Thursday, January 7, 2010

व्यवसायिक प्रशिक्षण लेने के लिए महिलाएं में मची होड़

केन्द्र सरकार के सहयोग से स्थानीय किशनगंज शहर स्थित बहादुरगंज पथ व दो उपकेन्द्र मोधो एवं जनता में चल रहे जन शिक्षण संस्थान में विभिन्न ट्रेड में प्रशिक्षण को ले महिलाओं में होड़ मची हुई है। केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय द्वारा पोषित जन शिक्षण संस्थान किशनगंज में विगत फरवरी 2009 से व्यवसायिक कुशलता का प्रशिक्षण कार्य शुरू हुआ जिसमें इस समय प्रशिक्षण को ले महिलाओं के बीच होड़ देखा जा रहा है,जिससे संस्थान सफलता की सीढि़यां की आगे बढ़ता जा रहा । इस बावत जानकारी मांगने पर मिल्ली इजूकेशनल एण्ड वेलफेयर संस्थान के संचालक हाजी मो। अंजार आलम ने जानकारी दी कि संस्थान द्वारा खासकर नवसाक्षर, असाक्षर तथा समाज के पिछड़े वर्ग के लोगों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

एक सवाल पर उन्होंने बताया कि महिला सशक्तिकरण के दिशा में संस्थान ने महिलाओं को जागरूक तथा आत्मनिर्भर बनाने हेतुं सिलाई, कटाई, कढ़ाई, मेंहदी, ब्यूटीशियन, खिलौना निर्माण, मोमबत्ती, अगरबत्ती निर्माण , पेंटिग आदि का प्रशिक्षण दे रही है है। इससे पहले उन्होंने कहा कि संस्थान के द्वारा कुल सोलह कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जिसमें मोबाइल, डीभीडी, वीसीडी, टीभी, टेप, रेडिया रिपेयरिंग आदि भी शामिल हैं। वर्ष 2009-10 में तीन हजार प्रशिक्षु को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य है। जिसमें अब तक 312 अनुसूचित जाति के , 126 अनुसूचित जनजाति , 951 अल्पसंख्यक तथा 75 अन्य जाति के महिलाओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है। संस्थान का दो उपकेन्द्र मोधो एवं जनता में भी कार्यरत है।

राज्य स्तरीय सम्मेलन की शुरूआत 9 जनवरी से बहादुरगंज में

आगामी नौ, दस व ग्यारह जनवरी को बहादुरगंज टाउन हाल में ज्ञान विज्ञान समिति का सातवां राज्य सम्मेलन आयोजित किये जाने का कार्यक्रम निर्धारित है। तीन दिवसीय समारोह को लेकर समिति के सक्रिय सदस्य जोर शोर से तैयारी में जुट गये हैं। कार्यक्रम के प्रथम दिन मानव संसाधन विभाग के प्रधान सचिव अंजनी कुमार सिंह समारोह का विधिवत उद्घाटन करेंगे। यह जानकारी बुधवार को ज्ञान विज्ञान समिति के जिला सचिव प्रो. मसब्बीर आलम ने दी और बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में किशनगंज जिले का अंतिम पायदान पर होने के कारण समिति का कार्यक्रम बहादुरगंज प्रखंड में तय किया गया है ताकि क्षेत्र से अशिक्षा जैसी अभिशाप को दूर करने में सहायक सिद्ध हो सके। राज्य सम्मेलन में ज्ञान विज्ञान समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष के.के. कृष्ण कुमार, सचिव आशा मिश्रा, कोषाध्यक्ष प्रो. सच्चिदानंद सिंह, सचिव डा. काशीनाथ चटर्जी, प्रो. गालीब खां, उषा साहनी सहित अन्य भाग लेंगे। जबकि कार्यक्रम की सफलता के मद्देनजर समिति के प्रांतीय सचिव डा. रामबाबू आर्य, मधेपुरा के जिला सचिव मुरलीधर प्रसाद व अवधेश कुमार सहित अन्य सदस्य व्यापक तैयारी में जुटे हैं। कार्यक्रम में सीमांचल क्षेत्र के शिक्षाविदें, प्रतिष्ठित राजनीतिज्ञ, जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी को सम्मानित किये जाने की तैयारी हैं।

