Monday, November 9, 2009

प्रखंड स्तरीय बैंकर्स की बैठक व वार्षिक योजना बनाने का निर्देश

उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक झाला में शनिवार को प्रखंड स्तरीय बैंकर्स समिति की त्रैमासिक बैठक हुई जिसमें शाखा प्रबंधकों के अलावे एलडीएम प्रदीप कुमार गुप्त मुख्य रूप से उपस्थित थे। बैठक में विकास कार्यो की समीक्षा के साथ कई और बिदुओं पर विचार विमर्श किया गया। इस दौरान शाखा प्रबंधकों को वार्षिक कार्य योजना बनाने की सलाह देने के साथ स्वयं सहायता समूह , किसान क्रेडिट कार्ड, बिहार राज्य सिंचाई योजना, भूजल योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन पर रुचि एवं किसानों को अत्यधिक लाभ मिले ऐसी कार्य प्रणाली अपनाने की बात कहीं गई। प्रसार पदाधिकारी कलानंद दास ने बैंकों की कार्य कलापों पर संतुष्टि प्रकट कर प्राप्त अनुदान राशि को जल्द से जल्द स्वयं सहायता समूह के खाते में हस्तांतरित करने का सुझाव दिये। शाखा प्रबंधक झाला देवानंद मिस्त्री, टेढ़ागाछ निर्मल कुमार बसाक, पीएनबी के खजांची राजकुमार पाडेय के अलावे प्रखंड कृषि पदाधिकारी शूलपाणि शुक्ल, अंचल निरीक्षक समीर कुमार, एनजीओ मनोज कुमार आदि बैठक में शामिल हुए । अंत में संयोजक देवानंद मिस्त्री ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए बताया कि प्रखंड के सभी शाखाओं को 2 करोड़ 61 लाख 37 हजार रुपए दिए गए है,जो आने वाले समय में और भी बढ़ाने की आशा है।

दौला पंचायत में एक बीज से हुआ 201 धान का उत्पादन

स्थानीय प्रखंड क्षेत्र के दौला पंचायत स्थित कठलिया गांव में श्री विधि से धान के एक पौधे को बीज सहित रोपकर 201 धान पैदा किया गया है। सामान्य विधि से धान रोपने पर एक बीज से लगभग 104 धान पैदा होता है। यह जानकारी आठ नवम्बर को कृषि विज्ञान केन्द्र किशनगंज के वैज्ञानिक श्रीमती नंदिता कुमारी ने दी । वे कठलिया गांव के किसान सह किसान श्री से सम्मानित कृषक जमील अख्तर के प्रक्षेत्र पर पैदा हुए धान सात नवम्बर को क्षेत्र दिवस मनाने की जानकारी दे रही थी। जांच के क्रम के विषय में बताते उन्होंने कहा कि प्रक्षेत्र में पाया गया कि सामान्य विधि की तुलना में श्री विधि से रोपे गये धान में बल्ले की संख्या, बालियों की संख्या, दाने की संख्या, पौधे की ऊंचाई एवं अन्य वृद्धि नियामक अवयव 30 से 40 गुणा अधिक है। श्रीमती नंदिता ने बताया कि इसमें लागत अन्य विधि की तुलना में कम आएगी तथा मुनाफा अधिक है। गौरतलब है कि इस अवसर पर क्षेत्र के 25 कृषक मौजूद थे, जिन्होंने उत्पादन देखने के बाद कहा कि यह किसानों के लिए मील का पत्थर साबित होगा ।

चुरली में पूर्व छात्र संगम कार्यक्रम का आयोजन

रविवार को उच्च विद्यालय चुरली में पूर्व छात्र संगम कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल व पूर्व विधायक डा. जावेद आजाद ने भी भाग लिया। इस मौके पर विधायक श्री कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि कहा कि आज के ही दिन विद्यालय के 41 बच्चियों के बीच मुख्यमंत्री साइकिल योजनाके तहत साइकिल वितरण किया जाना था, पर बैंक में तकनीकी गड़बड़ी के कारण यह संभव नहीं हो पाया। उन्होंने बताया कि विद्यालय को सुचारु ढंग से चलाने के लिए वो हरसंभव प्रयास करते रहे हैं और हमेशा करते रहेंगे। वहीं इस कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए पूर्व कांग्रेस विधायक डा. जावेद आजाद ने कहा कि सड़क पुल के निर्माण की आवश्यकता तो है ही उससे भी ज्यादा आवश्यक है कि विद्यालय का निर्माण कराना । कार्यक्रम को गणेश राय एवं ननी गोपाल घोष आदि ने भी सम्बोधित किया। वहीं पूराने छात्रों के स्वागत हेतु आदर्श मध्य विद्यालय ,ठाकुरगंज सुवावाई कन्या म.वि. ठाकुरगंज एवं आर.के. मेमोरियल स्कूल द्वारा इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। जिसमें आदर्श मध्य विद्यालय द्वारा देश रंगीला एवं सुवावाई की स्कूल की प्रस्तुति वर्दी है भगवान कार्यक्रम का दर्शकों ने खूब सराहा । कार्यक्रम में मंच का संचालन शिक्षक जहांगीर आलम द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में ननीगोपाल घोष, मो. हकीमुद्दीन, अताउरर्हमान, शंकर सिंह, बबलू तिवारी, अरुण सिंह आदि लोगों ने अग्रणी भूमिका निभाई। शुभारंभ विद्यालय के संस्थापक सह प्रधानाध्यापक स्वरूप लाल सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

