। गौरतलब हो कि वर्ष 2011 से सभी बीमा अभिकर्ताओं का कमीशन समाप्त करने की सिफारिश की गई है जिससे देश के तीस लाख से अधिक अभिकर्ता बेरोजगार हो जायेंगे। अभिकर्ताओं द्वारा आज धरना-प्रदर्शन के कारण बीमाधारकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। धरना में अभिकर्ता संघ के अध्यक्ष सी.एम.सिंह, सचिव नुरूल इस्लाम, कोषाध्यक्ष अमित दास, अजय सिन्हा, सुनील कांत सिंह, शिबू घोष, नारायण घोष, दिलीप सिन्हा, सुरेश जैन, तरूण सिन्हा, वीरेन्द्र कुमार, अब्दुल हफीज, सत्यव्रत पोद्दार, संजीव सिन्हा, मो. महफूज, बीणा रानी, हिरेन कुमार दास, श्यामल, सुजीत, साजिद, मुंतसिर, निर्भय, शिव शंकर गुप्ता, अरूण यादव, नोनी सिंह, के.के.पाठक, अजय घोष व अन्य अभिकर्ता शामिल हुए ।

Friday, September 25, 2009

ईद मिलन समारोह: मजहब नही सिखाता आपस में बैर करना

ईद मिलन समारोह और दशहरा पंर्व की शुभकामनाएं देने के लिए स्थानीय प्रखंड क्षेत्र के महीन गांव पंचायत में सरपंच सैफुल्ला ने गुरूवार को एक समारोह का आयोजन किया जिसमें कांग्रेसी सांसद मौलाना असरारुल हक काशमी का राजद विधायक किशनगंज अख्तरुल ईमान सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने माला पहनाकर इस्तकबाल किया। इस अवसर पर संासद श्री हक ने मानवता के संदेश देते हुए कहा कि ईद और दशहरा को दोनो पर्व मोहब्बत का संदेश देता है।

जो इंसान ऊपर वाले को मानते हैं, वे सामने वाले को जरुर मानेंगे। यदि सामने वाले को भी ऊपर वाले की मानेंगे तो मानवता का इतिहास भविष्य में और गहरा होता जाएगा। उन्होंने कहा कि हिन्दू और मस्लिम दोनो ऊपर वाले में घोर विश्वास करते हैं,जिसे मानवता को जीवित रखने के लिए आगे आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। ईद मिलन और दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं,समारोह के साथ अदा करने के पीछे नयी पीढ़ी को अपनी परंपरा से अवगत कराना मुख्य लक्ष्य होना चाहिए ।

इससे पहले विधायक श्री ईमान ने कहा कि अमीर और गरीब के धन में जिस प्रकार कोई अंतर नही है,उसी प्रकार से ईद और दशहरा में भी कोई अंतर नही है। उन्होंने कहा कि यह शत प्रतिशत सही है कि मजहब नही सिखाता आपस में बैर करना। सभी धर्म में मोहब्बत के पैगाम का संदेश दिया गया है। कार्यक्रम का संचालन महीन गांव के सरपंच श्री सैफुल्ला और अध्यक्षता वारिष्ठ कांग्रेसी नेता सादिक समदानी ने किया।

गौरतलब है कि इस अवसर पर आसपास के गांवों के आम और खास व्यक्तियों के अलावे ग्राम कचहरी पंच, ग्राम पंचायत वार्ड सदस्य, गणमान्य नागरिकगण आदि मौजूद थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में मास्टर ऐनुल हक, मुखिया जियाउल हक, किसान श्री हाजी जमील साहब, मुश्ताक साहब, साउस मागिया, नसीम अख्तर, अब्दुल रज्जाक, सज्जाद साहब, शरीफ आलम और सरपंच दौला मो। इस्लाम इत्यादि ने सहयोग किए।

