Thursday, May 6, 2010

उपमुख्य पार्षद के खिलाफ सदस्यों ने लाया अविश्वास प्रस्ताव

ठाकुरगंज नगर पंचायत के उपमुख्य पार्षद कृष्ण कुमार सिन्हा के खिलाफ वार्ड पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव की नोटिस कार्यपालक पदाधिकारी डा. महेन्द्रपाल को सौंपी। बुधवार को ठाकुरगंज नगर पंचायत कार्यालय में आठ पार्षदों के हस्ताक्षर युक्त आवेदन को समर्पित कर वार्ड पार्षद रविलाल राय ने इस बाबत जल्द कार्रवाई की मांग कार्यपालक पदाधिकारी से की है। दिये गये आवेदन में उपमुख्य पार्षद के कार्यकलापों से असंतुष्ट हो अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने की बात कहीं गई है। अविश्वास प्रस्ताव पर लिपिका राहा, राजेश पंडित, रविलाल राय, नसीमन निशा, अनिल महाराज, सोना देवी, सुशीला देवी एवं ढेला बेसरा के हस्ताक्षर है। 12 सदस्यीय नगर पंचायत में आठ वार्ड पार्षदों के एकजुट होने के बाद राजनैतिक सरगर्मी अचानक तेज हो गई है। वहीं इस पूरे मामले पर क्षेत्र से बाहर रहने के कारण उप मुख्य पार्षद कृष्ण कुमार सिन्हा से संपर्क नहीं हो पाया।

बेशकीमती क्वार्ज पत्थर से लदा ट्रक जब्त, चालक फरार

झारखंड के गिरीडीह वन प्रमंडल के गामा परिक्षेत्र के देवरी बीट अंतर्गत चहल वन से तस्कर द्वारा क्वार्ज पत्थर ट्रक में भरकर भूटान भेजने के क्रम में बुधवार को किशनगंज वन प्रक्षेत्र के पदाधिकारी व कर्मी के अलावे स्थानीय पुलिस की सहयोग से बस स्टैंड के समीप ट्रक को जब्त कर लिया। जबकि ट्रक चालक व खलासी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पत्थर का अनुमानित मूल्य दस लाख रूपये आंका गया है। अभियान का नेतृत्व सहायक वन संरक्षक गिरीडीह बी.बी. सिंह कर रहे थे।

मिली जानकारी के अनुसार गिरीडीह के चहाल जंगल से 03 अप्रैल को तस्करों द्वारा ट्रकों में भरकर भूटान जाने की सूचना मिलने पर वन विभाग के आलाधिकारी ट्रक का पीछा करना शुरू किए। तस्कर बड़ी चालाकी से चतरा से देवघर होते हुए भागलपुर के रास्ते राष्ट्रीय राजमार्ग होते हुए पश्चिम बंगाल के बारहडीहा के समीप पहुंचे ,जहां वन कर्मियों की नजर ट्रक संख्या जेएच 11 एफ 4001 पर नजर पड़ी,लेकिन ट्रक चालक फोर लेन में तेजी से अपने गंतव्य की ओर बढ़ते गए जिन्हें बस स्टैड किशनगंज के समीप ब्रेकर रहने के कारण हत्थे चढ़ गए । इतने में पहले से घात लगाये हुए किशनगंज वन प्रक्षेत्र कर्मी और पुलिस ने ट्रक को घेर लिया। बस स्टैंड होने के कारण लोगों के भीड़ का फायदा उठाकर चालक व खलासी फरार हो गया। इस अभियान में देवरी के वनपाल पीतेश्वर महतो, वन आरक्षी राम अवधेश सिंह, नागेश्वर प्रसाद के अलावे किशनगंज प्रक्षेत्र के कर्मी व पुलिस मौजूद थे।

बारह वर्षो से फरार अभियुक्त चढ़ा पुलिस के हत्थे, जेल

कोचाधामन थाना क्षेत्र से लगभग 12 वर्षो से फरार वारंटी अब्दुल कलाम को मंगलवार की रात्रि थाना प्रभारी संजय कुमार गिरफ्तार करके न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार जीआर 445/99 धारा 498 ए के वारंटी ग्राम पंचायत बलिया के संगी गांव निवासी अब्दुल कलाम काफी समय से पुलिस को चकमा देता आ रहा था। जिस कारण अभियुक्त के घर कुर्की जब्ती भी की गई थी। मंगलवार को गुप्त सूचना के आधार पर अभियुक्त के गांव संगी से रात्रि में थाना प्रभारी ने गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेज दिया। गिरफ्तारी के दौरान एसआई राजेन्द्र शर्मा भी उपस्थित थे।