प्रतिभा खोज प्रतियोगिता में 119 अभ्यर्थियों ने लिया भाग

स्थानीय रतन काली साहा महिला महाविद्यालय में रविवार को देशव्यापी प्रतिभा खोज प्रतियोगिता के बैनर तले परीक्षा का आयोजन किया गया। जिसमें जिले के कुल 141 अभ्यर्थियों में 119 अभ्यर्थियों ने भाग लिया । यह जानकारी केन्द्राधीक्षक सह प्राचार्य प्रो. बी.के.नायक ने दी। उधर कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन के लिए विशेष उड़नदस्ता टीम का गठन किया गया था, जिसमें अनुमंडल पदाधिकारी रामेश्वर सिंह खुद कमान संभाले हुए थे। जबकि स्थानीय विशेष दंडाधिकारी के रूप में जिला शिक्षा पदाधिकारी चन्द्रानंद मंडल और प्रखंड विकास विकास पदाधिकारी किशनगंज अनिल कुमार के अलावे स्थायी दंडाधिकारी के रूप में प्रखंड कल्याण पदाधिकारी गणेश प्रसाद मंडल मौजूद थे। वहीं परीक्षा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किया गया था। इस मौके पर परीक्षा नियंत्रक प्रो.आदित्य प्रसाद के अलावे प्रो. सुनील सिंह, नंद किशोर पौद्दार, प्रो. मीणा काफी सक्रिय दिखे।

Friday, November 6, 2009

सड़क निर्माण की गुणवत्ता का ठेकेदार ने उड़ाई ने धज्जियां

एनबीसीसी और आएसडब्लूडी के प्रोजेक्ट मैनेजर और कार्यपालक अभियंता के आंखों के सामने प्राकृतिक बेडमिसाली बिछाकर प्रधानमंत्री सड़क के तकनीक की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। जिले के अन्दर किसी भी प्रधानमंत्री सड़क पर प्लांट मेड बेडमिसाली नही डाली गई है। इस बावत स्टेट हाई वे अररिया-ठाकुरंगज पथ के प्रोजेक्ट मैनेजर विमल कुमार विमल ने बताया कि बेड मिसाली अर्थात ग्रेनलर सब बेस का निर्माण उच्च स्तरीय प्लांट में बालू और 40 एमएम स्टोन चिप्स से किया जाता है। उन्होंने कहा कि तीन टन स्टोन चिप्स, एक टन बालू और निर्धारित मात्रा में पानी डालकर बेडमिसाली तैयार की जाती है।

उन्होंने बताया कि एक बार में चार टन बेडमिसाली तैयार करने वाले प्लांट में कंप्यूटर लगा होता है,जो बालू, स्टोन चिप्स और पानी को मिक्स करके बेडमिसाली तैयार करता है। प्रोजेक्ट मैनेजर श्री विमल ने कहा कि प्लांट में तैयार बेडमिसाली को सड़क पर बिछाकर शेष अन्य प्रक्रिया पूरी करने की तकनीक आईआईटी रुड़की ने ईजाद ने केन्द्र सरकार को दिया है और केन्द्र प्रायोजित सड़कों के निर्माण में प्लांट मेड बेड मिसाली बिछाना चाहिए। इधर जिले में बन प्रधानमंत्री पथ पर सिलीगु़ड़ी की प्राकृतिक बेडमिसाली डालकर काम चलाया जा रहा है जिसमें पानी, पत्थर और बालू के मिश्रण का कोई तालमेल नही है। बेडमिसाली में पांच किलोग्राम से सौ ग्राम तक पत्थर खुलेआम देखा जा सकता है। इस संबंध में एनबीसीसी के प्रोजेक्ट मैनेजर के।के। गुप्ता ने बताया कि बेड मिसाली में स्टोन चिप्स की मात्रा न्यूनतम 65 प्रतिशत होनी चाहिए।