बीडीओ ने गांव में आयोजित किया ग्राम विकास शिविर

जिले के हालामाला पंचायत के मोतीहारा पंचायत भवन में ग्राम विकास शिविर का आयोजन प्रखंड विकास पदाधिकारी अनिल कुमार के नेतृत्व में बुधवार को किया गया। जिसमें मुख्य रूप से एसडीओ रामेश्वर प्रसाद सिंह भाग लिए । श्री सिंह ने बताया कि 13 जनवरी को बेलवा पंचायत में विकास शिविर का आयोजन किया जायेगा जिसमें विकास से जुड़े सभी पदाधिकारी उपस्थित होंगे तथा ग्रामीणों की समस्या को सुन समाधान किया जायेगा। वहीं श्री कुमार ने उपस्थित सभी ग्रामीणों की समस्या को सुना तथा जाब कार्ड का वितरण, खाता का वितरण एवं मजदूरों द्वारा कार्यो का मांग का आवेदन स्वीकार किया गया।
साथ ही साथ आम आदमी जीवन बीमा का आवेदन, आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, वृद्धापेंशन, विधवा पेंशन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा निशसक्ता योजना संबंधी कार्यो का निपटारा किया गया। इस मौके पर पंकज कुमार कार्यक्रम पदाधिकारी, मनोज कुमार पंचायत तकनीकी सहायक, नदीम हुसैन अंसारी पंचायत रोजगार सेवक, अवधेश कुमार दत्ता मुखिया पंचायत हालामाला, मो. शाकीर आलम पंचायत सचिव हालामाला के अलावा वार्ड सदस्य कमल किशोर यादव, मो. युनूस, मो. मुस्तफा, पानवती देवी, सोनामन निशा, सुल्ताना साहिन, मनोवर हुसैन, सफील अंसारी, साकेरुन निशा, मो. साबिर आलम, संजय कुमार बोसाक, अख्तरुन निशा आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे। वहीं अवर निरीक्षक बाबूलाल सिंह भी अपने दल-बल के साथ मुस्तैद दिखे।

दबंगो का है एनएच 31 पर कब्जा,भारी वाहनों से करते हैं वसूली

स्थानीय राष्ट्रीय राजपथ 31 पर दबंगो का कब्जा है। इस बावत एक सवाल पर डीएम फेराक अहमद ने कहा कि उन्हें भी ऐसी जानकारी मिल रही है। साथ ही बताया कि उन्हें यह जानकारी मिली है कि कुछ अनाधिकृत लोग भारी वाहनों से जबरन वसूली कर अपनी जेब भरते हैं, वे इस संबंध में शीघ्र ही ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई करेंगे जिससे सरकारी राजस्व की वृद्धि हो, निजी कमाई पर रोक लगे एवं वाहन चालकों को परेशान करने का धंधा अंकुशित हो।

उन्होंने बताया कि वाहन चालकों से गलत ढंग से वसूली करने वालों के खिलाफ प्रशासन कठोरतम कार्रवाई करने के लिए संकल्पबद्ध है। इससे पहले यह बताने पर कि कि जिले के धान उत्पादकों को नहीं मिल रहा धान का उचित मूल्य, बड़े बड़े जमाकर्ताओं द्वारा उनका किया जा रहा है शोषण। सरकारी दर पर अभी तक जिले में प्रारंभ नहीं हुआ धान क्रय केन्द्र। जिला पदाधिकारी फेराक अहमद ने माना कि अभी 06 जनवरी तक सरकारी दर पर धान क्रय केन्द्रों के माध्यम से धान की खरीद नहीं हो रही है।

सरकार द्वारा धान का जो मूल्य निर्धारित हुआ है और उस पर उन्हें जो बोनस मिलेगा उसके अनुसार एक हजार पचास रुपये की दर पर होगी धान की खरीद। धान की खरीद के लिए तीन एफसीआई, एसएफसी एवं पैक्स को धान क्रय केन्द्र खोलने का निर्देश दिया जा चुका है लेकिन एफसीआई की उदासीनता के कारण सरकार की घोषित नीति के अनुसार धान उत्पादक किसान नहीं हो रहे हैं लाभान्वित। एसएफसी के पास भी अर्थाभाव है, वहीं पैक्स का गठन ही नये सिरे से होने के कारण उनके पास भी अर्थाभाव के कारण उनके पास भी अर्थाभाव है। श्री अहमद ने बताया कि इस संबंध में विचार करने, सरकारी नीति को कार्यान्वित करने एवं धान उत्पादकों को सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य देने पर विचार करने के लिए 10 जनवरी को एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई गई है जिसमें सभी पहलुओं पर विचार होगा।

इससे पहले उन्होंने बताया कि सरकार की राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना की सफलता हेतु 9 जनवरी को जिला मुख्यालय स्थित टाउन हाल में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित होगा जिसका उद्घाटन प्रमंडलीय आयुक्त सुधीर कुमार करेंगे। इस अवसर पर बीपीएल कार्डधारियों को स्मार्ट कार्ड उपलब्ध कराया जायेगा। जिसके जरिए वे गरीब चिंहित अस्पतालों नर्सिग होमों में अपनी मुफ्त चिकित्सा करा सकेंगे। डीएम श्री अहमद ने बताया कि पूरे जिले में बीपीएल कार्ड धारी, अन्त्योदय कार्डधारी एवं एपीएल कार्डधारियों को क्रमश: लाल, पीला, हरा नया राशन कार्ड उपलब्ध करा दिया जायेगा।