Wednesday, May 5, 2010

बैंक प्रबंधक से 12 लाख की लूट

दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन अपराधियों ने मंगलवार को उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक शाखा पोठिया के प्रबंधक जमुना प्रसाद पोद्दार से 12 लाख रुपए लूट लिये। घटना पोठिया-इस्लामपुर पथ पर जालुचौक तथा बाघमारा के बीच हुई। बैंक प्रबंधक मारुति वैन से किशनगंज से रुपए निकालकर पोठिया प्रखंड मुख्यालय स्थित बैंक जा रहे थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा मामले की तहकीकात की। एसपी डा. चन्द्रशेखर चौरसिया ने बताया कि मैनेजर को सुरक्षा गार्ड के साथ जाना चाहिए था।

जानकारी के मुताबिक दोपहर करीब डेढ़ बजे पोठिया इस्लामपुर पथ पर जालुचौक तथा बाघमारा के बीच सुनसान स्थल पर उस वक्त लूट की घटना घटी जब किशनगंज स्थित मुख्य शाखा से 12 लाख रुपए लेकर बिना किसी सुरक्षा गार्ड के ही शाखा प्रबंधक पोठिया अपने बैंक आ रहे थे। इसी दौरान घात लगाए दो मोटरसाइकिलों के साथ तीन युवक मारुति के आगे अपनी बाइक खड़ी कर दी। अचानक इस खतरे से बेपरवाह ड्राइवर ने पहले गाड़ी साइड से निकाल कर भगाने का प्रयास किया। इस दौरान एक अपराधी मारुति के ड्राइवर के कनपट्टी पर रिवाल्वर सटाकर गाड़ी की चाबी छीन ली। दूसरे अपराधी ने मारुति में पीछे बैठे बैंक मैनेजर से काली बैग, जिसमें राशि रखी हुई थी तथा उनका मोबाइल छीनकर पश्चिम बंगाल की ओर फरार हो गए।

 घटना के बाद एसडीपीओ कामिनी बाला, ठाकुरगंज इस्पेक्टर एस.एन. सिंह, पोठिया थानाध्यक्ष मितेश कुमार, ठाकुरगंज थानाध्यक्ष रत्‍‌नेश जमादार तथा बड़ी संख्या में पुलिस जवान पहुंचकर अपराधियों के हरसंभव रास्ते की छानबीन की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इस बीच पुलिस बैंक मैनेजर तथा मारुति वैन डब्लूबी 74 एम/3201 के ड्राइवर बादल मंडल से भी आवश्यक पूछताछ में जुटी हुई है। ग्रामीणों की मानें तो अपराधी पल्सर मोटरसाइकिल लेकर लगभग पौने घंटा से यहां चहल-कदमी कर रहे थे।

श्रमिक जाब कार्ड से राशि निकासी करने का आरोप

श्रमिक जाब कार्ड से पंचायत वार्ड सदस्य द्वारा राशि निकासी करने का आरोप तात पौआ पंचायत के जाब कार्डधारी ने लगाया है। जांब कार्डधारी ने इसकी जांच की मांग प्रखंड विकास पदाधिकारी से किया है। श्रम दिवस के अवसर पर श्रमिकों के साथ हो रहे जनप्रतिनिधियों द्वारा लूट खसोट का उदाहरण देते हुए तातपौआ पंचायत के सुरीभीट्टा निवासी मो. मतीबुल पिता उसमान उम्र 54 ने प्रखंड विकास पदाधिकारी ठाकुरगंज को आवेदन सौंपते हुए कहा कि मेरी निर्धन देख मुझे राज्य सरकार की ओर से श्रमिक जाब कार्ड क्रमांक 46 ग्राम पंचायत मुखिया तातपौआ द्वारा वर्ष 2006 में निर्गत किया गया।

 निर्गत कार्ड में मेरी पत्‍‌नी मलेखा खातून का भी नाम दर्ज किया गया है। वर्ष 2006 में कार्ड निर्गत होने के बाद नरेगा कार्य में मानव दिवस के रूप में कार्य कराने हेतु पंचायत के बारी मजदूरों को कार्य दिया गया या खानापूर्ति हेतु जनप्रतिनिधियों ने अपने सगे संबंधियों को कार्य दिया। पंचायत रोजगार सेवक ने बड़े चालाकी के साथ वार्ड सदस्य फैजउद्दीन के मार्फत मेरा जाब कार्ड यह कहकर मंगाये कि बेरोजगार भत्ता प्रदान की जायेगी। जाब कार्ड की मांग करने पर तीन वर्षो तक टालमटोल करता रहा। हिन्द खेत मजदूर पंचायत के प्रदेश महामंत्री अलीमउद्दीन अंसारी के दबाव में मुझे जाब कार्ड लौटाया गया। 

 जाब कार्ड में मेरी पत्‍‌नी के नाम पर 42 दिन कार्य दिखाकर कर 3444 रुपया तथा मेरे नाम पर सात दिन कार्य दिखाकर 574 रुपये, मास्टर रोल क्रमांक 62576, 62506, 62595, 62603, 62611 तथा 72582 में नरेश कुमार पंचायत रोजगार सेवक द्वारा जनप्रतिनिधियों से सांठ-गांठ कर निकासी कर ली गई। जाब कार्ड में कादोगांव रहीम के घर से डोम सड़क होते हुए एलआरपी रोड तक सड़क सह कलभर्ट निर्माण दिखा गया है। मै तथा मेरी पत्‍‌नी ने जाब कार्ड में निकाली गई राशि के संबंध में जब पंचायत रोजगार सेवक से पूछा तो कहा कि वार्ड सदस्य से मिलकर पता करो कि फर्जी निकासी कैसे की गई है। पोस्ट मास्टर से मिलने पर मुझे डांट डपट कर भगा दिया गया।