इसके लिए वे लोग मौके पर जाकर एक निश्चित मात्रा में प्राकृतिक बेडमिसाली को 60 एमएम के झन्ने से झाड़ते हैं और औसत मात्रा सही मिलने पर ही उसे ओके करते हैं। आरएसडब्लूडी के कार्यपालक अभियंता विनोद कुमार ने भी इसी बात की जानकारी दी। उन्होंने कहा चार दिन पहले कार्यशाला का आयोजन करके ठेकेदारों को गुणवक्ता को बनाए रखते हुए ससमय सड़क निर्माण की जानकारी दी गई है । इस संदर्भ में स्थानीय सांसद मौैलाना असरारूल हक काशमी ने आश्वस्त किया कि यदि नकली बेडमिसाली की बात सही निकली तो उच्च स्तरीय जांच करायी जाएगी।

कांग्रेस ने शूरू किया विधानसभा चुनाव की तैयारी

सदस्यता अभियान को ले जिले के कांग्रेस कार्यालय राजीव गांधी आश्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष इसहाक आलम की अध्यक्षता में एक बैठक गुरुवार को हुई। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस के सांसद मौलाना असरारुल हक काशमी एवं आल इंडिया नेहरू युवा केन्द्र के पूर्व निर्देशक तथा प्रभारी किशनगंज डा। शकील अहमद खान मुख्य रूप से उपस्थित थे। सांसद श्री हक ने अपने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज देश जिस दौर से गुजर रहा है, उसमें हम सभी को आपसी एकता और सौहार्द की भावना को सबसे पहले लाना होगा।

श्री हक ने कहा कि इस बैठक का मुख्य लक्ष्य है 50,000 से भी ज्यादा सदस्य बनाना। जिसके लिए प्रत्येक पंचायत एवं बूथ, जहां कांग्रेस कमेटी नहीं है वहां दस दिन के अंदर सबसे पहले हमें 300 सदस्य बनाना होगा । श्री हक ने बताया कि बूथ और पंचायत अध्यक्षों का सम्मेलन आगामी 12 नवम्बर से होगा । कुछ ऐसे प्रखंड हैं जहां की तिथि निर्धारित कर दी गई है जिसमें 15 नवम्बर को दिघलबैंक, 16 को कोचाधामन, 17 को टेढ़ागाछ, 18 को किशनगंज है। इस बैठक में जिन लोगों की उपस्थिति मुख्य रूप से रही उनमें कैलाश मोदी, सजल कुमार साहा, ललित मित्तल, बिन्दु लाहौटी, इतंखाब आलम, सादिक समदानी, प्रो.शफी, मो. नईमुद्दीन, बमभोल झा, जयप्रकाश गिरी, आफाक आलम, मो. अस्लम, फारुक, अमित त्रिपाठी, तौसीक अंजर व विक्रम आदर्श आदि थे।

जनता दरबार में 16 मामले निष्पादित : डीएम

पांच नवम्बर को को आयोजित जनता दरबार में जिला पदाधिकारी फेराक अहमद ने कुल 16 मामलों का त्वरित निष्पादन कर दिया। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि वे जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पान करने में विश्वास करते हैं, उन शिकायतों के निष्पादन से शिकायतकर्ताओं को राहत मिलती है। उन्होंने बताया कि आज के जनता दरबार में उन्हें बहादुरगंज की जनता की ओर से जो शिकायत पत्र मिला है, जिसमें सरकारी एवं धार्मिक जमीन आदि के अतिक्रमित करने की बात कांग्रेस नेता जफर हसनैन ने उनसे की है। दर्जनों लोगों द्वारा हस्ताक्षरित उनके पास जो शिकायत पत्र दिया है उसे उन्होंने गंभीरता से लिया हे तथा अनुमंडल पदाधिकारी को उसके त्वरित निष्पादन हेतु निर्देशित कर दिया है। समाहरणायल परिसर में ही बिहार सरकार के पूर्व मंत्री एवं सम्प्रति जिला राजद के अध्यक्ष इस्लामुद्दीन बागी ने बताया कि बहादुरगंज में सरकारी धार्मिक एवं सामाजिक उपयोग में आने वाली जमीन का दबंगों द्वारा जिस तरह से अतिक्रमण किया जा रहा है वह अन्यायपूर्ण है। उन्होंने उसे मामले में दबंगों की दबंगई को अन्यायपूर्ण करार देते हुए जिला प्रशासन से कठोर एवं त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