Wednesday, January 6, 2010

खेल भाईचारगी बढ़ाने का सबसे प्राचीन तरीका है : सांसद

बैट और बाल घुमाना ही सिर्फ खेल नहीं होता, बल्कि खेल तो भाईचारगी बढ़ाने का एक परंपरागत प्राचीन तरीका है। खेल के बिना तो शिक्षा पूरी ही नहीं हो सकती है। यह बात स्थानीय सांसद मौलाना असरारुल हक काशमी ने स्थानीय बांसबाड़ी में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह को सम्बोधित करते हुए मंगलवार को कहीं। वे बतौर मुख्य अतिथि फीता काट कर मैच का शुभारंभ किये। पटेशरी पंचायत के बांसबाड़ी मैदान में साईनिंग क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट में प्रखंड के कुल पन्द्रह टीमों ने भाग लिया है।

टूर्नामेंट के पहले दिन ठाकुरगंज क्रिकेट क्लब एवं पौआखाली क्रिकेट क्लब के बीच मैच खेला गया। टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष नवीन यादव, उपप्रमुख प्रतिनिधि गुलाम हसनैन, दल्लेगंाव मुखिया सह सांसद प्रतिनिधि सईदुर्रहमान, पूर्व विधायक बहादुरगंज जाहीदुर्रहमान, पूर्व जिला पार्षद नौशाद आलम, पटेशरी मुखिया मो। औरंगजेब, पैक्स अध्यक्ष मंसूर आलम, काजी अब्दुल गफ्फार खां एवं पूर्व खिलाड़ी मो. सईद, कांग्रेस कार्यकर्ता सोयेब आलम एवं खलीक अंसारी के साथ दर्जनों कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित थे। मंच का संचालन सहायक शिक्षक जहांगीर आलम द्वारा किया गया। इस टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए जकी अनवर, दिलशाद शाही, मासूम रजा, गालीब रजा आदि युवाओं की स्थानीय सांसद ने काफी तारीफ की ।

सेवानिवृत्त आएएस पदाधिकारी बने पब्लिक ग्रीवान्स आफिसर

सेवानिवृत्त आइएएस आफिसर एवं दो दो जिला के जिला पदाधिकारी रह चुके किशनगंज के मूल निवासी हसनैन आलम को किशनगंज का पब्लिक ग्रीवान्स आफिसर बनाया गया है। वे उप विकास आयुक्त जो पब्लिक ग्रीवान्स के मोडल आफिसर हैं, उनके संपर्क में रहेंगे तथा कार्य करेंगे। यह जानकारी जिला पदाधिकारी फेराक अहमद ने दी। श्री अहमद 5 जनवरी को अपने कार्यालय कक्ष में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय एक महत्वपूर्ण बैठक में जिसमें जिला के सभी वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे, इस आशय का निर्णय लिया गया एवं सेवानिवृत्त आइएएस पदाधिकारी को पब्लिक ग्रीवान्स आफिसर बनाने की पुष्टि की गई। वहीं श्री अहमद ने बताया कि अगले कुछ दिनों में ही किशनगंज को मिलने लगेगी अधिक बिजली, सम्प्रति जो बिजली संकट है, वह संकट होगा दूर। श्री अहमद पावर ग्रिड, किशनगंज के विद्युत कार्यपालक अभियंता आदि के साथ बिजली संकट पर बुलाई गई बैइक एवं बैठक में की गई समीक्षा के बाद पत्रकारों को जानकारी दे रहे थे।

वहीं इससे पहले श्री अहमद ने बताया कि 31 मार्च तक सभी अभियंता मुख्यमंत्री सड़क योजना, मुख्यमंत्री जिला विकास योजना, मुख्यमंत्री सेतु निर्माण योजना एवं मुख्यमंत्री सीमा क्षेत्र विकास योजनाओं की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता पर ध्यान देते हुए पूरा कर लें अन्यथा उनके विरुद्ध होगी आवश्यक कार्रवाई। उन्होंने कार्यपालक अभियंता को निर्देशित दिया कि उनके अधीनस्थ जो भी संवेदक कार्यरत हैं वे समय पर कार्य पूरा नहीं करते हैं, कार्य में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाये नहीं रहते हैं, घटिया काम करते हैं तो वे उनके नाम काली सूची में दर्ज करें जिसके लिए वे स्वयं ही अधिकृत हैं।

नवनिर्मित प्रधानमंत्री पुल धंसने से जनता में आक्रोश

चहुंओर बिछ रही सड़कों की जाल से लोगों में खुशी बेसुमार है, लेकिन उसकी गुणवत्ता को लेकर लोग चिंतित भी हैं। भला हो भी क्यों नहीं, जब महज चार माह पूर्व निर्मित पुल की पाया धंस जाए। जी हां मामला कुढैली हाट से मलमली कब्रिस्तान तक बन रही प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क में मलमली गांव के समीप मरिया धार पर निर्मित पुल का है। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि लगभग चार माह पूर्व उक्त पुल बनाया गया था लेकिन खराब गुणवत्ता के कारण कुछ ही दिनों में क्षतिग्रस्त हो गया।