पद रिक्त रहने से उद्यान विभाग का कार्य प्रभावित

किशनगंज जिला में फल फूलों की खेती करने वालों के लिए अनुकूल मौसम है। पर्याप्त उर्वरा शक्ति लिए हुए यहां की मिट्टी है लेकिन प्रशिक्षित किसानों एवं उचित सरकारी संरक्षण के अभाव में जिले में बागवानी की खेती को गति नहीं मिल रही है। कागज के पन्नों पर जो भी उपलब्धियां दिखाई पड़ती हो, धरातल पर स्थिति बिल्कुल विपरीत है। बागवानी के लिए जो अत्याधुनिक सिंचाई सुविधा चाहिए, वैसी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं है। इस संबंध में पूछे जाने पर जिले के प्रभारी उद्यान पदाधिकारी संतलाल प्रसाद ने बताया कि काफी अर्से से जिला उद्यान पदाधिकारी का पद रिक्त है। अनुमंडलीय उद्यान पदाधिकारी प्रभार में थे ,जो स्थानांतरित हो चुके है। सम्प्रति उन्हे प्रभार सौंपा गया है, लेकिन इस विभाग में कर्मचारियों की घोर अभाव है। फलत: राशि का उपलब्धता के बावजूद जिले में फल फूलों मशालों एवं औषधीय पौधों की खेती को गति नहीं मिल रही है लेकिन इसे गति प्रदान करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई जारी है।

Tuesday, May 4, 2010

कांग्रेस के सम्मेलन में कार्यकर्ताओं की उमड़ी भीड़

प्रखंड अध्यक्ष मो. जहांगीर आलम के अध्यक्षता में एक दिवसीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन सोमवार को किया गया जिसे बतौर मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री डा. मो. जावेद आजाद ने संबोधित किया । इस मौके पर विभिन्न पंचायतों के हजारों कार्यकर्ता मौजूद थे । श्री जावेद ने अपने भाषण में कहा कि मैं भेदभाव और बेईमानी से बहुत दूर हूं, मेरे नजर में पार्टी में जितनी इज्जात जहांगीर साहेब की है उतनी योगेन राय की है। इस मौके पर विभिन्न दलों से 38 लोग पार्टी में शामिल हुए और सदस्यता ग्रहण किये। इस मौके पर मुख्य रूप से गौतम कुमार, प्रभुत्व कुमार सिंह, जगदीश दास, विजय कुमार,संजीव कुमार,निलखंड सिंह, हरिपद सिंह, सुपोल सिंह, साधू सिंह, पारितोष सिंह, भरत कुमार सिंह, राजेन्द्र प्रसाद सिंह, कामेश्वर पांडेय, मुकरु सिंह, योगेन हरिजन, दुर्गा प्रसाद साहा, सुपेन कुमार, रामलाल कर्मकार, विजय कुमार दास, धनपत दास, मनोहर दास, सूर्यमोहन सिंह, मधुसूदन सिंह, मदन कुमार, कृष्णा कुमार सिंह, हरिमोहन हरिजन,देवलाल राम, नरेन्द्र , सुबोध सहित अन्य सभी माला पहनाकर डा. जावेद द्वारा पार्टी में सदस्यता ग्रहण कराया गया। इस एक दिवसीय कार्यक्रम में पुराने कांग्रेसियों में मुख्य रूप से ठाकुरगंज के प्रखंड अध्यक्ष मो. आफाक आलम, किसान सेल के अध्यक्ष मो. फैयाज आलम, युवा कांग्रेस से मो. आविद, मो. आदिल, पूर्व उपप्रमुख जोगेनलाल, मो. हुसैन, मुखिया प्रतिनिधि डुब्बानोची मो. इमरान, नजीर आलम, धर्मेन्द्र दास आदि उपस्थित थे।

प्रशासन ने विधायक के दबाव में दर्ज की नामजद प्राथमिकी

टै्रक्टर दुर्घटना में छात्रा मैरुन निशा की मौत के बाद प्रशासन द्वारा 12 लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज किये जाने के विरोध में राजद लोजपा द्वारा सोमवार को नुक्कड़ सभा का आयोजन डीडीसी मार्केट में किया गया। जिसमें सभी वक्ताओं ने एक स्वर से प्रशासन की कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे राजनैतिक दबाव का परिणाम बताया। राजद प्रखंड अध्यक्ष मुश्ताक आलम ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि नीतीश के राज में बेटी के मरने पर मातम मनाने का अधिकार भी ठाकुरगंज में छिन लिया गया है।