घटिया निर्माण की शिकायत पर ठेकेदार ने धमकी

स्थानीय प्रखंड परिसर में तीस लाख की लागत से मुख्यमंत्री विकास योजना अंतर्गत गोदाम का निर्माण घटिया बालू, सीमेंट एवं दो नम्बर के ईट से किया गया है जिसके कारण बारिश के समय ढालदार छत टपकने लगता है। यह शिकायत मुखिया प्रतिनिधि एवं ग्रामीणों से मिलने की बाद प्रखंड प्रमुख कोचाधामन दयानंद मंडल ने भी विशेषज्ञों से जांच करवाई और शिकायत सही पायी । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इस बावत ज्ञापन भेजते हुए प्रमुख श्री मंडल ने कहा कि घटिया कार्य की सूचना ग्रामीण विकास मंत्री और जिला पदाधिकारी सहित डीडीसी को भी दे दी गई है। जिसका फैक्स नम्बर 091-06122205800 दिनांक 29 अक्टूबर है । प्रमुख दयानंद मंडल ने यह भी बताया कि ठेकेदार ग्रामीणों को धमकी भी दिया है कि किसी भी केस में फंसा देंगे। उधर ठेकेदार अनिल कुमार से संपर्क किया गया तो,पत्रकार का नाम सुनते ही अपना मोबाइल बंद कर दिए। कार्य पर तैनात मुंशी से संपर्क साधने पर उसने बताया कि ठेकेदार अनिल बाबू के कहने के अनुसार काम कराया जा रहा है।

विद्युत कार्यपालक अभियंता पर उपभोक्ता फारम में वाद दायर

विद्युत विभाग के अधिकारियों का मनमाने ढंग से किसान के विद्युत कनेक्शन काटे जाने के खिलाफ उपभोक्ता फोरम में वाद दायर किया गया है, जिसका कांड संख्या- 32/09 है। जिसमें आवदेक विश्वजीत मजूमदार ने विद्युत कार्यपालक अभियंता, किशनगंज एवं अन्य अधिकारियों के विरूद्ध मामला दर्ज करते हुए न्याय की मांग की है। अपने आवेदन में उपभोक्ता चूंकि चाय की खेती करता है, ने आरोप लगाया है कि वैध विद्युत कनेक्शन होते हुए भी बार-बार मौखिक एवं लिखित अनुरोध करने पर भी विभाग द्वारा बिजली बिल नहीं दिया गया।
बाद में संपर्क करने पर उपभोक्ता से दस हजार रूपये रिश्वत की मांग की गई। जिसे पूरा नहीं करने के कारण बिना पूर्व सूचना के अवैधानिक तरीके से एकतरफा कार्रवाई करते हुए इसका विद्युत कनेक्शन काट दिया गया। इससे चाय की पौधे सिंचाई की अभाव में प्रतिकूल असर पड़ रहा है। जबकि कंजूमर नंम्बर आरएस/आईएएस/ 1580 है और हालामाला मौजा स्थित चाय बगान में वर्ष 2005 को कनेक्शन दिया गया था।

ज्ञातव्य हो कि जहां बिहार सरकार किशनगंज जिले में चाय की खेती को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है वहां विद्युत अधिकारियों द्वारा चाय किसान के विरूद्ध किया गया आचरण घोर निंदनीय है। वैसे किशनगंज जिला सूखाग्रस्त घोषित किया गया है एवं किसानों को सिंचाई हेतु हर संभव सहायता प्रदान करने की सरकार की नीति है। इस संबंध में विद्युत कार्यपालक की अनुपस्थिति में विद्युत सहायक अभियंता से इस बाबत जानना चाहा तो उन्होंने कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया।

Thursday, November 5, 2009

केन्द्र-राज्य का संयुक्त टी प्लांट नही चला

सात वर्षो की लम्बी अवधि बीत जाने के बाद भी सरकारी क्षेत्र में पोठिया प्रखंड के कालीदास किस्मत पंचायत में लगभग दस एकड़ क्षेत्र में केन्द्र एवं राज्य सरकार की सहायता से निर्मित टी प्रोसेसिंग प्लांट को बचाने का तीन विकल्प है जिसमें पहला है कि इसके लिए प्रबंधक तकनीशियन कर्मचारी बहाल हो। दूसरा विकल्प है इसे लीज पर दे दिया जाय और अंतिम विकल्प है इसे बेच दिया जाय। खरीदने वाले भी 15 करोड़ तक कीमत देने के लिए तैयार हैं। यह जानकारी प्रशासनिक सूत्रों ने दी। जानकारी के मुताबिक सरकार ने गरीबी रेखा से नीचे जीवन गुजर बसर करने वालों को वांछित कल्याण, सैकड़ों मजदूरों, किसानों व रोजगार की व्यवस्था के लिए दस करोड़ की लागत से टी प्रोसेसिंग प्लांट तैयार कराया था। सन 2002 से इस प्रोसेसिंग प्लांट के लिए कार्रवाई प्रारंभ हुई थी। 75 प्रतिशत केन्द्र एवं 25 प्रतिशत राज्य के शेयर से कुल 15 करोड़ की यह योजना थी। जिसमें लगभग दस करोड़ का आवंटन प्राप्त हुआ था जिससे टी प्रोसेसिंग प्लांट 2004 से बनना प्रारंभ हुआ। उस समय किशनगंज के जिलाधिकारी के. सेन्थिल कुमार थे। प्लांट बनकर वर्षो से तैयार है। राज्य के दो- दो प्रधान सचिव एस.एम. राजू एवं अनूप मुखर्जी भी इसका अवलोकन कर चुके हैं। अनूप मुखर्जी सम्प्रति मुख्य सचिव हैं, फिर भी बात चिट्ठियों तक सीमित है, जिसका ऊपर उत्तर नहीं भेजा जाता ।