साथ ही बताया कि इस मार्ग पर किसी भारी वाहन का परिचालन भी नहीं होता है। बावजूद इसके पुल का क्षतिग्रस्त होना निर्माण कार्य की गुणवत्ता को साफ प्रकट करता है। ग्रामीणों ने बताया कि विभाग को इसकी जांच कर निर्माण एजेंसी पर यथोचित कार्रवाई करें। वहीं मौके पर निर्माण एजेंसी के कोई भी कर्मी मौजूद नहीं थे। जानकारी देने वाले ग्रामीणों में मो. जैनुल हक, राजेन्द्र प्रसाद यादव, तफेजुल हुसैन, शिवनारायण गणेश, मनोज सिंह, एकरामुल हक आदि ने बताया कि पुल धंस जाने से ग्रामीण चिंतित हैं ।

राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव 23 को, किशनगंज में बैठक

राजद के राष्ट्रीय और प्रदेश अध्यक्ष तथा कार्यकारिणी का चुनाव 23 जनवरी को होगा। इससे पहले ग्राम पंचायत अध्यक्ष से लेकर जिलाध्यक्ष तक चुनाव करा लिया जाएगा। यह जानकारी बतौर निर्वाची पदाधिकारी सह पूर्व विधायक मधेपुरा परमेश्वर प्रसाद निराला ने दिया। वे पांच जनवरी को राजद कार्यालय किशनगंज में राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव द्वारा स्वयं को प्रभारी निर्वाची पदाधिकारी मनोनीत किए जाने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर ग्राम पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के बावत जानकारी दे रहे थे। इस अवसर पर सह निर्वाची पदाधिकारी विधायक बेलसन रोड सीतामढ़ी संजय प्रसाद गुप्ता, स्थानीय विधायक अख्तरुल ईमान, जिलाध्यक्ष सह पूर्व मंत्री इस्लामुद्दीन बागी, पूर्व मंत्री बिहार सरकार सुलेमान, पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष जिला परिषद किशनगंज तसीरुद्दीन, नप अध्यक्ष प्रतिनिधि किशनगंज सह राजद नेता देवेन यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष ठाकुरगंज नवीन यादव, प्रखंड अध्यक्ष कोचाधामन मो। मुजाहिद, नगर अध्यक्ष किशनगंज गुड्डू शर्फराजी, प्रखंड अध्यक्ष किशनगंज नूरुल इस्लाम, सुर साम्राज्य सह वार्ड पार्षद प्रतिनिािध किसनगंज नगर परिषद हाजी अब्दुष सुभान, मो। जाफिर आलम, श्रीमती आमना मंजर, मंजर आलम, कुंट्टी पंचायत से मुजफ्फर हसनैन, मो।सहजाद कैशर, मो। रईसुद्दीन, हाजी महमूद आलम, मुखिया नजरुल इस्लाम, मजहरूल हसन, मो. फारूख आजम आदि लोग भाग लिए।

बैठक के दौरान जोश से लैश राजद के पदाधिकारियों ने नीतीश सरकार को गरीब विरोधी बताया और कहां मंहगाई, भ्रष्टाचार और जमाखोरी राजद का मुख्य मुद्दा होगा। इससे पहले सह निर्वाची पदाधिकारी श्री गुप्ता ने बताया कि आज की बैठक में 20 निर्वाची और सह निर्वाची पदाधिकारी का मनोनयन किया गया है। ये लोग ग्राम पंचायत से लेकर प्रखंड तथा नगर अध्यक्ष का चुनाव कराकर उसकी सूची हम लोगों को सौपेंगे। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सह पूर्व मंत्री इस्लामउद्दीन बागी ने किया।

एक ही रात दो दुकानों के शहर तोड़ हजारों की चोरी

बहादुरगंज थाना क्षेत्र में सोमवार की रात्रि शटर तोड़वा गिरोह ने पुलिस की गश्ती को धता बताते हुए दो प्रतिष्ठानों के शटर तोड़कर हजारों की राशि व जेवरात चोरी कर ली। पहली घटना एलआरपी चौक स्थित बजाज मोटरसाइकिल शोरुम में घटी। प्रतिष्ठान के मालिक नन्हें के अनुसार दो मोटरसाइकिल के बिक्री का नब्बे हजार रुपये काउंटर तोड़कर चोरों ने चम्पत कर दिया। जबकि एक नयी मोटरसाइकिल को ले भागने में असफल प्रयास भी किया गया। मंगलवार की सुबह आसपास के लोगो ने शटर टूटा देख दुकान मालिक को घटना की खबर दी।