 प्रशासन पर राजनैतिक कार्यकर्ता के रूप में कार्य करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने विधायक की कार्यशैली पर कई सवाल उठाये। उन्होंने विधायक द्वारा पिछले दिनों चेगा पुल एवं मुरारीगच्छ-ठाकुरगंज प्रधानमंत्री सड़क के लोकार्पण पर चुटकी लेते हुए कहा माल मिर्जा का जनता खेले होलीं। मुश्ताक आलम के अनुसार प्रधानमंत्री सड़क विधायक के प्रयास से नहीं बनती। इस सड़क का श्रेय पूर्व सांसद तस्लीमुद्दीन को उन्होंने दिया। वहीं विधायक पर दूसरे के कार्यो का झूठा श्रेय लेने का आरोप उन्होंने लगाया। सभा को संबोधित करते हुए पूर्व जिला पार्षद नौशाद आलम ने 20 अप्रैल के बाजार बंदी के बाद प्रशासन द्वारा किये गये केश पर ही कई सवाल उठाये तथा कहा यदि दुकानें जबरन बंद हुई तो किसी दुकानदार के बयान पर मामला दर्ज क्यों नहीं हुआ।

 उन्होंने केश में नामजद लोगों पर पिछले दिनों विधायक के कामकाज का विरोध करने का खामियाजा भुगतने का आरोप लगाते हुए प्रेस पर भी भड़ास निकाली। सभा को राजद नगर अध्यक्ष प्रमोद राज चौधरी, शौकत अली, किशन बाबूपासवान, राजीब पासवान, गुलाम मुस्तफा, बेचन यादव, काजी गफ्फार ने भी संबोधित किया। इस दौरान मृतक छात्रा की मौत पर दो मिनट का मौन रख उसे श्रृद्धांजलि दी गई तथा मृतक छात्रों के पिता जैनुद्दीन ने प्रशासन से केश वापस लेने की मार्मिक अपील की। नुक्कड़ सभा के दौरान कुछ वक्ताओं अपने भाषण में संसदीय मर्यदाओं को ताक पर रखकर निजी जिंदगी पर भी छिटाकंसी करने से बाज नहीं आए।

बेटी बचाओ अभियान को ले आशा कार्यकर्ताओं ने निकाली रैली

बेटी बचाओ अभियान के तहत समाज में जागरूकता लाने के उद्देश्य से सोमवार को स्थानीय प्रा. स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में शहर के मुख्य मार्ग पर आशा कार्यकर्ताओं की रैली निकाली, जो मुख्य बाजार, झांसी रानी चौक व थाना रोड का परिभ्रमण कर पुन: अस्पताल परिसर में पहुंच गोष्ठी में तब्दील हो गया है। बाल विकास परियोजना पदाधिकारी बसंती पासवान व महिला चिकित्सा पदाधिकारी डा. अनीता कुमारी के नेतृत्व में निकली रैली में चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मी व सैकड़ों आशा कार्यकर्ता साथ थी। रैली में शामिल कार्यकर्ता हाथ में बैनर व तख्ती लिये बेटी बचाओ,समाज बनाओ एवं भू्रण हत्या बंद करो जैसी नारों की रट लगा रही थी। इससे पहले स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में विषय पर आयोजित सेमीनार में वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि आज के इस दौर में बेटियां स्वस्थ व शिक्षित समाज के निर्माण में अहम भूमिका अदा कर रही है। जरूरत है कुरीतियों से ऊपर उठते हुए एक स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में हम सब आगे आयें। इस दौरान सीडीपीओ बसंती पासवान, डा. अनीता, डा. ए.पी. गुप्ता, डा. एहतमामुल हक, स्वास्थ्य प्रबंधक किशोर केशरी, प्रमोद कुमार सहित कई महिला व पुरुष स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे ।

Monday, May 3, 2010

विद्युत बोर्ड को दो हजार हर्जाना देने का आदेश

जिला उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष रामजी पाडेय ने विद्युत विभाग द्वारा गलत बिलिंग व मीटर रीडिंग भेजने के वादी का आरोपों को सही पाकर बतौर हर्जाना दो हजार रुपया देने का आदेश दिये। भगत टोली निवासी वादी अनिल कुमार सिंह के अधिवक्ता अभिनव आलोक ने जागरण को बताया कि उनके मुवक्किल को विद्युत विभाग ने 4617 यूनिट का गलत मीटर रीडिंग के साथ करीब दस हजार रुपये का विल भेजा। बार बार अनुरोध करने पर भी विभाग ने विल को नहीं सुधारा जिस कारण उपभोक्ता फोरम की शरण में जाना पड़ा। जिला उपभोक्ता फोरम ने मामले को गंभीरता से लेकर कार्यपालक अभियंता, बिहार राज्य विद्युत बोर्ड, किशनगंज को वादी अनिल कुमार सिंह को हर्जाने के रूप में दो हजार रुपये तथा मुकदमा खर्च पांच सौ रुपये एक माह के अंदर देने के साथ विल को सुधार करने का भी आदेश दिये है।