मदरसा में एक वर्ष से खिचड़ी योजना कई माह से बंद

स्थानीय प्रखंड के लौचा पंचायत स्थित मदरासा तबलीकु इस्लाम संख्या 504 में बीते एक वर्ष से मध्याह्न भोजन बंद है। मदरसा के एक कमरे में पन्द्रह क्विंटल चावल यूं ही बेकार पड़ा है। ओस्तनियां तक की पढ़ाई हेतु मदरसे में करीब दो सौ पांच बच्चे नामांकित हैं परंतु बुधवार को मात्र चालीस पचास बच्चे ही उपस्थित थे । यह जानकारी बुधवार को मदरसा प्रांगण में मदरसा प्रबंध समिति के सचिव तहसीब आलम ने दी।

उन्होंने बताया कि मदरसा में पठन-पाठन की कमी, भवनों का अ‌र्द्ध निर्माण सहित अन्य समस्याएं भी मौजूद हैं। सहायक शिक्षक जाबेद अनवर , मुर्जीबुर्रहमान, युसुफ रजा व नूर आलम व सचिव तहसीब आलम ने जानकारी देते हुए बताया कि पन्द्रह क्विंटल आवंटित चावल मदरसा के कक्ष में रखा हुआ है। जबकि जनवरी 09 में नौ हजार व मई में दस हजार रुपये की राशि की निकासी हेतु बतौर सचिव हस्ताक्षर भी किया हूं। परंतु राशि के उठाव के बावजूद खिचड़ी योजना का लाभ से मदरसे के बच्चे वंचित है।

मुस्कान स्वास्थ्य ने आयोजित किया नि:शुल्क जांच शिविर

स्थानीय नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय सरंडा में बुधवार को मुस्कान परियोजना के सौजन्य से तीन दिवसीय नि:शुक स्वास्थ्य जांच शिविर का का शुभारंभ किया गया जिसमें प्रथम दिन करीब साढ़े तीन सौ रोगियों का नि:शुक जांच ऐलोपैथिक व होमियापैथिक चिकित्सा के द्वारा किया गया। जांच हेतु चिकित्सा पदाधिकारी बहादुरगंज डा। अरुण प्रकाश गुप्ता व हेमियोपैथ चिकित्सक डा। मकसूद आलम मौजूद थे। स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन जिला परियोजना समन्वयक दीनानाथ पांडेय ने किया। शिविर में मुस्कान परियोजना के जिला संयोजक शाहनवाज गाजी ने जानकारी दी कि किशनगंज जिले में परियोजना के लिए बहादुरगंज प्रखंड का चयन किया गया है।

मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में जनसंख्या नियंत्रण, तम्बाकू सेवन संबंधी रोग, यौन संबंधी रोग, स्तनपान आदि बीमारियों के संदर्भ में ग्रामीणों को जागरूक करने के साथ रोगियों का नि:शुक जांच करना है। समन्वयक श्री पांडेय ने बताया कि एक ओर मलेरिया, डेगूं, कालाजार, कुष्ठ, फाइलेरिया जैसी बीमारी के चपेट में हैं तो दूसरी ओर एड्स जैसी भयावह बीमारी भी गांवों में फैलने लगी है जिस कारण बचाव जरूरी है। शिविर में सअनि राजेन्द्र झा, विनोद राय, मुस्कान कार्यकर्ता, युगेश्वर विश्वास, राजेश झा, विनोद राय, सुधीर झा, बबलू भगत, गोपाल अग्रवाल, सीताराम महतो व अन्य ने सहयोग किया।