दूसरी घटना अली हसन चौक स्थित कैलाश कर्मकार के ज्वेलर्स की दुकान में घटी। जिसमें अज्ञात चोरों ने दुकान से चालीस भरी चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गये। घटना के संबंध में मकान मालिक मास्टर जावेद ने बताया कि दो बजे रात्रि शटर तोड़ने की आवाज सुनकर मेरी नींद खुली तथा पुलिस को सूचना दी। पुलिस घटना की पूरी अनुसंधान में जुटी है। दोनों घटना में चोरों ने एक ही तरीके से शटर तोड़ने का अंजाम दिया है। घटना से बाजार के दुकानदारों के बीच भय का माहौल कायम है।

Tuesday, January 5, 2010

योजना आयोग मुख्यमंत्री अक्षर आंचल योजना को माना रोल माडल : डीएम

जिले में अक्षर आंचल योजना में किशनगंज को बिहार में प्रथम स्थान मिला है। यह किशनगंज के लिए गौरव की बात है। यह जानकारी जिला पदाधिकारी फेराक अहमद ने दी। श्री अहमद 04 जनवरी को अपने कार्यालय कक्ष में अक्षर आंचल योजना की समीक्षात्मक बैठक के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने बताया कि विशेष रूप से महिलाओं को साक्षर -सुशिक्षित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री द्वारा जो यह योजना चलाई जा रही है उसका भारत सरकार एवं योजना आयोग ने भी प्रशंसा की है। योजना आयोग मुख्यमंत्री अक्षर आंचल योजना को रोल माडल के रूप में मान रहा है। उन्होंने बताया कि समीक्षात्मक बैठक में जन शिक्षा पदाधिकारी राजकुमारी देवी को निर्देशित कर दिया है कि वे इस योजना की अधिकाधिक सफलता हेतु सक्रिय बनी रहें। आज की बैठक में जिले के सभी वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। श्री अहमद ने बताया कि 05 जनवरी को तकनीकी पदाधिकारियों की बैठक होगी जिसमें जिले में विकास कार्यो की गति पर विशदता से विचार किया जायेगा।

सांसद ने वितरित किये बालिकाओं में साइकिल

आगामी पीढ़ी को सुशिक्षित एवं सुदृढ़ बनाना ही हमारा लक्ष्य होना चाहिए। यह तभी संभव है जब वर्तमान पीढ़ी की बालिकाएं शिक्षित होंगी। उक्त बातें स्थानीय सांसद मौलाना असरारुल हक काशमी ने कहीं। मौका था प्रखंड क्षेत्र के मदरसा अलहसना, आबाद, पदमपुर में साइकिल वितरण समारोह का। जहां उन्होंने बेवाकी से महिलाओं को शिक्षित करने के प्रति उनके अभिभावकों को जागृति होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बिना महिलाओं के शिक्षित हुए हम अपने समाज को कतिपय विकसित व शिक्षित नहीं बना सकते हैं। गौरतलब है कि मौके पर सत्तर बालिकाओं को साइकिल प्रदान किया गया। जहां सांसद प्रतिनिधि बमभोल झा, मुखिया नजमुद्दीन, मुखिया हारुण रसीद, रामप्रसाद सिंह, पूर्व प्रमुख महबूब आलम, प्रो. खालिक, मो. शमशाद सहित दर्जनों कांग्रेसी कार्यकर्ता एवं सांसद समर्थक मौजूद थे।

इंटर नेशनल शिक्षा पर डेरामारी में कार्यशाला का आयोजन

कल जो शिक्षा दी जा रही थी, वह आज प्राचीन हो गयी है। आज जो शिक्षा दी जा रहीं है,वह भी कल शायद नहीं दी जाए। नित नई खोज और ग्लोबल विलेज से शिक्षा के विषय में नित नये परिवर्तन हो रहे हैं। जो समाज देश, समय और काल के अनुसार अपने शिक्षा प्रणाली में परिवर्तन नहीं करेंगे, वे पिछड़ जाएंगे यह बात केन्द्रीय विद्यालय बीएसएफ खगड़ा के प्राचार्य के।एन।एस.यादव ने कहीं। वे रविवार को एचडीएफ इंटरनेशनल स्कूल की आधारशिला के अवसर पर डेरामारी पंचायत में इंटर नेशनल शिक्षा पर आयोजित कार्यशाला में अपना विचार रखे रह थे।

इस अवसर पर मोहम्मद तनवीर ने कहा कि आधुनिक शिक्षा प्राप्त करना नयी पीढ़ी का अधिकार और कर्तव्य है। इसके साथ हीं हमें अल्लाह और हकीकत को भी नहीं भूलना चाहिए। पार्षद सह शायरे इस्लाम और स्वर के जादूगर हाजी अब्दुस सुभान ने कहा कि इल्म के इमदाद से बढ़कर संसार में कोई नेकी नहीं है। एक टूटी कलम भी दूसरों के बच्चों के हाथ में थमाने वाला कल का इतिहास लिखता है। ह्यूंमेन डेवलपमेंट कार्पोरेशन के अध्यक्ष मतीउर रहमान ने कहा कि आज की शिक्षा अर्चीटेक्ट, इंजीनियरिंग, मेडिकल, ब्यूरोकेट के साथ-साथ दर्जनों क्षेत्रों को अपने अंदर समेट ली है।