बांग्लादेश से नहीं होती मानव तस्करी : डीएम

जिले में दशकों से बांग्लादेश से हो रही मानव तस्करी के संबंध में पूछे जाने पर जिला पदाधिकारी फेराक अहमद ने बताया कि बांग्लादेश से होने वाली मानव तस्करी की रोकथाम के लिए भारत बांग्लादेश पर सीमा सुरक्षा बल के जवान मुस्तैदी से तैनात है, सम्प्रति इस सीमांचल में मानव तस्करी की कोई समस्या नहीं है, जिला प्रशासन भी काफी सतर्क है और उनके कार्यकाल में एक भी घुसपैठिया किशनगंज में न तो पकड़ा गया है और न उसकी शिनाख्त हुई है। लेकिन पशु तस्करी के संबंध में आये दिन मामले प्रतिवेदित होते रहते है, सीमा सुरक्षा बल, सीमा सशस्त्र बल, कस्टम एवं पुलिस सभी की पैनी दृष्टि लगी रहती है, पशु तस्कर मवेशी के साथ पकड़े भी जाते हैं उनके खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई भी होती है लेकिन मानव तस्करी का कोई मामला नहीं आया है।

पुलिस ने की शहर में दो पहिया वाहनों का चैकिंग, हड़कंप

आरक्षी अधीक्षक डा. चौरसिया चन्द्रशेखर आजाद के निर्देश पर शहर के मुख्य चौक-चौराहों पर दो पहिया वाहनों की शनिवार की शाम को सघन चैकिंग किया गया। जिसमें ट्रिपल लोडिंग और बिना कागजात और कम उम्र के मोटर साइकिल चालकों पर पैनी नजर पुलिस की थी। हालांकि कई नव सिखुआ (कम उम्र) को पकड़ा भी और वारनिंग देकर छोड़ दिया गया । इससे बिना कागजात और नाबालिग बच्चों को मोटर साइकिल की चाभी थमाने वाले अभिभावकों में हड़कंप मच गया। अभियान का नेतृत्व टाउन थानाध्यक्ष प्रताप सिंह कर रहे थे। इसका सहयोग अवर निरीक्षक सच्चिदानंद सिंह, शिव शंकर सिंह, रामजी श्रीवास्तव, प्रशिक्षु अवर निरीक्षक आर.के. कच्छप, आर.के. मंडल, अमित कुमार, पी. प्रभाकर भारती, सुनील कुमार, सृजन कुमार के अलावे सैप व अन्य सुरक्षा बल शामिल थे।

आधी ने मचाई तबाही, सैकड़ों परिवार हो गए बेघर

जिले में रविवार को तड़के लगभग साढ़े तीन बजे तूफान ने भारी तबाही मचायी है। जिसमें कई पंचायत के सैकड़ों लोग घर विहीन हो गए है। बीएसएनएल का छतरगाछ और देशियाटोली का केन्द्र क्षतिग्रस्त हो गया है। आम, मक्का और बिजली विभाग को भी भारी क्षति हुई है। पहाड़कट्टा निप्र के अनुसार दामलबाड़ी पंचायत में लगभग एक सौ गरीबों का फूस व टिन शेड तथा किसानों के फसलों की बर्बादी हुई है। इसके अलावे विद्युत पोल तार सहित तथा सैकड़ों हरा वृक्ष भी इस तूफान के चपेट में आया है। जिसे लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने जिला पदाधिकारी से आपदा सहायता पहुंचाने की गुहार लगाई है।

 दो मई की लगभग तीन बजे रात में आए तूफान ने इस प्रकार तांडव मचाया कि लोगों ने अपना जान बचाने के लिए चौकी व पलंग के नीचे लगभग आधा घंटा तक दूबके रहना पड़ा। इस दौरान विनाशकारी तूफान ने गरीबों के लगभग 100 आशियानें को दूर ले जाकर फेंक दिया था जिसमें अधिकांश नुकसान तूफान की कहर ने दामलबाड़ी पंचायत के अंसारी टोला तथा महादलित के टोला में बरपाया है। जबकि पंचायत के वाहिद मास्टर टोला लुकुनधारा, कलोनी, दामलबाड़ी हाट, देहलबाड़ी, बगलबाड़ी,नया बस्ती, बांसबाड़ी, तरिया, झप्परतल तथा धुलाबाड़ी भी बूरी तरह प्रभावित हुआ है।

 इसी प्रकार पड़लाबाड़ी पंचायत के मोगीर टोला तथा डुमरमनि में लगभग 35 घर रायपुर पंचायत के टी बागान में दर्जन भर पेड़ एवं जहांगीरपुर तथा पड़ोसी पंचायत तालूका मोतिहारा के पानीसाल निवासी अली इमाम, मेहरुन निशा का घर भी तूफान की चपेट में आ गया है। इतना ही नहीं बल्कि किसानों का लहलहाता मकई की खेत को तहस नहस कर पूरी तरह से किसानों को कंगाल बना दिया है। इस आपदा की घड़ी में स्वयंसेवी संस्था के बुनायादी जन कल्याण का महासचिव नौशाद अली को सहयोग करते देखा गया। जबकि स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि अफसार हुसैन, पैक्स अध्यक्ष मो. मुस्लिम, लोजपा प्रखंड अध्यक्ष इमामुद्दीन, पूर्व प्रखंड प्रमुख मो. मुश्ताक आलम ने तूफान पीड़ितों को जिला पदाधिकारी से मदद पहुंचाने की गुहार लगाई है।