दो दिवसीय कृषि मेला से किसान होगे लाभान्वित : डीएम

बिहार की कृषि मंत्री डा।रेणु देवी कुशवाहा 12 नवम्बर को किशनगंज के स्टेडियम में आयोजित हो रहे दो दिवसीय कृषि मेला का उद्घाटन करेंगी। यह जानकारी जिला पदाधिकारी फेराक अहमद ने दी। श्री अहमद 04 नवम्बर को अपने कार्यालय कक्ष में कृषि, मत्स्य, पशुपालन, सहकारिता पदाधिकारियों एवं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों के साथ मेला के भव्य आयोजन पर विचार विमर्श करने एवं तदनुसार निर्देश देने के बाद जागरण से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि सभी संबंध पदाधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है कि वे कृषि उत्पादन सह कृषि मेला के सफल आयोजन हेतु हर संभव प्रयास करें जिससे जिले के किसान लाभान्वित हो सकें।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस कृषि मे से जिले के किसान लाभान्वित होंगे। मेला में ही उन्हें अनुदानित दर पर बीज, पोषक तत्व, कीटनाशक दवा, कृषि यंत्रादि उपलब्ध होंगे। बाद में पत्रकारों से बात करते हुए जिला कृषि पदाधिकारी सह निदेशक आत्मा, संतलाल प्रसाद साह ने बताया कि कृषि मेला में ही किसानों को स्वायल हेल्थ कार्ड दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि आज की बैठक में प्रखंड कृषि पदाधिकारी की भी उपस्थिति रही। उन्हें आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि मेले के सफल आयोजन हेतु युद्धस्तर पर तैयारी जारी है।

Wednesday, November 4, 2009

भंट्ठा मालिक पर मजदूरी हड़पने का आरोप

ये लोग प्रखंड क्षेत्र दिघलबैंक के सतकुंआ गांव में स्थित टाटा भट्ठा पर काम करते थे। ईट भट्ठा मालिक इन मजदूरों का 64,563 रुपए मजदूरी रोक रखा है । यह जानकारी हिन्द खेत मजदूर यूनियन के महामंत्री अलीमुद्दीन अंसारी ने दी। वे एक नवम्बर को मजदूरों के साथ जागरण कार्यालय में आकर अप्रैल 2009 में उप श्रमायुक्त कार्यालय पूर्णिया में इस बाबत ज्ञापन सौंपने और आज तक कोई कार्रवाई नही होने की जानकारी दे रहे थे। इसी समय किशनगंज प्रखंड अन्तर्गत सागवन बाड़ी गांव के मजदूर मो. रफीक ,तजमुल हक, जहांगीर आलम, फिरोज अख्तर, मो. महमूद कालू, पैरुल हक, हजरल अली, अब्दुस समद और मो साईबुर ने बताया कि वे लोग दिघलबैंक प्रखंड क्षेत्र अन्तर्गत स्थित टाटा ईट भंट्ठा में काम कर रहे थे। अप्रैल 2009 तक 23 मजदूरों का 64,563 रुपए ईद भट्ठा मालिक मो. दिलशाद ने रोक लिया और बार-बार मांग करने पर भी भुगतान नही किए। इससे पहले हिन्द खेत मजदूर के प्रदेश महामंत्री श्री अंसारी ने बताया कि सभी 23 मजदूरों की तरफ से उप श्रमायुक्त पूर्णिया को ज्ञापन सौंप कर मजदूरी भुगतान कराने की मांग अप्रैल 2009 में की गई थी जिसका कोई असर ईट भट्ठा मालिक पर नही पड़ा है और न ही कोई अधिकारी मजदूरों से सच्चाई जानने के लिये आज तक पूछताछ की। इधर ईट भट्ठा मालिक श्री दिलशाद के सूत्रों ने जानकारी दी कि मजदूरों द्वारा उन्हें ब्लैक मेल किया जा रहा है, किसी मजदूर की मजदूरी नही रोकी गई है।

मुख्यमंत्री तीव्र बीज विस्तार योजना व प्रशिक्षण का आयोजन

स्थानीय प्रखंड मुख्यालय में मंगलवार को मुख्यमंत्री तीव्र बीज विस्तार योजना अंतर्गत उन्नत गेहूं का आधार बीज किसानों को देकर प्रशिक्षित किया गया । कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड उपप्रमुख अयाज अहमद उर्फ मुन्ना ने की। प्रारंभ में प्रखंड कृषि पदाधिकारी सत्येन्द्र कुमार सिंह ने उपस्थित किसानों को खेत की मिट्टी की नमी व उसके जांच से होने वाले लाभ की जानकारी दी। साथ ही गेहूं की बोआई से लेकर भंडारण तक की जानकारी भी दी । उन्होंने बताया कि प्रखंड के प्रत्येक राजस्व ग्राम के दो चयनित किसानों के बीच उन्नत गेहूं बीज के बीस किलो का पैकेट दो सौ पचपन रुपये के सरकारी दर पर उपलब्ध कराया जाना है। चयनित किसान वितरित बीजों से गेहूं का बीज उत्पादन करेंगे। इस दौरान पौधा संरक्षण पदाधिकारी सुनील कुमार ने समेकित कीट प्रबंधक के विषय में कृषकों को जानकारी दी। प्रखंड के चयनित दो सौ बारह किसानों में से दर्जनों किसानों ने मौके पर गेहूं बीज प्राप्त किया। कार्यक्रम में प्रगतिशील किसान मदन मोहन साह, मधू सिंह, दिनकर जी, अमीनउद्दीन, अंजार आलम, समिति रिजवान आलम, मुखिया नईमउद्दीन, मुखिया कांतिलाल दास, पूर्व मुखिया अबसार आलम सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के अलावे कृषक गोविन्द लाल, नुरुल इस्लाम, शकील, इकबाल सहित दर्जनों किसान मौजूद थे।