मै कथनी में नहीं, करनी में विश्वास करता हूं : डीएम

मैं कथनी में नहीं करनी में विश्वास करता हूं, बातें कम और काम ज्यादा चाहता हूं। ये अल्फाज हैं डीएम फेराक अहमद के। श्री अहमद 24 सितम्बर को समाहरणाय के सभागार में आम आदमी बीमा योजना व कृषि गोष्ठी को ले अलग-अलग हुई बैठक को संबोधित कर रहे थे । आम आदमी बीमा योजना से संबंधित बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारियों की ख्िाचाई करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी ढि़लाई से ही आजतक जिले में आम आदमी बीमा योजना का सफल कार्यान्वयन नहीं हो पा रहा है तथा आम आदमी इस योजना से लाभान्वित नहीं हो पा रहा है। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारियों को जगने को कहा जिससे यथाशीघ्र सरकार की इस महत्वकांक्षी जनकल्याणकारी योजना का सफल कार्यान्वयन हो सके। आज की इस बैठक में उपविकास आयुक्त ललन जी, अपर समाहर्ता श्याम कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी खुर्शीद आलम, डीएम के विशेष कार्य पदाधिकारी उदयशंकर चौधरी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी समेत कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।


इससे पहले श्री अहमद ने कहा कि कृषि क्षेत्र में क्रांति लाने तथा कृषि विकास से संबंधित सारी योजनाओं के सफल एवं शीघ्र कार्यान्वयन हेतु कृषि विकास से संबंधित बैंक, बागवानी, आस्था, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के पदाधिकारियों को जगना होगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि विकास पर आधारित जागरूकता शिविर का आयोजन करना होगा । श्री अहमद समाहरणालय के सभागार में जिला कृषि टास्क फोर्स की बैठक में कृषि पदाधिकारियों, बैंक के प्रबंधकों एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों को सम्बोधित कर रह थे । इस बैठक में जिनकी उपस्थिति उल्लेखनीय रही उनमें प्रमुख हैं जिला कृषि पदाधिकारी संतलाल प्रसाद साहा, लीड बैंक प्रबंधक प्रदीप कुमार गुप्ता, नावार्ड के प्रबंधक संजय मिश्रा, सभी प्रखंडों के प्रखंड एवं कृषि विकास पदाधिकारी मौजूद थे।

कोर बैंकिंग सेवा चालू होने से ग्रामीणों में खुशी

रायपुर खरखरी शाखा बैंक आफ बड़ौदा को कोर बैकिंग सेवा से जोड़ दिये जाने पर पड़लाबाड़ी, दामलबाड़ी तथा रायपुर पंचायत क्षेत्र के लोगों में काफी खुशी है। यह जानकारी गुरुवार को ग्रामीणों के हवाले से स्थानीय मुखिया शरबतिया लाल, महिला मुखिया सुनोती देवी तथा असगरी बेगम ने दी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक देश के अंदर ही नहीं, बल्कि विदेश के किसी भी कोने से मिनटों में परिजनों से पैसों का लेन देन क्षेत्र के लोग कर सकते हैं।।

तीस्ता-तोस्ता ट्रेन से 17 बोरा विदेशी समान जब्त, हड़कंप

कस्टम एवं आरपीएफ के संयुक्त रूप से तीस्ता-तोस्ता ट्रेन(3142) के लीज एसएलआर में गुरूवार को की गई छापेमारी में 17 बोरा विदेशी समान जब्त किया है। हालांकि समाचार प्रेषण तक बोरा को नहीं खोला गया और न ही सीजर लिस्ट बनाया गया था। फिलवक्त जब्त सामानों को पार्सल कक्ष में रखा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कई महीनों से कस्टम एवं आरपीएफ ने दार्जलिंग मेल, कंचन जंघ्घा, कामरूप एक्सप्रेस ट्रेनों में छापेमारी करने का प्रयास किया लेकिन रेलवे कर्मियों के असहयोगात्म रवैया के कारण सफलता नहीं मिल पा रही थी।