Friday, April 30, 2010

चार यात्री नशा खुरानी के शिकार, एक की हालत नाजुक

गुरूवार को अवध आसाम एक्सप्रेस ( गाड़ी नंबर- 5609) के सामान्य बोगी में यात्रा कर रहे चार यात्रियों को नशा खुरानी गिरोह के शिकार हो गए। किशनगंज स्टेशन में चारों यात्रियों को बेसुध अवस्था में आरपीएफ एवं जीआरपीएफ के जवानों ने ट्रेन से उतारकर सदर अस्पताल में भर्ती करा दिया है। मिली जानकारी के अुनसार सिल्लीगुड़ी से महुआ हाजीपुर, दरभंगा और मधुबनी जा रहे पंकज राय, गणेश राय, मनमती देवी, शिव चन्द्र राय, महेन्द्र रजक को इस्लामपुर के समीप नशा खुरानी गिरोह के सदस्य ने दोस्ती कर चाय और बिस्कुट खिलाया। कुछ देर के बाद ही बेहोश हो गए। जिसमें महिला मनवती देवी की हालत नाजुक बताया जाता है। अस्पताल में पीड़ितों के देखने वार्ड संख्या-14 के वार्ड पार्षद प्रतिनिधि हाजी अब्दुस सुभान पहुंचकर हाल-चाल जाना।



जांच शिविर में 53 को अस्थि-विकलांग प्रमाणपत्र निर्गत

स्थानीय प्रखंड मुख्यालय में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत विकलांगता जांच एवं प्रमाण पत्र वितरण शिविर का आयोजन गुरुवार को किया गया। जिसमें 116 विकलांगों का पंजीयन तथा जांचोपरांत 53 को अस्थि-विकलांग को प्रमाण पत्र दिया गया। शेष बचे आंख, कान, नाक से संबंधित विकलांगता के जांच हेतु प्रत्येक माह के तीसरे मंगलवार को जिला मुख्यालय में लगने वाले शिविर में पहुंचने की विशेषज्ञों ने सलाह दी । जांच शिविर में सिविल सर्जन डा. आई. डी. रंजन, अस्थि विशेषज्ञ डा. विजय कुमार, डा. एन.के.प्रसाद, स्थानीय चिकित्सा प्रभारी डा. आर.पी. यादव, प्रखंड विकास पदाधिकारी कौशल किशोर सिंह सहित दर्जनों संभ्रांत नागरिक मौजूद थे।

1965 में मृत रेल कर्मी के पुत्र को नहीं मिली नौकरी

लगभग 45 वर्ष पूर्व रेल दुर्घटना के दौरान मृत रेल कर्मचारी की विधवा अनुकंपा के आधार पर अपने पुत्र को नौकरी दिलाने के दर दर की ठोंकरे खा रही है। परिवार की दयनीय हालत के बावजूद रेलवे की कुंभकर्णी निद्रा नहीं टूट रही है। और तो और यह स्थिति तब है जब क्षेत्र के सांसद रहने के दौरान तस्लीमुद्दीन एवं सैयद शाहनवाज ने तत्कालीन रेलमंत्री को पत्र लिख अनुकंपा के आधार पर नौकरी प्रदान करने की अनुशंसा की थी ।

ठाकुरगंज प्रखंड के गलगलिया के रहने वाली शुभकला देवी के पति रामचंद्र महतो सिलीगुड़ी जंक्शन के यार्ड में संटिग जमादार के पद पर कार्यरत थे। ड्यूटी के दौरान ट्रेन से कटकर पांच नवम्बर 1965 को इनकी मृत्यु हो गई थी। रामचंद्र महतो की मृत्यु के समय उनका पुत्र अशोक तीन वर्ष का तथा पुत्री डेढ़ वर्ष की थी। पति के मृत्यु के बाद शुभकला देवी को कहा गया कि जब पुत्र की उम्र 18 वर्ष होगी तब नौकरी मिलेगी। इस कारण 1981 में अशोक के इंटर पास करने एवं व्यस्क होने के बाद अनुकंपा के आधार पर नौकरी के लिए उन्होंने आवेदन दिया। यह क्रम तब से लगातार जारी है। वर्ष 1986 में रेलवे में कार्यरत कल्याण निरीक्षक ने पीड़ित परिवार से मिलकर कागजातों की जांच की तथा जल्द न्याय का भरोसा दिलाया। कटिहार मंडल रेल कार्यालय में कार्यरत कल्याण निरीक्षक द्वारा रेल महाप्रबंधक को छह अगस्त 1986 को पत्रांक एल/227/13 पीएफ 4 के तहत प्रतिवेदन समर्पित किया। पुन: कल्याण निरीक्षक द्वारा 1987 में पत्रांक 586/ई/81/1(डब्लू) कटिहार दिनांक 20.2.1987 भेजा गया, परंतु पुत्र को नौकरी नहीं मिली।