विधानसभा चुनाव की जिला प्रशासन ने शुरू की तैयारी

जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव के आलोक में मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य 05 नवम्बर से प्रारंभ हो जायेगा, इस बार जिन्हें यह जिम्मेवारी सौंपी जा रही है, वे पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे तथा इसे सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी मतदाता को शिकायत करने का कोई मौका नहीं मिले। यह जानकारी दी जिला पदाधिकारी फेराक अहमद ने। श्री अहमद 03 नवम्बर को समाहरणायल परिसर में आयोजित मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को लेकर राजनीतिक दलों के नेताओं से बात करने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने बताया कि आज की बैठक में प्रमुख पदाधिकारी के साथ साथ जदयू , राजद, कांग्रेस, भाजपा समेत प्रमुख दलों के नेता उपस्थित थे। उन्होंने अपने विचारों से भी डीएम को अवगत कराया।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य के लिए जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों के लिए अलग अलग पदाधिकारी तैनात किये गये हैं। किशनगंज विधानसभा क्षेत्र का भार अनुमंडल पदाधिकारी रामनारायण सिंह, कोचाधामन विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के निदेशक व्यासमूनि प्रधान, ठाकुरगंज विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी नव प्रतिनियुक्त कार्यपालक दंडाधिकारी अभिनव भाष्कर एवं बहादुरगंज विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी बनाए गए हैं डीसीएलआर डी।के। सविता।

Tuesday, November 3, 2009

किसान की उन्नति से होगी देश की तरक्की : प्रमुख

किसान की उन्नति के बगैर देश की तरक्की की बात बेमानी है। ये बात प्रखंड प्रमुख सह जदयू नेता कमरूल होदा ने सोमवार को प्रखंड मुख्यालय में आयोजित मुख्यमंत्री बीज वितरण समारोह में कही। इस मौके पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी सत्येन्द्र कुमार सिंह ने किसानों को गेहूं की खेती की तरकीब पर विशद्ता से प्रकाश डालते हुए कहा कि गेहूं की बुआई का उपयुक्त समय 15 नवम्बर से 10 दिसम्बर तक है और अच्छे उत्पादन के लिए हल्की अथवा दोमट मिट्टी जिसका पी.एच.मान 6.5 हो, सर्वोत्तम होता है। उन्होने बीजोपचार के बारे में बताया कि इसके दो विधि है जैविक और रासायनिक। साथ पोषक एवं प्रबंधन के संदर्भ में उन्होंने बताया कि मिट्टी में सूक्ष्म पोषक तत्वों तथा जिंक अथवा बोरान की कमी हो तो खेत में जिंक सल्फेट हेप्टाइड्रेटेड दस किग्रा प्रति एकड़ डाले। साथ उन्होंने कहा कि गेहूं फसल में अच्छी पैदावार के लिए समय पर सिंचाई आवश्यक है। इस शिविर में 74 राजस्व ग्राम के 100 किसानों के बीच बीज का वितरण किया गया। जबकि 48 किसान शिविर में नहीं आ सके। इस मौके पर सांख्यिकी पदाधिकारी बासुदेव प्रसाद, प्रसार पदाधिकारी सत्येन्द्र कुमार के अलावे सैकड़ों किसान मौजूद थे।

जिले में राशन आपूर्ति व्यवस्था व्यवस्थित होगी : एसडीओ

राशन आपूर्ति व्यवस्था में सुधार एवं कूपन पर दिए जा रहे राशन संबंधी शिकायतों की नियमित रूप से होगी समीक्षा, दोषी होंगे दंडित जिसके लिए आपूर्ति विभाग के पदाधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है। वे निर्धारित प्रखंडों में नियमित रूप से साप्ताहिक बैठक करेंगे, शिकायतों को सुनेंगे एवं अपना प्रतिवेदन अनुमंडल पदाधिकारी को देंगे। प्राप्त प्रतिवेदनों के आधार पर होगी कार्रवाई। यह जानकारी अनुमंडल पदाधिकारी रामेश्वर सिंह ने दी। श्री सिंह 02 नवम्बर को अनुमंडलीय श्रवण समिति की बैठक करने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने बताया कि आपूर्ति विभाग से संबंधित अब सारी शिकायतों का निपटारा मौके पर उपस्थित मार्केटिंग पदाधिकारी एवं जिला आपूर्ति पदाधिकारी ही कर देंगे जिनका समाधान उनके स्तर से नहीं हो सकेगा। उनका समाधान वे स्वयं करेंगे।