वहीं कार्यशाला का सफल संचालन कर रहे अधिवक्ता मो। अब्दुल मोनिन ने कहा कि एक सफल कार्यशाला का आयोजन के लिए जितने संसाधनों की जरुरत पड़ती है, वे सभी आज शिक्षा के क्षेत्र में आते हैं। किशनगंज तालीम में नीचे से पहले पायदान पर खड़ा है जिसका मुख्य कारण शिक्षण संस्थाओं का अभाव और गरीबी है। इस अवसर सांसद मौलाना असरारुल हक काशमी, विधानपार्षद डा।दिलीप कुमार जायसवाल मुख्य रुप से मंच पर मौैजूद थे। इस दौरान डीएम फेराक अहमद और विधायक अख्तरुल ईमान भी कार्यशाला परिसर में पहुंचकर आयोजकों का हालचाल लिए।

Monday, January 4, 2010

घना कोहरा से तीन ट्रकों में टक्कर, एक चालक जख्मी

रविवार को किशनगंज-ठाकुरगंज पथ पर कोहरा के चलते तीन ट्रके टकरा गईं जिससे एक ट्रक का चालक जख्मी हो गया और आवागमन घंटो बाधित रहा । जानकारी के मुताबिक रविवार को कुट्टा से किशनगंत की ओर आ रही पाकुड़ चिप से लदी तथा ठाकुरगंज की ओर जा रही दोनों ट्रक में टकरा गई। इसी बीच पीछे-पीछे चल रही तीसरी ट्रक भी दुर्घटना की शिकार हो गई जिससे सड़क पर आवागमन बाधित हो गया। मौके पर दोनों ओर दर्जनों छोटे-ब़डे़ वाहन घंटों खड़े रहे । गौरतलब है कि इस दुर्घटना में एक ट्रक चालक बुरी तरह जख्मी हो गया है जिसे छत्तरगाछ पुलिस के प्रभारी ने इलाज हेतु स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया।

बरसती जल संरक्षित नहीं होने से घट रहा है पानी का स्तर

पृथ्वी पर जल का हिस्सा 71 प्रतिशत से अधिक है। यह आंकड़ा भले ही सही हो, लेकिन किशनगंज जिले में लगातार पृथ्वी के अन्दर जल का स्तर नीचे की तरफ जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा इस आशय की सूचना के बाद नरेगा और मुख्यमंत्री जिला विकास योजना से पृथ्वी के अन्दर जल स्तर को स्थिर रखने के लिए प्रयास शुरू कर दिया गया है। कोचाधामन प्रखंड क्षेत्र अन्तर्गत स्थित कैरीबीरपुर पंचायत में पंचायत समिति सदस्य श्रीमती गुलचमन मुजाहिद और समाजसेवी मास्टर मुजाहिद के पहल से नरेगा की राशि से एक जलाशय सह जल संरक्षण योजना नदी धार पर बनकर तैयार हो गयी है और दूसरे पर कार्य जारी है। वहीं मुख्यमंत्री जिला विकास योजना मद से छह स्थानों पर जलाशय सह जल संरक्षण योजना पर कार्य जारी है। यह जानकारी देते हुए आरएसडब्लूडी-टू के कार्यपालक अभियंता सच्चिदानंद पान्डेय ने बताया कि बरसाती पानी को संरक्षित करके सिंचाई और भूगर्भ जल के स्तर को स्थिर रखने के लिए गरगांव में 50 लाख, 37लाख व 27 लाख तथा बड़ीजान पंचायत के दुर्गापुर में 15 लाख रुपए से जलाशय सह जल संरक्षण के लिए बांध का निर्माण कार्य जारी है। उन्होंने एक सवाल पर जानकारी दी कि इससे पहले टेढ़ागाछ के भेलगुड़ी में पिपराघाट पर 12 लाख और पोठिया प्रखंड के मेचाबाड़ी स्थान पर 22 लाख की लागत से जलाशय सह बांध का निर्माण बरसाती पानी को संरक्षित रखने के लिये पूरा करा दिया गया है।