अल्बत्ता 1994 से पेंशन मिलनी शुरू हो गई। इस दौरान वर्ष 1986 में तत्कालीन रेल राज्य मंत्री माधवरज सिंधिया एवं सांसद शहाबुद्दीन तथा तारिक अनवर से तथा 1996 में सांसद तस्लीमुद्दीन तथा 2000 में युवा मामले के राज्यमंत्री तथा स्थानीय सांसद शाहनवाज हुसैन से विधवा महिला शुभकला देवी ने गुहार लगाई। तस्लीमुद्दीन ने तत्कालीन रेलमंत्री रामविलास पासवान एवं शाहनवाज हुसैन ने ममता बनर्जी को पत्र लिख पूर्व रेलकर्मी के परिवार को अनुकंपा के आधार पर नौकरी की अनुशंसा की। परंतु मामला फाइलों में दबकर रह गया। इस दौरान आर्थिक परेशानी से जूझ रही शुभकला देवी एवं उनका परिवार निराश है। अब सवाल उठता है कि एक रेल कर्मी की कार्य के दौरान मौत पर रेलवे इतना संवेदनहीन क्यों है।

Wednesday, April 28, 2010

जदयू का एक दिवसीय कार्यकर्ता सम्मेलन

जिले में पार्टी की गतिविधियों में तेजी लाने तथा इसे मजबूती प्रदान करने के लिए कार्यकर्ता आगे आये और संगठित होकर कार्य करे। इन विचारों को वाणी दी है जदयू विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने। श्री अग्रवाल मंगलवार को स्थानीय टाउन हाल में आयोजित जिला स्तरीय एक दिवसीय कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे। जदयू के जिलाध्यक्ष कमरुल होदा ने भी मिलते जुलते विचारों को वाणी दी तथा निष्ठा से पार्टी के हित में कार्य करने, पार्टी की पैठ सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने पार्टी की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनसंपर्क अभियान चलाते रहे तथा नीतीश सरकार की जितनी जन कल्याणकारी योजनाएं है उनके सही कार्यान्वयन पर नजर रखें जिससे लूट खसोट बंद हो एवं जनता का कल्याण अधिक हो।

 जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष बुलंद अख्तर हाशमी ने भी कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने की सीख दी। कार्यकर्ताओं ने जिले की सभी चारों विधान सभा सीटों पर अपनी दावेदारी भी की तथा नेताओं से अपील की कि वे इस दिशा में ठोस कार्रवाई करे। इस अवसर पर उपस्थित पर्यवेक्षक अता करीम ने भी सभी मतभेदों को भुलाकर पार्टी को अधिकाधिक ठोस आधार प्रदान करने की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर भारी संख्या में उपस्थित प्रखंडों के अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं की यह शिकायत रही कि कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को बोलने का पूरा समय नहीं दिया जाता है, समयाभाव के कारण वे अपनी सारी बातें अपने नेताओं के सामने नहीं रख पाते है।

महंगाई को लेकर बंद का व्यापक असर

महंगाई को लेकर भारत बंद का प्रखंड में व्यापक असर पड़ा। राजद,सीपीएम तथा लोजपा के संयुक्त नेतृत्व में ठाकुरगंज-पोठिया-इस्लामपुर पथ को पूर्णत: अवरुद्ध रखा गया। इस दौरान बाजार तथा चौक की सभी दुकानें बंद रही। यहां तक की सार्वजनिक प्रतिष्ठान, बैंक तथा ब्लाक पहुंचकर आंदोलनकारियों ने इसे जबरन बंद कराया। बंद का नेतृत्व पूर्व जिप अध्यक्ष सह राजद नेता मो. तसीर तथा सीपीएम नेता अबुल कलाम खां कर रहे थे। बंद के दौरान प्रखंड के दामलबाड़ी क्षेत्र पर भी असर पड़ा जहां लोजपा प्रखंड अध्यक्ष इमामुद्दीन स्वयं नेतृत्व कर रहे थे। वहीं प्रखंड में बैनर पर लिखी महंगाई रोको अन्यथा गद्दी छोड़ों जैसे नारों के साथ बंद कराने वाले नेताओं में राजद प्रखंड अध्यक्ष खालीद जमील, वरिष्ठ नेता कमाल फिरोजी, राखी मियां, मो. पसीर, साहीद, असगर, भगवान सिंह, नूर आलम, जफीर, सीपीएम के राजबहादुर तिवारी, मोतीलाल, बुधारू, अयुब सहित काफी संख्या में पार्टी कार्यकर्तागण मौजूद थे। जो घुम घुम कर दुकान बंद कराने में भी मशगुल रहे। इधर बंद के दौरान यात्रियों तथा आमजनों को घोर कठिनाईयों का सामना करना पड़ा। लोग जहां तहां फंसे है।