श्री सिंह ने बताया कि किशनगंज प्रखंड में ऐसी साप्ताहिक बैठक वृहस्तपतिवार को होगी जिसमें उपस्थित रहेंगे मंडल जी, टेढ़ागाछ प्रखंड में समीक्षा करेंगे चौबे जी, पोठिया में समीक्षात्मक बैठक करेंगे जिला आपूर्ति पदाधिकारी ब्रजेश कुमार, ठाकुरगंज प्रखंड प्रत्येक सोमवार को समीक्षात्मक बैठक करेंगे मंडल जी एवं दिघलबैंक में मंडल जी। उन्होंने बताया कि आज की बैठक में जदयू के जिलाध्यक्ष बुलंद अख्तर हाशमी, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष इसहाक आलम, राजद के जिलाध्यक्ष इस्लामुद्दीन बागी एवं देवेन यादव, कई जिला पार्षद, किशनगंज प्रखंड के प्रमुख कमरुल होदा एवं टेढ़ागासछ प्रखंड के इम्तियाज आलम।

बीए-बीेएससी शिक्षकों के वेतनमान निर्धारित करने की प्रक्रिया शुरू

माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के आलोक में प्रधान सचिव मानव संसाधन विकास विभाग द्वारा दिये गये परिपेक्ष्य में जिला शिक्षा अधीक्षक रबीन्द्र शर्मा ने दो अक्टूबर को प्रधानाध्यापक एवं प्रखंड शिक्षा प्रसाद पदाधिकारी के साथ एक बैठक की और जानकारी दी कि अब तक बीए-बीएससी योग्यताधारी शिक्षकों में से सिर्फ 453 शिक्षकों के द्वारा ही वेतनमान निर्धारित करने के लिए आवेदन प्रपत्र समर्पित किया गया है। इससे पहले उन्होंने बताया कि माननीय उच्च न्यायालय में सरकार के निर्णय के विरूद्ध वाद के चलते लगभग 15 वर्ष बाद वेतनमान निर्धारित किया जा रहा है।

उन्होंने सचेत करते हुए कहा कि इस बावत अभी भी 150 शिक्षकों के द्वारा आवेदन समर्पित नहीं किया गया है। जिला शिक्षा अधीक्षक श्री शर्मा ने ऐसे शिक्षकों को 10 अक्टूबर तक आवेदन प्रपत्र प्रा.शि. पदाधिकारी कार्यालय में समर्पित करने का निर्देश दिया और कहा कि ऐसा नही करने पर शिक्षकों को चिन्हित कर इनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। आज की बैठक में जिन लोगों की उपस्थिति रही उनमें मुख्य रूप से डीडीओ अब्दुल कादिर किशनगंज, प्रदीप कुमार सिन्हा, विष्णुदेव शर्मा, अब्दुल क्यूम, धीरनारायण सिंह, अशफाक आलम, विनायक त्रिपाठी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी बहादुरगंज, प्रवीण कुमार, प्रधान लिपिक विमल किशेर आदि मुख्य रुप से उपस्थित थे।

Friday, October 30, 2009

नगर में स्टेट बैंक ने शुरू की एटीएम सेवा

स्थानीय भारतीय स्टेट बैंक की शाखा के ठीक नीचे एटीएम काउंटर गुरूवार को ग्राहकों की सेवा में समर्पित कर किया गया। एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक जय कृष्ण ठाकुर ने विधिवत फीता काटकर इस सेवा का शुभारंभ किया एवं एटीएम को सुचारू रूप से विधि-व्यवस्था के बीच जारी रखने के उद्देश्य से शाखा के पदाधिकारियों को समुचित सुझाव व निर्देश भी दिए। क्षेत्रीय प्रबंधक श्री ठाकुर ने बताया कि इस शाखा के प्रति ग्राहकों ने सकारात्मक रवैया का परिचय दिया है, । महज सात-आठ माह के समय में अब तक यहां लगभग दो हजार ग्राहकों ने खाता खोला है। श्री ठाकुर ने स्टाफ की संख्या बढ़ाए जाने का आश्वासन देते हुए कहा कि शुरूआती दौर में ही ये समस्या रहती है। समारोह में क्षेत्रीय कार्यालय के पदाधिकारी अंजनी कुमार झा, शाखा प्रबंधक राजन कुमार सिंह, व्यवसायी संजय भगत, एच. रहमान, मुरली अग्रवाल, सुभाष साह सहित दर्जनों गणमान्य लोग मौजूद थे ।