सांसद ने किया प्रधानमंत्री ग्राम सड़क का शिलान्यास

रविवार को प्रखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत नजरपुर के नरकली हाट पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत टी 05 से झाटीबाड़ी अनारकली 5.95 किमी एवं भट्टा हाट से झांटीबाड़ी से अनारकली 5.60 किमी तक का शिलान्यास कांग्रेसी सांसद मौलाना असरारूल हक काश्मी ने किया । वहीं बतौर मुख्य अतिथि स्थानीय राजद विधायक अख्तरूल ईमान , जिप अध्यक्ष फैयाज आलम उपस्थित थे। वहीं शिलान्यास समारोह से पहले विधायक श्री ईमान ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह सड़क क्षेत्र के लिए वरदान साबित होगा । इस मौके पर राजद के प्रखंड प्रतिनिधि शहजाद कौसर, प्रखंड अध्यक्ष मुजाहिद आलम, समिति सदस्य जियाउर्रहमान, सरपंच अब्दुल हक, मुन्ना, सादीक समदानी, इन्तखाब आलम उर्फ बबलू, मुखिया पिंटू चौधरी कोचाधामन मुखिया जफर असलम, पूर्व मुखिया आरीफ अनवर, पैक्स अध्यक्ष सोयब आलम,अब्दुस शमद समसी, कलाम, नासीर आलम , असफाक आलम, डा. नसीम अख्तर, नबेद आलम, अकमल आलम एवं सैकड़ों कार्यकत्र्ताओं सहित स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे ।

एक करोड़ चालीस लाख की लागत से बनेगा संपर्क पथ : गोपाल

चेंगा नदी पुल के दोनों ओर 1.40 करोड़ की लागत से संपर्क पथ बनेगा । यह जानकारी देते हुए विधायक गोपाल अग्रवाल ने रविवार को बताया कि इस की स्वीकृति पथ निर्माण मंत्री ने प्रदान कर दी है। गौरतलब है कि चेंगा नदी पुल सम्पर्क पथ से संबंधित खबर को दैनिक जागरण ने प्रमुखता से कई बार प्रकाशित कर जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया था । यहा बताते चलें कि चेंगा नदी पर पुल बन जाने के बावजूद सम्पर्क पथ के अभाव में लोग इस होकर आ -जा नहीं पा रहे है । उधर इस पथ के बन जाने से माटीगाड़ा , सिलीगुड़ी की दुरी काफी कम हो जायेगी । इससे आम लोगों के साथ-साथ व्यवसायियों को भी सहूलियतें होंगी । वहीं सड़के दोनों ओर लगे चायबागान के चलते इस पथ की उपयोगिता काफी बढ़ जायेगी । वर्षों से लंबित इस संपर्क पथ की स्वीकृति के लिए स्थानीय लोगों के साथ समस्त जिलेवासियों ने ठाकुरगंज के विधायक गोपाल अग्रवाल को साधुवाद दिया है ।

धरना प्रदर्शन की तैयारी को ले शिक्षक संघ की बैठक

प्राथमिक शिक्षक संघ अंचल बहादुरगंज के पदाधिकारियों व कार्यकारिणी की बैठक शनिवार को स्थानीय बीआरसी भवन में हुई। जिसकी अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष दबिर आलम ने किया। बैठक में सर्वप्रथम आगामी नौ जनवरी को जिला प्रा. शिक्षक संघ के आह्वान पर समाहरणालय के समक्ष आयोजित धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने पर विचार विमर्श हुआ। इससे पहले संघ के पदाधिकारियों ने सात सूत्री मांगों को बैठक में रखकर सदस्यों की सहमति प्राप्त की जिसमें कोटिवार वरीयता सूची के प्रकाशन के साथ प्रकरण वेतनमान एवं स्नातक प्रशिक्षित व प्रधानाध्यापक पद पर प्रोन्नति आवश्यकता आधारित वर्ग कक्ष आवंटन की विसंगति में सुधार, छात्र शिक्षक अनुपात में नियोजित शिक्षकों का सामंजस्य , मूल कोटि के शिक्षकों को एच्छिक स्थानांतरण, गैर शैक्षणिक कार्यो से मुक्ति आदि के मुद्दे शामिल हैं। बैठक में मुख्य रूप से अंचल सचिव मकसूद आलम, अकील आजम, प्रफुल्लचंद्र सिन्हा, अबुल कासिंग, मो. नईमउद्दीन सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।

मोटरसाइकिल काफिले के साथ जदयू नेता ने किया क्षेत्र में जनसंपर्क

नये साल के दूसरे दिन शनिवार को जदयू नेता सह जिप के पूर्व उपाध्यक्ष शकील अख्तर राही ने सैकड़ों मोटरसाइकिलों के साथ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बहादुरगंज से लेकर टेढ़ागाछ तक का दौरा किया एवं चौक चौराहों पर मौजूद लोगों को नव वर्ष का तहेदिल से मुबारकवाद देते हुए शांति, भाईचारगी व स्वर्णिम भविष्य की कामना की । जदयू नेता श्री राही का काफिला दुनरियां हाट स्थित उनके आवास से चलकर कटहलबाड़ी, लोहागाड़ा, बहादुरगंज, भाटाबाड़ी, कुढ़ैली होकर टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र की तरफ कूच किया । काफिले में मुख्य रूप से अबुल हसनाथ, अब्दुल राशीद, परवेज मुशर्रफ, समिति सदस्य धृतलाल ठाकुर, अजय दास,सरपंच मो. सगीरउद्दीन, उपमुखिया वसीम अख्तर, समिति सदस्य अमल कुमार, शीबु राम, मरगुब, शमीम, अख्तर आलम सहित सैकड़ों लोग हैं ।