स्वास्थ्य बीमा कार्ड प्रखंड में सिद्ध हुआ लालीपाप

गरीबों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा देने के उद्देश्य से केन्द्र सरकार द्वारा संचालित राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना का कार्ड लालीपाप सिद्ध हो रहा है। एक वर्ष में दो माह बीत गया है और नि:शुल्क चिकित्सा मद आवंटित तीस हजार रुपए के लाभ से पीड़ित कार्डधारी परिवार वंचित हैं। जानकारी के मुताबिक प्रखंड के 42 हजार बीपीएल परिवारों में अब तक केवल 14 हजार परिवारों का ही बीमा स्मार्ट कार्ड बनाकर दिया गया है। जिसमें भी तकनीकी खामियों की शिकायत है।

 सनद रहे राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना का उद्देश्य चयनित चिकित्सालयों में नि:शुल्क स्वास्थ्य चिकित्सा निशुल्क ा प्रदान करना है। योजना के तहत बीपीएल परिवार को प्रतिवर्ष तीस हजार रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा सुरक्षा फ्लोटर के आधार पर दिया जाना है। इसके तहत किशनगंज जिले में रायल सुन्दरम इंस्योरेस को जिम्मेवारी सौंपी गई है। जिसके द्वारा निर्धारित निजी चिकित्सालयों में कार्ड धारक गरीबों का इलाज किया जायेगा। इसी के तहत ठाकुरगंज प्रखंड में पहले चरण में जिन 14 हजार परिवारों को कार्ड बने है उनमें अधिकतर में कोई न कोई तकनीकी खराबी देखी जा रही है।

 मरीज जब इलाज कराने नर्सिग होम पहुंच रहे है तो किसी कार्ड का रजिस्ट्रेशन फेल बताया जाता है तो किसी में तीस हजार के बदले तीन सौ रुपये की राशि ही दर्शायी जा रही है। ज्ञात हो तीस हजार रुपये में 29 हजार हजार रुपये बीमा राशि तथा एक हजार रुपये यात्रा भत्ता दिया जाना है। जबकि कार्ड में केवल 290 रुपये बीमा राशि तथा भत्ता में 10 रुपये ही अंकित है। इन सबके साथ कार्ड में पूरे परिवार की फोटो स्केन रहनी चाहिए। वह भी नहीं है। नतीजतन इलाज के लिए दूर देहात से प्रखंड मुख्यालय आकर निराश लौट रहे हैं गरीब।

 वहीं कार्ड में हुई इस तकनीकी भूल का असर दूसरे चरण के कार्ड बनाने में पड़ रहा है। एक तो प्रशासन द्वारा न व्यापक प्रचार प्रसार इस बाबत हो रहा है न जनप्रतिनिधि इस मामले में रुचि दिखा रहे है। इस पूरे मामले में संबंधित इंस्योरेस कंपनी के जिला कार्डिनेटर अभिषेक रंजन तिवारी से जब संपर्क साधा गया तो उन्होंने पूरे मामले को साफ्टवेयर की प्रोब्लम माना तथा जल्द ही सुधार की बात कहीं। अब सवाल उठता है कि एक मार्च से शुरू इस योजना के दो माह गुजरने को है सरकार की लाख चाहत के बावजूद इसका लाभ गरीब नहीं उठा पा रहे है। इसके दोषी को क्या सजा मिलेगी।

Monday, April 26, 2010

राजद कार्यालय में 27 अप्रैल को बंद को ले बैठक

बंद को लेकर 25 अप्रैल को लोजपा, राजद, सीपीआईएम के संयुक्त बैठक राजद कार्यालय किशनगंज में हुई जिसकी अध्यक्षता लोजपा नेता अबू नसर ने की। बैठक में सर्वसम्मति से केन्द्र सरकार एवं बिहार सरकार के जनविरोधी नीतियों का पूर्ण रूप से विरोध करते हुए दिनांक 27 अप्रैल को भारत बंद करने का निर्णय लिया गया है। जिसमें रेल, टेलीफोन,बैंक, बस इत्यादि बंद रखने की अपील व्यवसायियों, मजदूरों,ठेला चालकों, रिक्शा चालकों, बस, जीप चालकों राजद-लोजपा ने किया है। इस बैठक में सैयद अताउर रहमान, ध्यानी पासवानी, अबू नसर, नवीन कुमार साह, सोहनलाल दास, सुजय कुमार दास, क्यामुद्दीन, दीना पासवान सहित सभी लोजपा नेता तथा देवेन यादव, हाजी अब्दुस सुभान, शकील अहमद, गुड्डू, मंजूर आलम व सभी राजन नेता तथा सीपीआईएम के सुनीत चक्रवर्ती, श्यामानंद गुप्ता, डा. संजला सोरेन, अनवारुल हक सहित अन्य लोग उपस्थित थे।