लेकिन लगातार समाचार पत्रों में इस प्रकार की खबरें प्र्रकाशित होने पर आलाधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट होते ही बुधवार को तीस्ता-तोस्ता एक्सप्रेस से लाखों रूपये के विदेशी समान जब्त कर सबकों चौंका दिया। विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार छापेमारी डीआरआई लखनऊ निर्देश पर की गई है। उधर छापेमारी से तस्करों में हड़कंप मच गया है। छापेमारी का नेतृत्व कस्टम अधीक्षक एमएम शर्मा और आरपीएफ इंस्पेक्टर समबीत राय ने की । जबकि सहयोगी के रूप में कस्टम निरीक्षक आर.के.जायसवाल, रमेश शर्मा व आरक्षी, आरपीएफ के अवर निरीक्षक एस.सी.मंडल, सहायक अवर निरीक्षक आर.के.पासी, हेड कांस्टेबुल सत्यदेव सिंह, कस्टम हिरोज कुमार सिंह शामिल थे।

Thursday, September 24, 2009

शहरवासियों को देना होगा अधिक होल्डिंग टैक्स

अब शहरवासियों को देना पड़ेगा अधिक होल्डिंग टैक्स। बुधवार को आयोजित नगर परिषद की बैठक के उपरांत कार्यपालक पदाधिकारी अनिल कुमार ने यह जानकारी देते हुए बताया कि एक अप्रैल 2010 से होल्डिंग टैक्स का नया दर लागू होगा। नए बढ़े हुए कर निर्धारण सड़कों की अवस्थिति के अनुसार किया गया है। मुख्य सड़क पर स्थित मकानों के लिए अधिक कर देने होंगें, जबकि गली-टोलों के मकानों का होल्डिंग टैक्स कम रहेगा। वहीं नप की बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक वार्ड में एक-एक सार्वजनिक शौचालय बनाये जाएंगे। बैठक में नप अध्यक्ष सीबिया देवी, उपाध्यक्ष त्रिलोकचंद जैन एवं सभी वार्ड आयुक्त उपस्थित थे।

गबन : मजदूरों के खातों से निकाल ली गयी राशी

स्थानीय प्रखंड के लौचा पंचायत में नरेगा के तहत पंजीकृत मजदूरों का मजदूरी कार्य समाप्ति के पांच माह बाद भी भुगतान नहीं किया गया है। पंचायत अधीन तीन योजनाओं में करीब एक सौ मजदूरों ने कार्य किया है। बतौर अग्रिम चार सौ रुपये दिये जाने के बाद मजदूरी का भुगतान लंबित है। जबकि पंजीकृत मजदूरों के लौचा डाकघर बचत खाता से रकम की निकासी कर ली गयी है।

बुधवार को करीब पचास पंजीकृत मजदूरों ने जाबकार्ड व पासबुक दिखाते हुए यह जानकारी दी। लौचा श्रमिक सहयोग समिति के सचिव शफीक आलम ने बताया कि पंचायत रोजगार सेवक सीमांत मोहन व पोस्टमास्टर की मिली भगत से मजदूरों का मजदूरी गबन कर लिया गया है। जबकि खाता मजदूरों के पास नहीं होकर उक्त दोनों ने रखा है। पंजीकृत मजदूरों में रीतेश पासवान, मालती देवी, महेन्द्र पासवान, नमीता देवी, खुर्शीद आलम, सीता देवी, योगेन्द्र पासवान, अशोक हरिजन, शंकर हरिजन, बरसातु, तमन्ना, महेन्द्र,साकिर आदि के नाम हैं जिनके खाते में शेष राशि शून्य है। जबकि मजदूरों को राशि का भुगतान नहीं किया गया है।

इस संबंध में पंजीकृत मजदूरों ने जिला पदाधिकारी जिला परिषद अध्यक्ष, एसडीओ सहित अन्य विभागीय अधिकारियों से गुहार लगायी है। जबकि श्रमिक नेता श्री आलम द्वारा रोजगार सेवक के विरुद्ध श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी व निरीक्षक न्यूनतम मजदूरी अधिनियम के कार्यालय में ज्ञापांक 143 दिनांक 18.09.09 के तहत वाद भी दायर किया है।