शिक्षण सामग्री के मद में 51 लाख रुपए का वितरण

मदरसों के बहुविध विकास हेतु मदरसों के मौलवियों का रचनात्मक सहयोग जरूरी। उनके रचानात्मक सहयोग के बिना मदरसों का न तो शैक्षणिक विकास संभव है और ना उनका भौतिक विकास। इन विचारों को वाणी दी है जिला पदाधिकारी फेराक अहमद ने। श्री अहमद दो जनवरी को अपने कार्यालय कक्ष में सर्व शिक्षा अभियान के तहत विद्यालय विकास अनुदान व शिक्षण अधिगम सामग्री मद से जिला के कुल 240 सरकारी मदरसों में पठन पाठन एवं खेलकूद सामग्री खरीदने के लिए मौलवियों को 15 हजार रुपये का कुछ मदरसों को 18 हजार रुपये का चेक देते समय उन्हें प्रेरित कर रहे थे । इससे पहले उन्होंने कुल 51 लाख रुपये बांटे। इस अवसर पर डीडीसी उमेश कुमार, एसडीओ रामेश्वर सिंह, डीआरडीए निदेशक व्यासमुनि प्रधान,डीएसई रविन्द्र शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजहरुद्दीन क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी प्रवीण कुमार व प्रारम्भिक शिक्षा के समन्वयक असीरुद्दीन भी मदरसा शिक्षकों के प्रधान मौलवियों के साथ मौजूद थे। इससे पहले जिलाधिकारी श्री फेराक ने बताया कि जिला में 49 ऐसे सरकारी मदरसे हैं जहां के छात्र छात्राओं की सुविधा के लिए 6-6 कमरे बनेंगे। वहीं 100 मदरसों में तीन तीन कमरे बनेंगे। उन्होंने मौलवियों से सहयोग की मांग की जिससे निर्माण कार्य में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनी रहे तथा निर्माण कार्य में अनावश्यक व्यवधान न हो। उन्होंने बताया कि मौलवियों का सहयोग मिला तो उन सभी 149 मदरसों में कमरों का निर्माण कार्य अगले 6 महीने में पूरा हो जायेगा जिससे उन मदरसों की चिर लंबित मांगे पूरी हो जायेगी।

विधायक अख्तरूल ने बच्चों के बीच किया साइकिल वितरण

दो जनवरी को उच्च विद्यालय बेलवा के प्रांगण में मुख्यमंत्री बालिका साइकिल योजना अंतर्गत 68 बालिकाओं के बीच स्थानीय विधायक अख्तरूल ईमान ने साइकिलों का वितरण करने के बाद विधायक कोष से निर्मित नये भवन का उद्घाटन किया । बाद में उन्होंने बेलवा, टेंगरमारी, डोंक नदी के ऊपर बन रहे पुलों का भी निरीक्षण किया और साफ किया कि अगर कार्य में किसी भी तरह की अनियमितताएं पायी गई तो बख्शा नहीं जायेगा। इस मौके पर जिन लोगों की उपस्थिति रही उनमें मुख्य रूप से प्रधानाध्यापक नजीर आलम, मो. जमाल, सरपंच प्रतिनिधि जफर आलम, बेलवा पैक्स अध्यक्ष जफीर अहमद, मो. समशेर, बेलवा सरपंच सफी आजम, श्याम प्रसाद, हरेगा वद, प्रवेज के अलावे विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष ख्वाजा वजलूर रहमान, सचिव अब्दुल हक, पूर्व प्रमुख मो. मोहिउद्दीन, डा. सोहेल, हसनैन, मोमीन, अनवर आलम, अमीन साहब, मीन लड्डन, संजय आलम सहित अन्य गणमान्य लोग । इस अवसर पर साइकिल योजना से लाभान्वित सहनाज, रुबि, हेना, निलम, किरण, खुशबु, दिलनशी ने कहा कि मुख्यमंत्री साइकिल योजना छात्राओं की शिक्षा में मील का पत्थर सिद्ध होगा। आधुनिक समाज व सबसे बढ़कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जिस प्रकार से बालिका शिक्षा और नारी के सम्मान को लेकर कटिबद्ध हैं, इससे पहले का समाज व मुख्यमंत्री इतने ही कटिबद्ध होते तो आज किशनगंज में अक्षर आंचल योजना महिलाओं को साक्षर बनाने के लिए नहीं चलानी पड़ती।